×

कोतवाली में महिला हेल्पडेस्क: मिशन शक्ति नारी सुरक्षा शुरू, अब बदलेंगे हालात

मुख्य सचिव उप्र. शासन आर.के. तिवारी के मुख्य आतिथ्य में मिशन शक्ति अभियान का विधिवत शुभारम्भ हुआ। उन्होने कार्यक्रम का शुभारम्भ करते हुये कहा कि बुन्देलखण्ड वीरांगनाओं की धरती है। झांसी की रानी वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई ने अपने अदम्य साहस और शौर्य से अंग्रेजों का सामना किया, यहां की हर बच्ची माँ दुर्गा, माँ लक्ष्मी के समान है।

Monika
Published on: 17 Oct 2020 4:33 PM GMT
कोतवाली में महिला हेल्पडेस्क: मिशन शक्ति नारी सुरक्षा शुरू, अब बदलेंगे हालात
X

झाँसी। मुख्य सचिव उप्र. शासन आर.के. तिवारी के मुख्य आतिथ्य में मिशन शक्ति अभियान का विधिवत शुभारम्भ हुआ। उन्होने कार्यक्रम का शुभारम्भ करते हुये कहा कि बुन्देलखण्ड वीरांगनाओं की धरती है। झांसी की रानी वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई ने अपने अदम्य साहस और शौर्य से अंग्रेजों का सामना किया, यहां की हर बच्ची माँ दुर्गा, माँ लक्ष्मी के समान है। मुख्यमंत्री ने नारी सुरक्षा, नारी सम्मान व नारी स्वावलम्बन के बारे में विशेष अभियान इस नवरात्रि से अगली नवरात्रि तक चलाये जाने के निर्देश दिये है, झांसी में कार्यक्रम के भव्य आयोजन पर सभी को शुभकामनायें दी।

नारी का सम्मान पुरुषों से ऊँचा

मुख्य सचिव ने कहा कि हमारी संस्कृति में नारी का सम्मान पुरुषों से ऊँचा है, जहां नारी का सम्मान होता है, वहां देवता वास करते हैं। उस समय भारत सोने की चिड़िया कहलाता था। उन्होने कहा कि नारी ने जब हाथ उठाया तो दुष्टों का नाश हुआ। त्रेतायुग में माता सीता का हरण नही होता तो दुष्ट व ज्ञानी रावण का अंत नही होता, द्रोपदी का चीरहरण नही होता तो महाभारत नही होता। उन्होने कहा कि यदि हम नारी का सम्मान नही करेंगे तो हमारा विनाश निश्चित है। उन्होने कहा कि घर में लड़कों के पैदा होने पर खुशी मनायी जाती है और बच्चियों के जन्म पर मायूस होते हैं। हमें बच्चियों के प्रति यह दृष्टिकोण बदलना होगा। आज ऐसा कौन सा क्षेत्र है, जहां नारियों ने कदम नहीं रखे है, हर क्षेत्र में उनकी पहुंच हुई है। नारी को सम्मान तभी मिलेगा, जब वह स्वावलम्बी होगी। आर्थिक रुप से जब नारी सशक्त होगी तो उसको सम्मान जरुर मिलेगा। उन्होने बताया कि अब तो उच्चतम न्यायालय ने भी समस्त सम्पत्तियों पर लड़की का हक लड़कों के बराबर कर दिया है।

शक्ति अभियान का

झांसी में महिलाओं पर अत्याचार को रोकेंगे

कार्यक्रम के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि मिशन शक्ति के शुभारम्भ पर हम सभी यह संकल्प लें कि झांसी में महिलाओं पर होने वाले अत्याचार को रोकेंगे। मिशन शक्ति नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी स्वावलम्बन पर बोलते हुये कहा कि नारी तुम केवल श्रद्वा हो। उन्होने कहा कि बुन्देलखण्ड से मेरा पुराना नाता है। मैं महोबा का रहने वाला हूं तथा झाँसी व ललितपुर में शिक्षा ग्रहण की है। झांसी वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की कर्मभूमि पावन भूमि को नमन करते हुये मिशन शक्ति का शुभारम्भ एक गौरान्वित क्षण है।

नवरात्र की शुभकामनायें

मिशन शक्ति कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुये सांसद झांसी-ललितपुर अनुराग शर्मा ने समस्त उपस्थित जनों को नवरात्र की शुभकामनायें देते हुये माँ पीताम्बरा माई व माँ बगुलामुखी का आशीर्वाद समस्त बुन्देलखण्ड वासियों पर रहे, यह कामना की। उन्होने कहा कि बुन्देलखण्ड में नारी शक्ति हमेशा से रही है। वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई सहित माँ पीताम्बरा माई व माँ बगुलामुखी का भी इस धरती पर वास रहा है। उन्होने बताया कि हमारे घर में भी नारी शक्ति का वास है, घर में मेरी माँ, पत्नी तथा दो बेटियाँ है।

लक्ष्मीबाई ने अंग्रेजों से लड़ाई की शुरुआत

विधायक सदर रवि शर्मा ने कहा कि झांसी की रानी वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई ने अंग्रेजों से लड़ाई की शुरुआत की तभी हमारा देश आजाद हुआ। उन्होने कहा कि नारी शक्ति की बात करते है तो बराबरी का दर्जा भी होना चाहिये, आने वाले समय में लोग जागरुक हुये हैं। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री जी का संकल्प है कि उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनायेंगे, उद्यमी आयेंगे तो विकास के अवसर बढेंगे। मुख्यमंत्री ने बुन्देलखण्ड को अनेकों सौगात दी है। आज बुन्देलखण्ड की दशा और दिशा सुधरी है और प्रगति की ओर अग्रसर है। उन्होने कहा कि प्रदेश की बदलती भूमिका में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।

शक्ति अभियान

अपराधियों को सजा दिलाना पहली प्राथमिकता : आईजी

आईजी सुभाष सिंह बघेल ने मण्डल में महिलाओं के साथ हुये अपराधों में की गयी कार्यवाही की जानकारी देते हुये कहा कि अपराधियों को सजा दिलाना उन्हें अंजाम तक ले जाना प्राथमिकता है। साथ ही अपराध रोकना और उनका अनुश्रवण करना भी महत्वपूर्ण है जिस कारण महिलाओं पर होने वाले अत्याचारों को रोका जा सकता है।

महिला की सुरक्षा के लिये कानून

मिशन शक्ति कार्यक्रम के शुभारम्भ पर जिलाधिकारी आन्द्रा वामसी ने अतिथियों का स्वागत करते हुये कहा कि समाज में महिला की सुरक्षा के लिये कानून बने है, महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों को शून्य करने के लिये आयोजना करना होगा, वंचित लोगों के जीवन को सुरक्षित रखने के लिये घर-घर लोगों को जागरुक करना है। महिलाओं को कानून की जानकारी देने के लिये भी उन्हें जागरुक करना है। साथ ही वह जहां रहती है या काम करती है यदि कोई कठिनाई आ रही है तो उसे दूर करना होगा। कुरीतियों को समाज से कैसे बाहर किया जाये इस पर मिलजुल कर काम शुरु करना होगा।

35 करोड़ की लागत से फोरेसिंग लैब का हुआ निर्माण: डीएम

जिलाधिकारी ने पावर प्वांइट प्रेजेन्टेशन के माध्यम से पास्को एक्ट की जानकारी दी। उन्होने बालिकाओं-महिलाओं से आव्हान किया कि अपने साथ होने वाली छेड़खानी की जानकारी निसंकोंच दें, आपकी पहचान गुप्त रखी जायेगी। बच्चों के खिलाफ जो उत्पीड़न हो रहा है उसे पास्को एक्ट से कैसे रोका जा सकता है, के सम्बन्ध में जानकारी दी। जनपद में 35 करोड़ की लागत से फोरेसिंक लैब का निर्माण हो गया है जल्द उद्घाटन होगा। जिससे अपराधियों पर कार्यवाही त्वरित हो सकेगी, की जानकारी भी दी। उन्होने कहा कि एक साथ संगठित होकर सामाजिक परिवर्तन लाना जरुरी है।

शक्ति अभियान

27 अभियोगों में पास्को एक्ट में हो चुकी हैं सजा: एसएसपी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी ने पावर प्वांइट प्रेजेन्टेशन के माध्यम से मिशन शक्ति के अन्तर्गत पुलिस दृष्टिकोण की जानकारी दी। उन्होने शक्ति परी, परिवार परामर्श, आपरेशन मुस्कान, महिला सशक्तिकरण, महिला हैल्पडेस्क की बिन्दुवार जानकारी दी। उन्होने बताया कि विगत वर्षो में 27 अभियोगों में पास्को एक्ट अन्तर्गत सजा करायी जा चुकी है। उन्होने बताया कि महिला सम्मान हेतु जागरुकता अभियान, साइबर एवं लौगिक, अपराध जागरुकता की जानकारी देते हुये कहा कि हैल्पलाइन 1090, 181, 1076, 112, 1098, 102 तथा 108 के बारे में बिन्दुवार बताया और बच्चियों तथा महिलाओं को निसंकोंच इन हैल्पलाइन नम्बरों पर जानकारी देने को कहा। मिशन शक्ति कार्यक्रम में एमएलसी श्रीमती रमा निरंजन ने भी अपने उद्गार व्यक्त किये।

महिला शक्ति मोबाइल वैन का फ्लैग आफ

मिशन शक्ति कार्यक्रम के शुभारम्भ के पूर्व सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा उपलब्ध एलईडी वैन सहित एन्टीरोमियो स्क्वायड तथा महिला शक्ति मोबाइल वैन का फ्लैग आफ किया गया। समस्त एलईडी वैन ग्रामीण क्षेत्र में नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी स्वावलम्बन के लिये जागरुक करेगी। मिशन शकित की जागरुकता हेतु रंग-बिरंगे गुब्बारें उड़ाये गये। पं. दीनदयाल उपाध्याय सभागार में माँ दुर्गा, माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण किया और दीप प्रज्जवलित करते हुये मिशन शक्ति कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। इस कार्यक्रम में पधारे समस्त अधिकारियों, महिलाओं व बच्चियों के प्रति आभार मण्डलायुक्त सुभाष चन्द्र शर्मा ने किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ नीति शास्त्री ने किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्कूलों की छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये।

कोतवाली पहुंचे मुख्य सचिव, देखी महिला हैल्पडेस्क

कार्यक्रम के उपरान्त मुख्य सचिव, सांसद थाना कोतवाली पहुंचे। वहां उन्होने थाना कोतवाली का निरीक्षण करते हुये महिला हैल्पडेस्क को देखा और मिशन शक्ति नारी सुरक्षा, नारी सम्मान का लोगो का अनावरण करते हुये निर्देश दिये कि महिलाओ के होने वाले अपराधों पर प्रभावी व त्वरित कार्यवाही करें। वहां उन्होने कोतवाली परिसर में स्थापित पं. दीनदयाल अन्त्योदय योजना, एनआरएलएम, उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ग्राम्य विकास विभाग उप्र., तुलसी महिला स्वयं सहायता समूह प्रेरणा कैन्टीन का फीता काटकर उद्घाटन किया और महिलाओं से उनके उत्पादों की जानकारी ली।

ये भी पढ़ें- LAC पर हाई अलर्ट: बड़ी संख्या में तैनात चीनी सैनिक, भारत के लिए गंभीर सुरक्षा चुनौती

उन्होने समूह की महिलाओं से कहा कि आप स्वावलम्बी बने और अन्य महिलाओं को स्वावलम्बी बनने के लिये प्रेरित करें। महिलाओं से बात करते हुये मुख्य सचिव ने कोविड-19 के बचाव के उपायों की जानकारी ली और उन्होने महिलाओं से पूछा कि आप लोगों को आने जाने के दौरान कोई अभद्रता या छेड़खानी होती है यदि ऐसा हो तो तत्काल हेल्पलाइन में निसंकोंच शिकायत दर्ज कराये। इस मौके पर जनपद नोडल अधिकारी श्रीमती मिनिस्ती एस महानिरीक्षक स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन उ0प्र0 शासन, सीडीओ शैलेष कुमार, एसपी सिटी विवेक त्रिपाठी, एसपी ग्रामीण राहुल मिठास, पीडीडीआरए, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला प्रोवेशन अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित एनसीसी, एनएसएस, सिविल डिफेंस, एनजीओ, अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

बी.के कुशवाहा

ये भी पढ़ें- मरेगी चीनी सेना: भारत लाया ये खतरनाक हथियार, अब युद्ध को तैयार हमारी सेना

देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story