×

Kushinagar News: नगर निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद के आरक्षित होने से ‘कहीं खुशी, कहीं गम’

Kushinagar News: पहले से मैदान में उतरने को तैयार संभावित प्रत्याशी, जिनका क्षेत्र आरक्षित में बदल गया है और वह उस दायरे में नहीं आ रहे हैं, काफी मायूस हो गए हैं। ये प्रत्याशी 6 माह पूर्व से ही पोस्टर, बैनर लगाकर खूब प्रचार कर रहे थे।

Mohan Suryavanshi
Published on: 31 March 2023 5:45 PM GMT
Kushinagar News: नगर निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद के आरक्षित होने से ‘कहीं खुशी, कहीं गम’
X

Kushinagar News: जनपद में नगर पालिका और नगर पंचायतों के अध्यक्ष पदों का आरक्षण घोषित होते ही ‘कहीं खुशी, कहीं गम’ का माहौल देखा गया। पहले से मैदान में उतरने को तैयार संभावित प्रत्याशी, जिनका क्षेत्र आरक्षित में बदल गया है और वह उस दायरे में नहीं आ रहे हैं, काफी मायूस हो गए हैं। ये प्रत्याशी 6 माह पूर्व से ही पोस्टर, बैनर लगाकर खूब प्रचार कर रहे थे। कई अध्यक्ष पद के प्रत्याशी तो तमाम सामाजिक कार्यों में लाखों रुपए खर्च कर चुके थे। अब उनकी सीट आरक्षित या अनारक्षित रहने से वो अपनी स्थिति के अनुरूप नए समीकरण की तलाश में जुट गए हैं। जो संभावित प्रत्याशी चुनाव मैदान में पहले से उतरे थे, उनकी सीट आ गई है तो वह खुशियां मना रहे हैं और प्रचार में जुट गए हैं।

ये हैं तीन नगरपालिका और 10 नगर पंचायतों की आरक्षित व अनारक्षित सीटें

कुशीनगर जनपद में तीन नगरपालिका और 10 नगर पंचायतें हैं। घोषित अध्यक्ष पद के आरक्षण के अनुसार कुशीनगर की नगरपालिका परिषद महिला पिछड़ा वर्ग, हाटा नगरपालिका परिषद पिछड़ा वर्ग तथा पडरौना नग पालिका परिषद अनारक्षित है। इसी प्रकार नगर पंचायतों का भी आरक्षण घोषित हुआ है। जनपद के रामकोला नगर पंचायत के अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति के महिला के लिए आरक्षित है। इसी प्रकार मथौली नगर पंचायत पिछड़ा वर्ग, खड्डा नगर पंचायत पिछड़ा वर्ग महिला, छितौनी नगर पंचायत अनारक्षित, नगर पंचायत तमकुही राज अनारक्षित, सुकरौली नगर पंचायत पिछड़ा वर्ग, कप्तान नगर पंचायत महिला और सेवरही नगर पंचायत महिला के लिए आरक्षित किया गया है। इन सभी नगरपालिका परिषद और नगर पंचायतों में भावी उम्मीदवार 6 माह पूर्व से ही अपनी दावेदारी कर खूब प्रचार-प्रसार कर रहे थे। जिन भावी उम्मीदवारों की सीटें बदल गई हैं, वह काफी मायूस हो गए हैं।

जनपद में पहली बार 5 नवगठित नगर पंचायतों में होगा चुनाव

कुशीनगर जनपद में योगी सरकार ने 5 नई नगर पंचायतें बनाई हैं। जिसमें फाजिलनगर, छितौनी,मथौली, सुकरौली और दुदही हैं। ये पांचो पहले ग्राम पंचायतें थीं। इनके साथ कई गांव को जोड़कर नई नगर पंचायत बनी है। नगर पंचायतों के वार्डों का गठन भी हुआ है। जो स्थानीय नामों और महापुरुषों के नाम पर रखा गया है। पहली बार यहां के लोग नगर पंचायत अध्यक्ष और सभासद के लिए वोट करेंगे।

रामकोला नगर पंचायत का हुआ है विस्तारीकरण

जनपद के रामकोला आदर्श नगर पंचायत को योगी सरकार ने विस्तारित कर दिया। इस नगर पंचायत में 17 नए गांव को सम्मिलित किया गया है। आदर्श नगर पंचायत रामकोला की सीमा विस्तार से इसका क्षेत्रफल बहुत बड़ा हो गया है। विस्तारीकरण के बाद रामकोला नगर पंचायत को 21 वार्डों में बांटा गया है।

निकाय चुनाव में कोई सीट अनुसूचित जनजातियों के लिए नहीं है आरक्षित

कुशीनगर जनपद में कुल 13 निकायों में चुनाव होना है। निकायों में अध्यक्ष पदों के लिए आरक्षण जारी हो गया है, जिसमें अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग और महिलाओं को स्थान तो मिला है। लेकिन अनुसूचित जनजाति को एक भी सीट जनपद में नहीं मिली है। जबकि इस जनपद में अनुसूचित जनजाति के अंतर्गत आने वाली गोंड जाति की काफी तादात है।

Mohan Suryavanshi

Mohan Suryavanshi

Next Story