Lucknow Weather Today: मौसम में बदलाव के आसार, लखनऊ में हो सकती है बारिश...जानिए कैसा रहेगा आज का हाल

Lucknow Ka Mausam 16 March 2023: राजधानी लखनऊ में मौसम फिर बदल रहा है। बादलों की आवाजाही के बीच बारिश के आसार भी नजर आ रहे हैं।

Aman Kumar Singh
Published on: 16 March 2023 9:19 AM GMT (Updated on: 15 March 2023 11:27 PM GMT)
Lucknow Weather Today: मौसम में बदलाव के आसार, लखनऊ में हो सकती है बारिश...जानिए कैसा रहेगा आज का हाल
X
प्रतीकात्मक चित्र (Social Media)

Lucknow Ka Mausam 16 March 2023: उत्तर प्रदेश में जल्द मौसम फिर करवट ले सकता है। मौसम विभाग ने प्रदेश की राजधानी लखनऊ, बुंदेलखंड (Bundelkhand Weather) सहित कई इलाकों में बादल छाए रहने और बारिश की संभावना जताई है। कई हिस्से में तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान भी है। मौसम में ये बदलाव पश्चिमी विक्षोभ (western disturbance) के कारण हो रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार (16 मार्च) को लखनऊ का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री के करीब रहने का अनुमान है।

आंचलिक मौसम विभाग की मानें तो गुरुवार सुबह की शुरुआत शुष्क मौसम से होगी। आसमान में बादलों की आवाजाही लगी रहेगी। दिन में खिली धूप लोगों की परेशानी बढ़ाएगी। वहीं, 11 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ़्तार से चलने वाली हवाएं राहत भी देगी। विभागीय जानकारी के अनुसार, अगले 4-5 दिनों में आसमान में बादलों का असर दिखेगा। इस वजह से लोगों को तापमान में कमी का अहसास होगा।

लखनऊ में हो सकती है बारिश, गिरेगा तापमान

राजधानी लखनऊ में बुधवार को सुबह से ही तेज धूप का असर देखने को मिला। दिन में धूप और उमस जैसी स्थिति रही। बुधवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। हवाओं का असर कम होने की वजह से लखनऊ में प्रदूषण के स्तर में वृद्धि हुई है। हालांकि, गुरुवार को शहर के अधिकतम तापमान में कमी रहेगी। लेकिन, न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस का इजाफा हो सकता है। गुरुवार से शनिवार तक बादलों के असर और हल्की बारिश के कारण तापमान में कमी आएगी। राजधानी लखनऊ में सोमवार 20 मार्च को बारिश का अनुमान व्यक्त किया गया है। इसके बाद एक बार फिर मौसम गर्म होने लगेगा।

16 से 18 मार्च के लिए अलर्ट

वहीं, मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि आने वाले दिनों में मौसम में तेजी से बदलाव होगा। पूर्वांचल जिलों के लिए 16 से 18 मार्च तक अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान आंधी, बारिश और ओला गिरने की संभावना जताई गई है। दिन के तापमान की बात करें तो अगले 48 घंटों में दिन का पारा गिरेगा, लेकिन रात का तापमान बढ़ेगा।

पहाड़ों पर बर्फ़बारी का भी असर

मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में बताया कि, पूर्वी उत्तर प्रदेश से लेकर पश्चिम यूपी के कई हिस्सों में जल्द बारिश देखने को मिल सकती है। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी का असर भी रात के तापमान को अधिक बढ़ने नहीं दे रहा। हालांकि, लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विभाग ने पहले ही कहा है कि, प्रदेश में मार्च के अंत तक लोगों को लू और कड़ी धूप का सामना करना पड़ सकता है। इसके लिए आपदा और राहत विभाग की ओर से तैयारियों को पूरा कराया जा रहा है।
गेहूं को पहुंच सकता है नुकसान

अनुमान के मुताबिक अगर बारिश होती है तो गेहूं की फसल को नुकसान पहुंच सकता है। हालांकि, मटर और चना का फसल कटकर घर तक पहुंच चुका है। गेहूं सहित अन्य फसलें अभी पककर तैयार होने को हैं। ऐसे में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि इन फसलों को बड़ी क्षति पहुंचा सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि पकी फसलों की कटाई या मड़ाई कर लें। गेहूं की फसल लगभग पकाव पर है। आंधी-बारिश से फसल गिरने की भी आशंका है।

Aman Kumar Singh

Aman Kumar Singh

Next Story