×

Lucknow Weather Today: सितम ढाती गर्मी से राहत ! लखनऊ में आज बादलों की आवाजाही, कई जिलों में बारिश-बिजली की चेतावनी

Lucknow Ka Mausam 20 April 2023: पश्चिमी विक्षोभ का असर वेस्ट यूपी के कई जिलों में दिखने लगा है। कई जिलों में गुरुवार को भी झमाझम बारिश होगी। लखनऊ में भी पारा मामूली रूप से नीचे आएगा।

Aman Kumar Singh
Published on: 20 April 2023 5:00 AM GMT
Lucknow Weather Today: सितम ढाती गर्मी से राहत ! लखनऊ में आज बादलों की आवाजाही, कई जिलों में बारिश-बिजली की चेतावनी
X
Lucknow Weather Today 20 April 2023 (Social Media)

Lucknow Ka Mausam 20 April 2023: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के अन्य जिलों में लू और गर्मी से हाल बेहाल है। शहरवासियों को अभी से मई-जून वाली झुलसाने वाली गर्मी का अहसास हो रहा है। दोपहर के वक़्त मानो आसमान से आग बरस रहा हो, ऐसा एहसास होता है। गर्म हवाओं की लपट परेशान कर रही। बुधवार को तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। लेकिन, ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं है लखनऊ मौसम केंद्र के अनुसार गुरुवार और शुक्रवार को बूंदाबांदी से राहत की उम्मीद है।

राजधानी लखनऊ में दिन के साथ रात में भी तापमान ऊपर जाने लगा है। गर्मी सताने लगी है। घरों में कूलर-एसी चलने लगे हैं। राजधानी में रात का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। लखनऊ मौसम केंद्र के अनुसार, गुरुवार (20 अप्रैल) को लखनऊ का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। बीते दिनों की तुलना में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी रह सकती है।

झुलसाने वाली गर्मी से थोड़ी राहत

मौसम विभाग के अनुसार, 18 अप्रैल की देर रात से प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ (western disturbance) सक्रिय हो चुका है। जिस वजह से वेस्ट यूपी के कई जिलों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। वर्षा के दौरान तेज हवाएं चल सकती हैं। राजधानी लखनऊ में शुष्क मौसम के साथ गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी है। मौसम विभाग लू चलने की संभावनाएं पहले ही जाता चुका है। लखनऊ मौसम केंद्र के वैज्ञानिक मो. दानिश ने बताया कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से पश्चिमी यूपी में बुधवार से ही बारिश का दौर शुरू हो चुका है। यहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी।

प्रयागराज-हमीरपुर-झांसी सबसे ज्यादा गर्म

मौसम विभाग का कहना है कि प्रयागराज में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। वाराणसी, गोरखपुर, हमीरपुर, झांसी और आगरा में भी कमोबेश यही हालात हैं। इन जिलों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह रहा है। इसी तरह कानपुर, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या आदि जिलों में तापमान करीब-करीब एक जैसा ही रह रहा है। प्रदेश के सभी जिलों में दिन के साथ रात के तापमान में वृद्धि दर्ज की जा रही है।

आज आसमान में दिखेंगे बादल

भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) के अनुसार, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र (Western Himalayan Region) में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखाई दे रहा है। उत्तराखंड सहित देश के उत्तर-पश्चिमी इलाकों में बारिश का अनुमान है। यहां तक कि उत्तराखंड में तो ओले पड़ने का भी अनुमान जाहिर किया गया है। दिल्ली से सटे यूपी के जिलों में गुरुवार को आसमान में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। इस हफ्ते के बाद गर्मी और बढ़ने की संभावना है।

Aman Kumar Singh

Aman Kumar Singh

Next Story