×

Lucknow Firing: लखनऊ कोर्ट में बहस के बीच गैगस्टर संजीव जीवा को गोलियों से भूना, बच्ची समेत दो सिपाही घायल

Lucknow Firing in Court: लखनऊ के कोर्ट में एक कुख्यात अपराधी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसमें दो पुलिस वालों सहित एक बच्ची घायल हो गई है।

Snigdha Singh
Published on: 7 Jun 2023 4:22 PM GMT (Updated on: 8 Jun 2023 4:46 AM GMT)
Lucknow Firing: लखनऊ कोर्ट में बहस के बीच गैगस्टर संजीव जीवा को गोलियों से भूना, बच्ची समेत दो सिपाही घायल
X
Sanjeev Jeeva File Photo (Image: Social Media)

Lucknow News: लखनऊ कोर्ट में कुख्यात संजीव माहेश्वरी उर्फ जीवा को गोली मार कर हत्या कर दी गई। कोर्ट परिसर में हत्यारे वकील बनकर आए थे। बुधवार को संजीव माहेश्वरी को पेशी पर लाया गया और बहस के बीच गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसमें दो सिपाही समेत एक बच्ची घायल हो गए। पश्चिमी यूपी का कुख्यात अपराधी संजीव माहेश्वरी उर्फ जीवा फिलहाल लखनऊ जेल की हाई सिक्योरिटी बैरक में बंद था।

जानकारी के अनुसार बुधवार को पश्चिम उत्तर प्रदेश के कुख्यात संजीव जीवा को पेशी पर लाया गया था। कोर्ट के अंदर बहस चल रही थी। इसी दौरान हत्यारे वकील के वेशभूषा में आए और गोलियों की बौछार कर दी। जीवा की अभिरक्षा में आए दो सिपाहियों को भी गोली लग गई। एक सिपाही का नाम लाल मोहम्मद बताया जा रहा है। गोली चलते ही कोर्ट में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस की मौजूदगी में न्यायालय में इस तरह की घटना कानून व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर रही है। कुख्यात संजीव जीवा को मुख्तार अंसारी का करीबी बताया जाता है। कृष्णानंद, विधायक बृह्मदत्त समेत कई हत्याओं में इसका नाम आ चुका है। कोर्ट के अंदर आठ राउंड से अधिक गोलियां चली। घटना के दौरान जज, वकील और पुलिस कर्मियों समेत कई लोग मौजूद थे।

बच्ची का इलाज जारी

गोलीबारी में घायल बच्ची का इलाज आईसीयू में चल रहा है। बच्ची की हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं, एक हत्यारे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट परिसर में अधिवक्ताओं के बीच भारी आक्रोश है। मीडिया कर्मियों से मारपीट भी की। वकीलों का कहना है कि कोर्ट परिसर में कोई सुरक्षा ही नहीं है। चलती बहस में कुख्यात अपराधी मार दिया गया। वकीलों को सुरक्षा पर बड़ा सवाल है।

पत्नी ने जताई थी हत्या की आशंका

संजीव उर्फ जीवा की पत्नी पायल महेश्वरी ने कुछ दिन पहले ही हत्या की आशंका जताई थी। मालूम हो कि भाजपा विधायक ब्रह्मदत्त द्विवेदी की हत्या समेत कई मामलों में लखनऊ जेल में बंद था। संजीव जीवा की पत्नी और रालोद नेता पायल माहेश्वरी ने चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया से अपने पति की सुरक्षा की गुहार लगाई थी। पायल का कहना है कि पेशी के दौरान षड्यंत्र के तहत उनके पति की हत्या कराई जा सकती है। पति की सुरक्षा के लिए सीजेआई से उच्चाधिकारियों को निर्देशित करने का अनुरोध किया था। कुख्यात की पत्नी पायल 2017 में रालोद के टिकट पर विधानसभा का चुनाव लड़ चुकी है।

कौन है संजीव जीवा

संजीव माहेश्वरी उर्फ जीवा पश्चिमी उत्तर प्रदेश का कुख्यात अपराधी था। सन 1995 में अपराध की दुनिया में कई बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया। उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, लूट, डकैती, अपहरण, गैंगस्टर जैसी संगीन धाराओं में दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। माफिया मुख्तार अंसारी का करीबी है। कोलकाता में एक कारोबारी के बेटे का अपहरण कर दो करोड़ की फिरौती से लेकर पूर्वांचल की कई बाहुबलियों को हत्या में नाम आ चुका है। हाल ही में प्रशासन द्वारा उसकी संपत्ति भी कुर्क की गई।

Snigdha Singh

Snigdha Singh

Next Story