×

Lucknow News: हिमाचल की छात्राओं ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से की मुलाकात, पूछे कई सवाल

Lucknow News: छात्राओं ने सतीश महाना से विधायिका की भूमिका, इसके महत्व, इतिहास और सदन की कार्यवाही के बारे में कई सवाल किए।

Newstrack
Published on: 5 Aug 2023 7:02 PM GMT
Lucknow News: हिमाचल की छात्राओं ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से की मुलाकात, पूछे कई सवाल
X

Lucknow News: हिमाचल प्रदेश के विभिन्न स्कूलों की छात्राओं के एक दल ने शनिवार को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से मुलाकात की। इस दौरान छात्राओं ने सतीश महाना से विधायिका की भूमिका, इसके महत्व, इतिहास और सदन की कार्यवाही के बारे में कई सवाल किए। विधानसभा अध्यक्ष ने हर सवाल का जवाब देकर उन्हे विधायिका की भूमिका के बारे में बताया। विधानसभा परिसर के भ्रमण के बाद छात्राओं ने कहा कि यूपी के 20 से अधिक स्थानों के दौरे में सबसे अधिक खुशी उन्हे यूपी विधानसभा को देखकर हो रही है। उन्होंने कहा कि हमें इस बात की उम्मीद नहीं थी कि यूपी विधानसभा इतनी खूबसूरत होगी।

सफलता के लिए संयम, धैर्य और जनविश्वास बेहद जरूरी-

केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के संसदीय क्षेत्र हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर के विभिन्न स्कूलों से यूपी दौरे पर आए 21 छात्राओं सहित 28 सदस्यीय दल ने जब विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से मुलाकात की तो उन्होंने सवाल किया कि आपके बारे में बहुत कुछ सुन रखा है। हम जानना चाहते हैं एक अच्छे व्यक्तित्व के निर्माण के लिए किस बात की जरूरत होती है। इस पर सतीश महाना ने उन्हें बताया कि सफलता के लिए संयम, धैर्य और जनविश्वास बेहद जरूरी होता है। विधायिका के क्षेत्र में भी जनता एक विधायक को चुनकर इसलिए भेजती है कि उसका अपने विधायक पर विश्वास होता है। इसलिए उस विधायक की भी उसके प्रति जवाबदेही होना स्वाभाविक है।

जो आम लोगों का दर्द महसूस कर सकते हैं-

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि यू0पी0 की विधानसभा देश की सबसे बड़ी विधानसभा है। हमारी विधानसभा में 403 सदस्य हैं। जनसंख्या की दृष्टि से यूपी यदि एक देश होता तो विश्व के पाँचवें सबसे बडे देश के रूप में देखा जाता है। उन्होंने कहा कि पहले राजनीतिक लोगों के प्रति धारणा आम तौर पर अच्छी नहीं रहती है। परन्तु यह बात पूरी तरह सत्य नहीं है। उन्होंने कहा कि विधानसभा सदस्य वे होते हैं जिन्हे जनता की समस्याओं की चिन्ता होती है और जो आम लोगों का दर्द महसूस कर सकते हैं। यूपी विधानसभा में एक से एक पढे़ लिखे सदस्य हैं।

उन्होंने कहा कि 2014 के बाद देश की राजनीति में परिवर्तन देखने को मिल रहा है। सौभाग्य से आप सब उस राज्य के रहने वाले हैं। जहाँ की जनता अनुराग ठाकुर को चुनकर लोकसभा में भेजती है। इसी तरह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी न केवल भारतीय लोगांे के लिए बल्कि विदेशी देशों के लिए भी एक आइकन हैं। विश्व भर के नेता उनका अनुसरण कर रहे हैं।

सभी सदस्यों को अपनी बात कहने का अधिकार होता है-

सतीश महाना ने एक छात्रा के सवाल के जवाब में कहा कि संविधान के तीन स्तम्भ विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका हैं, जिसमें विधायिका का एक महत्वपूर्ण स्थान है। एक अन्य सवाल के जवाब मेें महाना ने कहा कि विधानसभा की कार्यवाही के दौरान सभी सदस्यों को अपनी बात कहने का अधिकार होता है। पर वो नियम के तहत ही अपनी बात सदन में रख सकते हैं। विधानभवन के इतिहास के बारे मेें पूछे गए एक सवाल पर विधानसभा अध्यक्ष ने छात्राओं के दल को बताया कि उ0प्र0 की विधानसभा 1922 में बननी शुरू हुई लोकसभा के बाद देश की सबसे बड़े लाइब्रेरियों में से एक है।

इसके पूर्व छात्राओं ने विधानसभा के गलियारे, डिजिटल वीथिका, विधानमंडप, टंडन हाल आदि का भ्रमण किया। इस मौके पर छात्राओं ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को हिमाचली टोपी, शाल और एक मोमेंटो भेंट किया।

Newstrack

Newstrack

Next Story