×

Lucknow Weather Today 15 June 2023: कब होगी लखनऊ में बारिश ? भट्टी की तरह गर्म हुआ पूरा शहर

Lucknow Weather Today 15 June 2023:: मौसम विभाग ने बताया कि, प्रदेश में अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। शनिवार के बाद मौसम परिवर्तन होगा।

Aman Kumar Singh
Published on: 15 Jun 2023 1:44 AM GMT (Updated on: 15 Jun 2023 2:58 PM GMT)
Lucknow Weather Today 15 June 2023: कब होगी लखनऊ में बारिश ? भट्टी की तरह गर्म हुआ पूरा शहर
X
Lucknow Weather Today 15 June 2023 (Social Media)

Lucknow Weather Today 15 June 2023:: यूपी की राजधानी लखनऊ (Lucknow Weather Today) में इन दिनों शरीर झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है। तपिश और उमस ने राजधानी वासियों का जीना मुहाल कर दिया है। सुबह 8 बजे के बाद से ही सूर्य की गर्मी काफी बढ़ जाती है। मौसम इतना गर्म है कि 10 बजे के बाद लोग घरों में कैद रहने को मजबूर हैं। दोपहर के समय वही घर से बाहर कदम रखते हैं जिन्हें बेहद जरूरी काम हो। प्रदेश के अधिकांश जिलों में भी कमोबेश यही हालात हैं।

मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में बताया कि, राजधानी लखनऊ गुरुवार (15 जून) को भी गर्म रहेगा। ये अलग बात है कि आसमान में बादलों की आवाजाही लगी रहेगी। लेकिन, गर्मी से फिलहाल राहत की कोई संभावना नहीं है। 15 जून को राजधानी का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान 40 या उससे अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग की मानें तो आगामी तीन दिन तक मौसम इसी तरह का बना रहेगा।

शनिवार से तापमान में गिरावट संभव

लखनऊ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र वरिष्ठ वैज्ञानिक मो. दानिश ने बताया कि, 'उत्तर प्रदेश में अगले तीन-चार दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक, सप्ताहांत यानी शनिवार से तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। विभाग का कहना है कि, अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में भी कोई बदलाव नहीं होने वाला है।' मौसम पूर्वानुमान में रविवार से छिटपुट बारिश की आशंका जाहिर की जा रही है।

पछुआ हवाएं शूल की तरह चुभ रही

राजधानी लखनऊ में दिन और रात दोनों ही समय के तापमान में वृद्धि दर्ज की जा रही है। गर्मी और उमस ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। दिन में 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही पछुआ हवाएं शूल की तरह चुभ रही है। सूरज की किरणें और गर्म हवा के झोंके लोगों पर दोहरा प्रहार कर रहे हैं।

झांसी भट्टी की तरह गर्म, कई जिलों में लू का प्रकोप

आंचलिक मौसम विभाग की जानकारी के अनुसार, झांसी सबसे गर्म जिला रह रहा है। झांसी में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। विभाग में बांदा, चित्रकूट, जौनपुर, वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र, प्रयागराज, कौशाम्बी सहित कई अन्य जिलों में लू चलने की आशंका जाहिर की है। प्रदेश के तराई क्षेत्र वाले जिलों में हल्की बारिश के भी संकेत हैं।

Aman Kumar Singh

Aman Kumar Singh

Next Story