×

Lucknow Weather Today 16 June 2023: नवाबी शहर को इस दिन से मिलेगी भीषण गर्मी से निजात, जानें मानसून कब देगा दस्तक?

Lucknow Weather Today 16 June 2023: मौसम विभाग का कहना है, 17 जून से प्रदेश में मौसमी बदलाव की मुख्य वजह चक्रवात बिपरजॉय (Cyclone Biparjoy) होगा। तूफान का असर 17 जून से लखनऊ सहित प्रदेश के अन्य जिलों में नजर आने लगेगा।

Aman Kumar Singh
Published on: 16 Jun 2023 2:07 AM GMT
Lucknow Weather Today 16 June 2023: नवाबी शहर को इस दिन से मिलेगी भीषण गर्मी से निजात, जानें मानसून कब देगा दस्तक?
X
Lucknow Weather Today 16 June 2023 (Social Media)

Lucknow Weather Today 16 June 2023: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। मौसम विभाग का कहना है अगले 4-5 दिनों तक न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं होने वाला है। लखनऊ वासियों के लिए राहत वाली खबर ये कि, आंचलिक मौसम केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, मानसून के राजधानी में प्रवेश की तारीख आ चुकी है। लखनऊ मौसम केंद्र के वैज्ञानिक मो. दानिश ने बताया कि, '19 जून से 21 जून के बीच मानसून प्रदेश के पूर्वी हिस्से सहित अन्य इलाकों में प्रवेश कर सकता है।

यूपी सहित देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है। चिलचिलाती धूप और गर्म पछुआ हवाएं लोगों के सामने कई मुश्किलें खड़ी कर रहा है। वहीं दूसरी तरफ, भीषण चक्रवात बिपरजॉय (Cyclone Biparjoy) कहर बरपाता हुआ तेजी से आगे बढ़ रहा है। 15 जून की देर शाम तूफान गुजरात के तटों से टकरा चुका है। बिपरजॉय का असर उत्तर प्रदेश में भी आने वाले दिनों में देखने को मिल सकता है।

लखनऊ में आज 25-40 किमी प्रति घंटा से हवाएं

आंचलिक मौसम विभाग के वैज्ञानिक मो. दानिश ने जानकारी दी कि, 'प्रदेश में अगले दो दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अधिक बदलाव की संभावना। उन्होंने बताया कि, दो दिन बाद धीरे-धीरे प्रदेश में मौसमी बदलाव दिखने लगेगा। तब तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है। शुक्रवार (16 जून) को लखनऊ का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 31 डिग्री रहने का अनुमान है। दिन में बादलों की आवाजाही रहेगी, जबकि 25 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ़्तार से हवाएं भी चलेंगी।

इंसान से जानवर तक हलकान

इस हफ्ते लखनऊ काफी गर्म रहा। शहर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार रहा। न्यूनतम टेम्प्रेचर में भी इजाफा देखा गया, जिससे रात का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के ऊपर ही रहा। इस वजह से लोगों को दिन और रात दोनों ही समय गर्मी से परेशान होना पड़ रहा है। सुबह 10 बजे के बाद से ही सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है। पारा इतना ऊपर जा चुका है कि इंसान छोड़िए जानवर भी हलकान हैं। गर्मी से सभी बेहाल नजर आ रहे। ऐसे में 17 जून से मौसमी बदलाव के बाद लोगों को कुछ राहत जरूर मिलेगी।

UP में दिखेगा बिपरजॉय का असर

मौसम विभाग ने बताया, 17 जून से प्रदेश में मौसमी बदलाव की मुख्य वजह चक्रवात बिपरजॉय (Cyclone Biparjoy) होगा। तूफान का असर 17 जून से लखनऊ सहित प्रदेश के अन्य जिलों में नजर आने लगेगा। तापमान में गिरावट होगी, जिससे गर्मी का सितम कम होगा। मौसम वैज्ञानिक बताते हैं,16 जून को यूपी के तराई क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ (western disturbance) सक्रिय नजर आ रहा है, लिहाजा हल्की-फुल्की बारिश हो सकती है।

Aman Kumar Singh

Aman Kumar Singh

Next Story