×

Lucknow Weather Today 3 June 2023: तपती गर्मी के साथ बढ़ी उमस, लखनऊ में आज भी कड़कती धूप से होगा सामना

Lucknow Weather Today 3 June 2023:: मौसम विभाग का अनुमान है कि जून में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिलेगा। मानसून आने से पहले भी बारिश और आंधी-पानी का दौर देखने को मिल सकता है।

Aman Kumar Singh
Published on: 3 Jun 2023 6:07 AM GMT
Lucknow Weather Today 3 June 2023: तपती गर्मी के साथ बढ़ी उमस, लखनऊ में आज भी कड़कती धूप से होगा सामना
X
Lucknow Weather Today 3 June 2023 (Social Media)

Lucknow Weather Today 3 June 2023: यूपी में बारिश और आंधी-पानी का दौरा थमने लगा है। धूप की तपिश एक बार फिर लोगों को परेशान कर रही है। राजधानी लखनऊ की दोपहर बेहद गर्म रह रही है। ऐसे में लोगों के मन में मानसून को लेकर सवाल उठने लगे हैं। शहरवासी सोच रहे हैं आखिर रिमझिम बरसात कब शुरू होगी? हालांकि, मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान की मानें तो जून में भी मई की ही तरह थोड़े-थोड़े अंतराल पर पश्चिमी विक्षोभ (western disturbance) का असर देखने को मिलेगा।

वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से जून में भी हल्की-फुल्की बारिश होती रहेगी। चूंकि, उत्तर प्रदेश में मानसून जुलाई के पहले हफ्ते में आने का अनुमान है। अमूमन 15 जून के बाद प्री मानसून की बारिश शुरू हो जाती है। अगर, चक्रवात आदि का प्रभाव रहा तो मानसून में देरी भी संभव है। मानसून में देरी की वजह से लोगों को चुभती जलती गर्मी से जूझना पड़ता है। गर्मी, उमस और तपिश झेलना पड़ता है। हालांकि, हाल में हुई हल्की बारिश ने तापमान को जरूर नीचे लाया, जिससे लखनऊ में भी राहत रही।

लखनऊ में आज भी झुलसाएगी गर्मी

राजधानी लखनऊ में शनिवार (03 जून) सुबह से ही लोगों को कड़कड़ाती धूप का सामना करना पड़ रहा है। उमस अलग परेशान किये है। धूप निकलने के साथ ही गर्मी लगना शुरू हो जाता है। राजधानी में सुबह के समय हल्के बादलों और सुबह में 5 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती हवा लोगों कुछ राहत जरूर दे रही है। मौसम विभाग का कहना है कि, सुबह 10 बजे के बाद दिन चढ़ने के साथ गर्मी और उमस दोनों में वृद्धि होगी। लखनऊ में शनिवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

वेस्ट यूपी में राहत तो पूर्वांचल में आफत

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाल में हुए बारिश और हवाओं के कारण तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक कमी देखी जा रही है। नोएडा और गाजियाबाद में बीते दिनों पश्चिमी विक्षोभ के असर के कारण हुई बारिश का असर दिख रहा है। पूर्वांचल में तापमान तेजी से ऊपर जा रहा है। उमस वाली गर्मी का अहसास होने लगा है। पूर्वी यूपी में फिलहाल बारिश की संभावना बनती नजर नहीं आ रही। गोरखपुर में तो शुक्रवार को तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया।

वाराणसी-प्रयागराज में प्रचंड गर्मी

वाराणसी और प्रयागराज में भी गर्मी काफी बढ़ी हुई है। तापमान तेजी से ऊपर जा रहा है। हल्की हवाएं भी लोगों को राहत नहीं दे पा रही। शनिवार को भी दिन में धूप के असर से तापमान और उमस दोनों में वृद्धि होगी। वाराणसी में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा था।

Aman Kumar Singh

Aman Kumar Singh

Next Story