×

Meerut News: रक्षाबंधन पर टूटा रिकॉर्ड, इतनी महिलाओं ने की बस में फ्री यात्रा

Meerut News: मेरठ क्षेत्र में 2.14 लाख महिलाओं ने 1.65 करोड़ का मुफ्त सफर किया। बता दें कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस बार 48 घंटे के लिए बस की यात्रा फ्री करके प्रदेश भर की बहन-बेटियों को तोहफा दे दिया था।

Sushil Kumar
Published on: 5 Sep 2023 11:21 AM GMT
Meerut News: रक्षाबंधन पर टूटा रिकॉर्ड, इतनी महिलाओं ने की बस में फ्री यात्रा
X
About 24 lakh 44 thousand women took free bus journey on Rakshabandhan 2023

Meerut News: इस बार रक्षाबंधन पर समूचे उत्तर प्रदेश में 24 लाख 44 हजार से ज्यादा महिलाओं ने बस में फ्री यात्रा का लाभ उठाया है। अकेले मेरठ क्षेत्र में 2.14 लाख महिलाओं ने 1.65 करोड़ का मुफ्त सफर किया। बता दें कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस बार 48 घंटे के लिए बस की यात्रा फ्री करके प्रदेश भर की बहन-बेटियों को तोहफा दे दिया था।

इस बार दो लाख अतिरिक्त महिलाओं ने लिया सुविधा का लाभ

उत्तर प्रदेश परिवहन निगम मेरठ क्षेत्र के प्रबन्धक केके शर्मा की मानें तो पिछली बार के मुकाबले इस बार मुफ्त सफर करने वाली महिलाओं की संख्या अधिक रही है। पिछली बार 2.07 लाख महिलाओं ने मेरठ क्षेत्र की बसों में मुफ्त सफर किया था। वहीं इस बार 48 घंटों में 2.14 लाख महिलाओं ने यूपी रोडवेज मेरठ क्षेत्र के पांचो डिपो मेरठ, सोहराबगेट, भैसाली, बड़ौत और गढ़ डिपो की बस में निशुल्क यात्रा की है। क्षेत्रीय प्रबन्धक के अनुसार समूचे उत्तर प्रदेश की बात की जाए तो इस साल 24,44,970 महिलाओं ने बस में निशुल्क यात्रा की है। जबकि बीते साल यह आंकड़ा 22 लाख 32 हजार 322 था। इस हिसाब से 2 लाख से ज्यादा महिलाओं ने इस बार फ्री में बस का सफर किया है।

इस बार दो दिन था राखी बांधने का मुहुर्त

क्षेत्रीय प्रबन्धक ने बताया कि मेरठ क्षेत्र का सोहराबगेट डिपो मुफ्त सफर कराने में अव्वल रहा है। इस डिपो की बसों में रक्षाबन्धन के दौरान 57763 महिलाओं ने मुफ्त यात्रा की है। दूसरे नम्बर पर बड़ौत डिपो रहा है, जिसकी बसों में 50198 महिलाओं ने मुफ्त सफर किया है। रक्षाबन्धन पर महिलाओं को सबसे कम मुफ्त यात्रा कराने वाला डिपो मेरठ रहा है, जिसकी बसों में 37357 महिलाओं ने मुफ्त सफर किया है। दरअसल, इस बार 30 और 31 अगस्त यानी दो दिन अलग अलग समय पर राखी बांधने का शुभ मुहूर्त था, इसलिए सीएम योगी की ओर से दो दिनों तक महिलाओं के लिए फ्री बस यात्रा का एलान किया गया था।

Sushil Kumar

Sushil Kumar

Next Story