×

Meerut News: नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने संस्कृत में श्लोक पढ़े, कांग्रेस की ‘संविधान बचाओ संकल्प सभा’ का आयोजन

Meerut News: मेरठ में आयोजित कांग्रेस की ‘संविधान बचाओ संकल्प सभा’ में प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी और प्रांतीय अध्यक्ष नसीमुद्दीन सिद्दीकी पहुंचे।

Sushil Kumar
Published on: 2 Aug 2023 11:29 AM GMT
Meerut News: नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने संस्कृत में श्लोक पढ़े, कांग्रेस की ‘संविधान बचाओ संकल्प सभा’ का आयोजन
X
कांग्रेस की ‘संविधान बचाओ संकल्प सभा’ का हुआ आयोजन : Photo- Newstrack

Meerut News: मेरठ में आयोजित कांग्रेस की ‘संविधान बचाओ संकल्प सभा’ में प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी और प्रांतीय अध्यक्ष नसीमुद्दीन सिद्दीकी पहुंचे। कांग्रेसी नेताओं ने भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि देश में कांग्रेस ही एकमात्र विकल्प है। मौजूदा हालात में देश और संविधान खतरे में है, जिसके लिए कांग्रेस जरूरत है।

‘जब सरकारी संस्थान ही नहीं रहेंगे, तो नौकरी में आरक्षण कैसे मिलेगा’

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने भाजपा सरकार पर सरकारी संस्थानों का तेजी से निजीकरण कराने का आरोप लगाते हुए कहा कि संविधान के तहत प्राप्त आरक्षण का अधिकार खत्म होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब सरकारी संस्थान ही नहीं रहेंगे तो नौकरी में आरक्षण कैसे दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद से तेजी से देश में बेरोजगारी बढ़ रही है। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों से पूछा 2014 से 2024 आने वाला है, क्या 15 लाख रुपए मिले। महंगाई से घर-घर का बजट बिगड़ा हुआ है।

संसद में राहुल गांधी का माइक कर दिया जाता है म्यूट!

बृजलाल खाबरी ने कहा कि जब राहुल गांधी सदन में देश के समस्याओं पर बोलते हैं तो उनका माइक म्यूट कर दिया जाता है। इसके बाद राहुल गांधी ने सड़क पर उतरकर कन्याकुमारी से कश्मीर तक पदयात्रा कर लोगों को जोड़ा। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बिल्कुल खराब हो चुकी है। आज सुबह ही बरेली में मिठाई विक्रेता की मौत पत्नी के साथ दुर्व्यवहार हो रहा है, ये उत्तर प्रदेश के हालात हैं। ऐसे में संविधान को बचाने की कांग्रेस की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है।

मजहब के नाम पर नफरत का माहौल बना रही भाजपा

इस मौके पर प्रांतीय अध्यक्ष नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने भाजपा पर मजहब के नाम पर नफरत का माहौल तैयार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा लोगों को आपस में लड़ा रही है। हमें अपनी समझदारी से इसका मुकाबला करना होगा। उन्होंने मणिपुर की घटना का जिक्र करते हुए नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि मोदी सरकार का अंत निकट है क्योंकि जब-जब जिसने भी नारी का अपमान किया है, उसका अंत हुआ है।

नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने संस्कृत में श्लोक बोले

नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने बिस्मिल्लाह रहमान रहीम और श्री गणेश को एक दूसरे का पूरक बताते हुए जब संस्कृत में श्लोक बोले तो कार्यक्रम स्थल तालियों से गूंज उठा। उन्होंने कहा कि भाजपा देश को बांट रही है, संविधान को उखाड़ने वाली भाजपा को उखाड़ फेंकना होगा। राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल ने कहा कि भाजपा संविधान को तोड़ने का काम कर रही है। प्रियंका गांधी व राहुल गांधी ही देश को संविधान के रास्ते पर ले जा सकते हैं।

प्रांतीय अध्यक्ष का चांदी का मुकुट पहनाकर स्वागत हुआ

इससे पहले संविधान बचाओ संकल्प सभा की शुरुआत वंदे मातरम से हुई। कांग्रेस जिला अध्यक्ष अवनीश काजला ने संविधान की शपथ दिलाई। इसके बाद वरिष्ठ नेता पंडित प्रवीण वशिष्ठ में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी और प्रांतीय अध्यक्ष नसीमुद्दीन सिद्दीकी का चांदी का मुकुट पहनाकर स्वागत किया। सम्मेलन में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव चौधरी यशपाल सिंह, महानगर अध्यक्ष जाहिद अंसारी, नेता हाजी यूसुफ कुरैशी, हरेंद्र अग्रवाल, विनोद मोघा, कृष्ण कुमार शर्मा किशनी, सरदार मंजीत सिंह कोछड़, सतीश शर्मा, आदि वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

नूंह की घटना 2024 को प्रभावित करने का षडयंत्र

पत्रकारों के साथ बातचीत में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबबरी ने कहा कि देश और संविधान खतरे में है। जिसे कांग्रेस ही बचा सकती है। इसके लिए पूरे प्रदेश में हर जिले में कांग्रेस संविधान बचाओ संकल्प सभा का आयोजन कर रही है। 2024 में इंडिया की जीत का दावा करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने कहा कि कोई कहीं भी जाए या आए इससे हमें कोई फर्क नहीं पडता है। हम तो बस इतना जानते हैं कि जनता इंडिया जीतेगी। मणिपुर व नूंह की घटना के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हमने पहले भी कहा है, फिर कह रहे हैं कि यह सब कहीं ना कहीं 2024 को प्रभावित करने का षडयंत्र है। और यह बढ़ता चला जाएगा और इसको रोकने के लिए संविधान को बचाना जरुरी है, जिसके लिए कांग्रेस पार्टी एक बाऱ फिर निकल पड़ी है।

Sushil Kumar

Sushil Kumar

Next Story