×

Jaunpur News: सपा विधायक और प्रशासन के बीच विवाद को लेकर सपाई अब संघर्ष के मूड में, मामले का निपटारा बना चुनौती

Jaunpur News: मल्हनी से सपा विधायक लकी यादव के घर पर हुए विवाद व अभद्रता की जांच अपर पुलिस अधीक्षक नगर को सौंप दी गई है। इस प्रकरण में पुलिस ने स्पष्ट जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज की मांग विधायक से की है।

Kapil Dev Maurya
Published on: 27 April 2023 8:47 PM GMT
Jaunpur News: सपा विधायक और प्रशासन के बीच विवाद को लेकर सपाई अब संघर्ष के मूड में, मामले का निपटारा बना चुनौती
X
जौनपुर सपा विधायक लकी यादव: Photo- Newstrack

Jaunpur News: मल्हनी से सपा विधायक लकी यादव के घर पर हुए विवाद व अभद्रता की जांच अपर पुलिस अधीक्षक नगर को सौंप दी गई है। इस प्रकरण में पुलिस ने स्पष्ट जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज की मांग विधायक से की है। घटना के बाद प्रशासन ने विधायक के प्रति कड़ा रूख अख्तियार करते हुए उनके आवास ओम रैन बसेरा को लेकर छानबीन शुरू कर दी है।

प्रशासन के इस रूख को देखते हुए समाजवादी पार्टी के लोग भी जिला प्रशासन से दो-दो हाथ करने की तैयारी शुरू कर दिए हैं। सपा के जिम्मेदार नेताओं से इस संदर्भ में बात करने पर उनका कथन है कि अब जिला प्रशासन के लोग सत्तारूढ़ दल के राजनीतिक और कुछ तथाकथित लोगों के दबाव में अनुचित तरीके से विधायक और समाजवादी पार्टी के परेशान करने की योजना बना रहे है। जिससे सपा का एक-एक कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर जिला प्रशासन को जवाब देने के लिए मजबूर हो रहा है।

जेई को बंधक बनाने का लगा था आरोप

गौरतलब है कि बीते रविवार की रात में नाली बनाने के लिए निशान लगाने गए दो जेई व एक ठेकेदार को बंधक बनाने का आरोप सपा विधायक पर लगाया गया था। मौके पर छुड़ाने पहुंचे प्रशासन के अधिकारियों ने पुलिस की मदद से बल प्रयोग करके सभी को बाहर निकाला था। जबकि विधायक ने किसी को बंधक बनाने की बात से इन्कार करते हुए पुलिस पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया था।

घटना के बाद दूसरे दिन में सपा के जिलाध्यक्ष डॉ.अवधनाथ पाल व सपा के मछलीशहर विधायक, मुंगरा बादशाहपुर विधायक, पूर्व जिलाध्यक्ष लालबहादुर यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राज बहादुर यादव, पूर्व एमएलसी लल्लन प्रसाद यादव सहित बड़ी तादाद में सपाइयों ने घटना की बाबत शिकायत जिला प्रशासन व एडिशनल एसपी से की थी। कहा कि नगर कोतवाली क्षेत्र के उमरपुर में विधायक लकी यादव का आवास है। उनके साथ अभद्रता हुई है।

उधर, विधायक ने भी एसपी को पत्र भेजकर कहा है कि पुलिस ने उनका कॉलर पकड़कर खींचा है। जो विधाई मर्यादाओं की अवहेलना में आता है। क्योंकि लकी यादव स्वयं एक निर्वाचित विधायक हैं। इसके साथ ही उपरोक्त सभी ने पुलिस के अधिकारियों को ज्ञापन देकर दुर्व्यवहार करने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है। इसी मामले की जांच एएसपी सिटी कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार, अब पुलिस जांच के लिए विधायक लकी यादव से सीसीटीवी फुटेज की मांग कर रही है। लेकिन समाचार लिखे जाने तक विधायक ने यह सीसीटीवी फुटेज पुलिस को उपलब्ध नहीं कराया था।

विधायक के मकान के नक्शे स्वीकृति की हो रही जांच

दूसरी ओर जौनपुर मुख्यालय पर स्थित विधायक लकी यादव के आवास का मास्टर प्लान कार्यालय में नक्शा स्वीकृत होने की जांच की जा रही है। सिटी मजिस्ट्रेट देवेंद्र सिंह के अनुसार, फाइलों को खंगाला जा रहा है। कयास है कि भवन 15 वर्ष पहले बनाया गया है। वर्तमान में यह क्षेत्र वर्ष 2021 से ग्रीनलैंड एरिया में शामिल किया गया है। इसके अलावा यह भी खोजा जा रहा है कि इसको कैसे बनाया गया है। प्रशासन के इस हरकत की खबर सपा नेताओं के पास पहुंचते ही सपाईयों ने आन्दोलन का रास्ता अख्तियार करने की योजना पर काम शुरू कर दिया है। सपा के लोग इस घटना को लेकर सड़क पर उतरे तो प्रशासन के लिए कानून व्यवस्था संभालना कठिन हो सकता है।

Kapil Dev Maurya

Kapil Dev Maurya

Next Story