×

बदलने जा रहा है अब एक बार फिर देश के प्रधानमंत्री के निवास का पता

seema
Published on: 10 Jan 2020 6:27 AM GMT
बदलने जा रहा है अब एक बार फिर देश के प्रधानमंत्री के निवास का पता
X
बदलने जा रहा है अब एक बार फिर देश के प्रधानमंत्री के निवास का पता

रामकृष्ण वाजपेयी

लखनऊ : देश के प्रधानमंत्री के निवास का पता अब एक बार फिर बदलने जा रहा है। एक समय प्रधानमंत्री निवास का पता 7 रेस कोर्स रोड हुआ करता था लेकिन 2016 में प्रधानमंत्री निवास तो वहीं रहा लेकिन उसका पता बदल गया। यानी 7 रेस कोर्स रोड का नाम बदलकर '7 लोक कल्याण मार्ग' कर दिया गया। नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) ने सर्वसम्मति से फैसला करके यह पता बदल दिया। अब एक बार फिर पीएम निवास का पता बदलने जा रहा है।

यह भी पढ़ें : प्रियंका गांधी के वाराणसी पहुंचते ही कांग्रेस कार्यकर्ता ने पार्टी छोड़ने का किया ऐलान

प्रधानमंत्री का नया आवास नई दिल्ली के लुटियंस जोन में सेंट्रल विस्टा में तैयार किया जा रहा है। गुजरात की एक कंपनी इसका निर्माण कर रही है। प्रधानमंत्री के इस नए आवास को हाईटेक और सुविधा संपन्न बनाने के पूरे प्रयास किये जा रहे हैं। इस योजना का खुलासा करते हुए प्रसिद्ध आर्किटेक्ट व निर्माण कंपनी के मुखिया डा. बिमल पटेल ने बताया है कि सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट के तहत, प्रधानमंत्री के आवास को राष्ट्रपति भवन के बगल में ले जाया जा रहा है। इस समय इस स्थान पर झोपड़पट्टी मौजूद हैं।

दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 7 लोक कल्याण मार्ग, नई दिल्ली स्थित पीएम निवास का मूल नाम पंचवटी है। 1990 में सात रेस कोर्स रोड को प्रधानमंत्री निवास के रूप में नामित किया गया था। इससे पहले, भारत के प्रधान मंत्री अलग अलग घरों मे रहे हैं। प्रधानमंत्री के लिए कोई स्थाई निवास नहीं था। जवाहरलाल नेहरू ने त्रिमूर्ति भवन में निवास किया, जो अंग्रेजों के समय में ब्रिटिश भारतीय सेना के कमांडर-इन-चीफ का निवास हुआ करता था। इसे पहले फ्लैगस्टाफ हाउस कहा जाता था। 1964 में नेहरू के निधन के बाद, त्रिमूर्ति भवन को नेहरू स्मारक संग्रहालय और पुस्तकालय में बदल दिया गया।

यह भी पढ़ें : योगी सरकार ने प्रशासनिक क्षेत्र में लिया बड़ा फैसला

भारत के अगले प्रधान मंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने 10 जनपथ को आधिकारिक निवास के रूप में चुना, जहां वे 1964 से 1966 तक रहे। बाद में इसे कांग्रेस को आवंटित किया गया था। हालांकि इसके एक हिस्से में लाल बहादुर शास्त्री स्मारक और संग्रहालय रहा। वर्तमान में 10, जनपथ में कांग्रेस अंतरिम अध्यक्ष, सोनिया गांधी निवास कर रही हैं।

इंदिरा गांधी की हत्या के बाद उनके 1, सफदरजंग रोड निवास को इंदिरा गांधी स्मारक और संग्रहालय में बदल दिया गया था। इंदिरा गांधी से पहले भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुधीर रंजन दास इस पते पर रहते थे।

राजीव गांधी और उनके बाद के प्रधानमंत्री 7, रेस कोर्स रोड पर रहे। 30 मई 1990 को एक सरकारी अधिसूचना के जरिये आधिकारिक तौर पर 7 रेसकोर्स रोड को प्रधान मंत्री के आधिकारिक निवास के रूप में नामित किया गया।

वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दफ्तर व आवास 7 लोक कल्याण मार्ग नई दिल्ली है, जो आने वाले समय में यानी 2024 तक प्रधानमंत्री निवास नहीं रह जाएगा।

seema

seema

सीमा शर्मा लगभग ०६ वर्षों से डिजाइनिंग वर्क कर रही हैं। प्रिटिंग प्रेस में २ वर्ष का अनुभव। 'निष्पक्ष प्रतिदिनÓ हिन्दी दैनिक में दो साल पेज मेकिंग का कार्य किया। श्रीटाइम्स में साप्ताहिक मैगजीन में डिजाइन के पद पर दो साल तक कार्य किया। इसके अलावा जॉब वर्क का अनुभव है।

Next Story