TRENDING TAGS :

Aaj Ka Rashifal

गोरखपुर: गब्‍बर का मिला साथ, तो ऋषि बने नगर निगम के उपसभापति

भाजपा पार्षद दल के उपनेता और जनप्रिय विहार के पार्षद ऋषि मोहन वर्मा नगर निगम के उपसभापति चुने गए हैं। 12 सदस्यीय कार्यकारिणी में आठ पार्षदों ने ऋषि मोहन के पक्ष में हाथ उठाया। इसमें शिवपुर सहबाजगंज वार्ड के निर्दल पार्षद मो अफरोज उर्फ गब्‍बर भी शामिल रहे

Ashiki
Published on: 30 Jan 2021 2:47 PM GMT
गोरखपुर: गब्‍बर का मिला साथ, तो ऋषि बने नगर निगम के उपसभापति
X
गोरखपुर: गब्‍बर का मिला साथ, तो ऋषि बने नगर निगम के उपसभापति

गोरखपुर: भाजपा पार्षद दल के उपनेता और जनप्रिय विहार के पार्षद ऋषि मोहन वर्मा नगर निगम के उपसभापति चुने गए हैं। 12 सदस्यीय कार्यकारिणी में आठ पार्षदों ने ऋषि मोहन के पक्ष में हाथ उठाया। इसमें शिवपुर सहबाजगंज वार्ड के निर्दल पार्षद मो अफरोज उर्फ गब्‍बर भी शामिल रहे। समाजवादी पार्टी की उपसभापति प्रत्याशी शकुन मिश्रा को चार वोट मिले। अभी भाजपा के पार्षद अजय राय नगर निगम के उपसभापति थे। चुनाव के बीच नगर निगम के सदन हाल के बाहर सपा की महिला पदाधिकारियों ने प्रदर्शन कर शकुन मिश्रा के पक्ष में नारेबाजी की।

ये भी पढ़ें: अखिलेश यादव ने गोडसेवादियों को बोला, गांधी की हत्यारे आज भी है जिंदा

शनिवार दोपहर दो बजे उपसभापति चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई। महापौर सीताराम जायसवाल की अनुमति से नगर आयुक्त अंजनी कुमार सिंह ने कार्यवाही शुरू की। सपा के कार्यकारिणी सदस्य जियाउल इस्लाम ने मतदान की मांग की। इस पर महापौर ने कहा कि जब दो प्रत्याशी मैदान में हैं तो हाथ उठाकर मतदान कराया जाएगा। 19 जनवरी को कार्यकारिणी के छह पदों के लिए चुनाव में सपा ने तीन प्रत्याशियों को मैदान में उतारा था। हालांकि भाजपा ने सिर्फ तीन प्रत्याशी उतारे थे। बाद में सपा ने अपने एक प्रत्याशी अभिमन्यू मौर्य का नाम वापस ले लिया था। इसके बाद सभी छह प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन हो गया।

ऋषि मोहन में आठ सदस्यों का समर्थन

उपसभापति चुने गए जनप्रिय विहार वार्ड के ऋषि मोहन वर्मा को भाजपा से लोहियानगर के राजेंद्र तिवारी, महुई सुघरपुर के चंद्रप्रकाश सिंह उर्फ गोली सिंह, शक्ति नगर के आलोक सिंह विशेन, पुर्दिलपुर के मनु जायसवाल और तिवारीपुर के अभिषेक निषाद का समर्थन मिला। वहीं निर्दल शिवपुर सहबाजगंज वार्ड के मो. अफरोज और अलहदादपुर से पार्षद आनंद वर्धन ने भी भाजपा को समर्थन दिया। वहीं सपा की शकुन मिश्रा को मुफ्तीपुर वार्ड के जियाउल इस्लाम, अंधियारी बाग के रमेश यादव, कल्याणपुर के मतीनउद्दीन का समर्थन मिला।

सपा प्रत्याशी के पक्ष में नारेबाजी

उपसभापति चुनाव के बीच में सपा प्रत्याशी शकुन मिश्रा के पक्ष में महिलाओं ने नारेबाजी की। महिलाएं हाथ में तख्ती लेकर पहुंची थीं। तख्ती पर ‘महिलाओं का सम्मान करो, शकुन मिश्रा के पक्ष में मतदान करो’ लिखा था।

ये भी पढ़ें: रायबरेली में सामूहिक विवाह का हुआ आयोजन, एक-दूजे के हुए 64 जोड़े

हियुवा कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

उपसभापति चुने गए ऋषि मोहन वर्मा हिंदु युवा वाहिनी के महानगर संयोजक भी हैं। उनके उपसभापति चुने जाने की जानकारी के बाद हियुवा के कार्यकर्ता नगर निगम पहुंचे और जश्न मनाया। पटाखे छोडऩे के साथ ही जुलूस निकालकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जिंदाबाद के नारे लगाए।

रिपोर्ट: पूर्णिमा श्रीवास्तव

Ashiki

Ashiki

Next Story