×

Ayodhya News: कल से अयोध्या में भव्य राम जन्म उत्सव, प्रतिभाओं के दिखेंगे अनूठे रंग

Ayodhya News: इस बार रामनवमी का यह ऐसा आखिरी अवसर है, जिसमें रामलला अपने अस्थाई मंदिर में विराजमान हैं। अगली बार रामनवमी के मौके पर भगवान रामलला अपने भव्य मंदिर में विराजमान होंगे। इस अवसर को यादगार बनाने के लिए श्री राम जन्म उत्सव समिति का गठन किया गया है।

NathBux Singh
Published on: 21 March 2023 5:45 PM GMT
Ayodhya News: कल से अयोध्या में भव्य राम जन्म उत्सव, प्रतिभाओं के दिखेंगे अनूठे रंग
X
File Photo of Shree Ram Janmabhoomi (Pic: Newstrack)

Ayodhya News: भगवान राम की नगरी में इस बार श्री राम जन्मोत्सव बहुत धूमधाम से मनाने की योजना श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने बनाई है। इसकी वजह ये है कि इस बार रामनवमी का यह ऐसा आखिरी अवसर है, जिसमें रामलला अपने अस्थाई मंदिर में विराजमान हैं। अगली बार रामनवमी के मौके पर भगवान रामलला अपने भव्य मंदिर में विराजमान होंगे। इस अवसर को यादगार बनाने के लिए श्री राम जन्म उत्सव समिति का गठन किया गया है।

कल से रोज होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

राम नगरी में नवरात्र भर भगवान श्री राम के जन्म उत्सव की धूम मची रहेगी। श्री राम जन्मोत्सव के आयोजन के सिलसिले में 22 मार्च से कार्यक्रमों की शुरुआत हो जाएगी। इसके अंतर्गत अयोध्या की शास्त्रीय सीमा 84 कोस यानी अयोध्या के लगभग 300 किलोमीटर की परिधि में विभिन्न क्षेत्रों के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखने का मौका दिया जाएगा। प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम में भगवान के विभिन्न प्रसंगों पर कथा, कवि सम्मेलन, संगीत, भजन का आयोजन किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम में नए उभरते कथा वाचकों स्थानीय कवियों और संगीतज्ञ को प्राथमिकता दी जाएगी। भजन संध्या राम की पैड़ी पर आयोजित की जाएगी। जबकि समारोह के पहले दिन 22 मार्च की सुबह 6:00 बजे से 10:00 बजे तक खेल प्रतियोगिताएं होंगी।

एक दर्जन से अधिक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन

राम जन्मोत्सव के अंतर्गत युवाओं की सहभागिता बढ़ाने के लिए राज्य स्तरीय सात दिवसीय खेल प्रतियोगिता रखी गई है। इनमें प्रमुख रूप से साइकिल दौड़, मैराथन, खो-खो, तलवारबाजी, कबड्डी, नौकायान, वॉलीबॉल, मलखंब और दंगल का आयोजन किया जाएगा। इसमें 84 कोस के अंदर के उभरते हुए खिलाड़ियों को एक मंच देने की योजना ट्रस्ट की है। जिससे वह अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।

ट्रस्ट बांटेगा लाखों के पुरस्कार

रामनवमी पर आयोजित इन प्रतियोगिताओं में उभरते हुए खिलाड़ियों को श्री राम जन्मभूमि ट्रस्ट की तरफ से सम्मानित भी किया जाएगा। समस्त प्रतियोगिताओं में कुल 12,45,300 रुपए विजयी खिलाड़ियों को दिए जाएंगे। राम जन्मोत्सव के मौके पर आयोजित मैराथन और साइकिल दौड़ कल 22 मार्च को आयोजित की जाएगी। जो सुबह 5:30 बजे लता मंगेशकर चौक से निकलेगी और 21 किलोमीटर की यात्रा पूरी कर सरयू आरती घाट पर संपन्न होगी। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम जन्म उत्सव को नए ढंग से आनंद और उत्सव मनाने का विचार किया है। जिसमें ओलंपिक स्तर के कुछ खेलकूद का आयोजन किया जा रहा है। 29-30 मार्च को अंतिम झोंका कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की अपार भीड़ रहेगीl

इंतजाम पुख्ता रखने के लिए प्रशासन ने कसी कमर

कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ का आकलन कर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उत्सव आयोजन की गंभीरता को देखते हुए अयोध्या मंडल के आयुक्त गौरव दयाल, जिलाधिकारी नीतीश कुमार स्वयं व्यवस्थाओं को अमलीजामा पहनाने में जुटे हुए हैं। जबकि कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए अयोध्या क्षेत्र में तैनात आईजी एवं डीआईजी अपने मातहत अफसरों के साथ मेला क्षेत्र की तैयारियों पर नजर रखे हुए हैंl

NathBux Singh

NathBux Singh

Next Story