×

Sitapur News: सीतापुर में आए मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री, नई शिक्षा नीति की दी जानकारी

Sitapur News: उच्च शिक्षा मंत्री मध्य प्रदेश शासन डॉ. मोहन यादव ने प्राचीन काल, मध्यकाल, आधुनिक काल की शिक्षा व्यवस्था की विशेषता गिनाते हुये कहा कि वर्तमान में हमारी सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक कार्य किये जा रहे हैं।

Sami Ahmed
Published on: 1 Jun 2023 10:22 PM GMT (Updated on: 1 Jun 2023 10:22 PM GMT)
Sitapur News: सीतापुर में आए मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री, नई शिक्षा नीति की दी जानकारी
X
(Pic: Newstrack)

Sitapur News: यूपी के सीतापुर में प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह एवं उच्च शिक्षा मंत्री मध्य प्रदेश शासन डॉ. मोहन यादव, सांसद सीतापुर राजेश वर्मा व भाजपा जिलाध्यक्ष अचिन मेहरोत्रा ने केन्द्र सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने व सरकार की उपलब्धियों का बखान किया। उच्च शिक्षा मंत्री मध्य प्रदेश शासन डॉ. मोहन यादव ने प्रेसवार्ता के दौरान सरकार की उपलब्धियों का बयान करते हुये नई शिक्षा नीति की विशेषताओं से अवगत कराया। उन्होंने प्राचीन काल, मध्यकाल, आधुनिक काल की शिक्षा व्यवस्था की विशेषता गिनाते हुये कहा कि वर्तमान में हमारी सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक कार्य किये जा रहे हैं। गरीब व अमीर बच्चों को बिना भेदभाव के शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराये जा रहे हैं। उन्होंने विकास कार्यों का बयान करते हुये कहा कि अधोसरंचना में मिली सफलता, गरीब को मकान, बिना बिचौलिए के खाते में डाली गयी धनराशि, गैस कनेक्शन व्यापक स्तर पर दिया गया है। देश की सीमाओं के अंदर और बाहर सरकार लगातार काम कर रही है। पहले सेना के समक्ष बहुत चुनौती थी, आज भारत मजबूती से जवाब दे रहा हैं। हमारा देश आज हिसाब चुकता करने में पीछे नहीं है।

उन्होंने कहा कि भारतीय सांस्कृतिक स्थलों, मन्दिरों पवित्र गीता, महाभारत आदि का भी व्यापक प्रचार प्रसार वैश्विक स्तर पर किया जा रहा है। विदेशियों को भारतीय ज्ञान से अवगत करा रहे हैं। हमारी सरकार द्वारा मेडिकल कॉलेज बहुतायत में खोलना बड़ी उपलब्धि है।

खाद्यान्न वितरण कर सभी वर्ग की हो रही मदद

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कोविड के कठिन काल मे चुनौतियों को आंककर चिकित्सा पर व्यापक कार्य किया गया। आज दुनिया देख रही है कि पाकिस्तान भूखों मर रहा है, वहीं हमारी सरकार निःशुल्क खाद्यान्न वितरण कर सभी वर्ग की मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारे देश में जब-जब केंद्र में सशक्त सरकार आई है तब-तब देश का नाम रोशन हुआ है। देश ने बहुत उपलब्धियों को प्राप्त किया है, जिसकी झलक विभिन्न क्षेत्रों में दिखायी दे रही है। किसानों, गरीबों व असहायों के लिये हमारी सरकार निरन्तर कार्य कर रही है। कानून व्यवस्था सुदृढ़ हुयी है। विज्ञान एवं रक्षा के क्षेत्र में इन 09 वर्षों में हमारी सरकार द्वारा अनेकों कार्य किये गये है, जिससे हमारे देश की सीमाएं सुरक्षित हैं।

प्रेस वार्ता का हुआ आयोजन

प्रेसवार्ता के दौरान जनपद के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गयी व प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह को अवगत कराया गया कि सीतापुर में मिलिट्री की जमीन आरक्षित होने से नगर के विकास में कई समस्याएं आ रही हैं। इस पर सांसद राजेश वर्मा ने कहा कि पंजाब सेना टुकड़ी, मिलिट्री हॉस्पिटल, हवाई पट्टी आदि स्थापित कर विकास किया जाएगा। नगर के विकास के लिये नए विकल्प खोजकर नगर का विकास सम्भव होगा। शहर की भीड़ की समस्याओं पर सांसद जी ने चार कार्यों के माध्यम से निजात दिलाये जाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि महमूदाबाद-बिसवां-लहरपुर-लखीमपुर मार्ग को फोरलेन कर आस-पास के क्षेत्र का विकास भी किया जाएगा। जनपद की ट्रामा सेंटर को सुलझाने हेतु पत्रकार ने प्रश्न उठायें। प्रश्न के जवाब में प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा कि ट्रामा सेंटर का जो निर्माण कार्य हुआ है, उसका चयन पूर्व की सरकारों द्वारा गलत स्थान पर किया गया है, जिस कारण ट्रामा सेंटर को संचालित नही किया जा सका।

उन्होंने कहा कि जनपद की चिकित्सा व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु मुख्यमंत्री जी से बात हो गयी है, जल्द ही नए जिला चिकित्सालय का निर्माण सम्भव होगा, जिससे चिकित्सा संबंधी समस्याओं का निस्तारण हो पायेगा। इससे पूर्व यूपी के सीतापुर जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने बाढ़ से पहले चल रही परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। जल शक्ति मंत्री सिधौली तहसील भी गए।

Sami Ahmed

Sami Ahmed

Next Story