×

Sonbhadra News: ‘खूनी फ्लाईओवर’ पर हों सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम, मौतों के जिम्मेदारों पर दर्ज कराई जाए FIR, कांग्रेसिय

Sonbhadra News: खूनी फ्लाईओवर के रूप में चर्चित हो चुके जिला मुख्यालय स्थित फ्लाईओवर पर सुरक्षा और प्रकाश के पर्याप्त इंतजाम किए जाने को लेकर तेजी से आवाज उठने लगी है।

Kaushlendra Pandey
Published on: 2 Aug 2023 10:59 AM GMT
Sonbhadra News: ‘खूनी फ्लाईओवर’ पर हों सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम, मौतों के जिम्मेदारों पर दर्ज कराई जाए FIR, कांग्रेसिय
X

Sonbhadra News: खूनी फ्लाईओवर के रूप में चर्चित हो चुके जिला मुख्यालय स्थित फ्लाईओवर पर सुरक्षा और प्रकाश के पर्याप्त इंतजाम किए जाने को लेकर तेजी से आवाज उठने लगी है। इस फ्लाईओवर पर आए दिन होते हादसे और लोगों की होती मौतों को लेकर जहां कांग्रेसियों ने नाराजगी जताई। वहीं, हस्ताक्षर अभियान चलाते हुए, फ्लाईओवर के निर्माणकर्ताओं और सड़क सुरक्षा व हाईवे-फ्लाईओवर के देखभाल के नाम पर टोल टैक्स वसूलने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की। फ्लाईओवर से गिरकर आए दिन होती मौतों को रोकने के लिए अविलंब पर्याप्त सुरक्षा उपाय अमल में ना लाए जाने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी।

कांग्रेसियों का आरोप: जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते जा रही जानें

जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गोंड़ और कांग्रेस प्रवक्ता शत्रुंजय मिश्रा की अगुवाई में कांग्रेस के लोगों ने बुधवार की दोपहर स्वर्ण जयंती चौक से हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की। इस अभियान में अधिवक्ताओं, समाजसेवियों, छात्रों और युवाओं ने भी बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गोंड़ ने कहा कि हाईवे के देखभाल और सड़क सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वालों की लापरवाही से जनपद के कई युवा अपनी जान गवां चुके हैं। कांग्रेस प्रवक्ता शत्रुंजय मिश्र ने कहा कि फ्लाईओवर के खतरनाक मोड़ से गिरकर बाइक सवार चार युवकों की जान जा चुकी है। वह इसी घुमावदार मोड़ पर चार संदिग्ध मौतों का मामला भी बरसों से अनसुलझा हुआ है। कहा कि इन मौतों के लिए उपसा के अधिकारियों की लापरवाही तो जिम्मेदार है ही, कार्यदाई संस्था के लोग भी सड़क सुरक्षा के उपायों पर ध्यान देने की बजाय सिर्फ प्रतिवर्ष टोल टैक्स वसूली की बढ़ोतरी में लगे हुए हैं। जिम्मेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराए जाने की मांग करते हुए कहा कि फ्लाईओवर पर सेफ्टी जाली और प्रकाश की व्यवस्था के लिए कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा अफसरों से कई बार गुहार लगाई जाती है लेकिन कार्यदाई संस्था पर अब तक नकेल नहीं कसी जा चुकी है, जिसका परिणाम है कि युवाओं की जान जाने की घटनाएं बढ़ने लगी है।

साइड रास्तों की हालत खस्ता, टूटी पड़ी है नालियां, फिर भी नहीं ध्यान

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव ज्ञानेन्द्र त्रिपाठी ने कहा कि बीजेपी सरकार में किसी भी जनहित मुद्दे पर अधिकारियों की चुप्पी के चलते घटनाओं के बाद भी कोई सकारात्मक पहल नहीं हो पा रही है। कांग्रेस नेता जगदीश मिश्रा और अरविंद सिंह ने कहा कि फ्लाई ओवर के साइड वाले रास्तों की हालत काफी दयनीय है। नालियां जगह-जगह टूटी हुई है। कोई ध्यान देने वाला नहीं है। महिला जिलाध्यक्ष ऊषा चौबे ने कहा कि बीजेपी सरकार में आमजनता त्रस्त है। महंगाई चरम पर है। अधिकारी बेलगाम हो चुके है, जनहित के मुद्दों पर अधिकारी चुप्पी साध लेते हैं। भ्रष्टाचार चरम पर है। सूरज यादव ने कहा कि अगर जल्द जाली और लाइट की व्यवस्था नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। अरविंद सिंह, मृदुल मिश्रा, प्रमोद पांडेय, राकेश शरण मिश्र एडवोकेट, मोहन लाल बियार, सूरज यादव, संदीप शुक्ल, सतेंद्र दुबे, आशीष शुक्ला, राजकिशोर, विनय यादव, अनिल सिंह, सुरेश शर्मा, विकास सोनकर, शालिग्राम कन्नौजिया सहित अन्य मौजूद रहे।
विधायक की चेतावनी के गुजर गए 48 घंटे, नहीं दिखा कोई असर
दो दिन पूर्व स्वर्ण जयंती चौक पर फ्लाईओवर से गिरकर हुई युवक की मौत के बाद घटनास्थल पर पहुंचे सदर विधायक भूपेश चौबे ने काफी तीखे तेवर दिखाए थे। फ्लाईओवर से आवागमन करने वालों की सुरक्षा के लिए अविलंब पर्याप्त इंतजाम न किए जाने पर सख्त लहजे में चेतावनी दी थी। बावजूद डीएम-एडीएम के निर्देश पर चुप्पी साधने वाले, कार्यदायी व हाईवे पर आवागमन के एवज में टोल वसूलने वाले लोगों पर सदर विधायक की भी नाराजगी और चेतावनी का 48 घंटे बाद भी कोई फर्क नजर नहीं आ सका है।

सपा राज में हुई सुरक्षा मानकों की अनदेखी, भाजपा राज में भी नहीं हो पाई दूर

वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग का निर्माण सपा राज में कराया गया था। उस दौरान जिला मुख्यालय पर निर्मित किए जा रहे फ्लाईओवर के डायग्राम को लेकर सवाल तो उठाए ही गए थे, संचालन शुरू होने के समय सड़क सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम न किए जाने को लेकर भी लोगों की तरफ से नाराजगी जताई गई थी लेकिन बगैर सुरक्षा इंतजाम के ही आवागमन चालू कर दिया गया। तत्कालीन समय में भाजपा के लोगों की तरफ से भी इसको लेकर एतराज जताया गया था लेकिन 2017 में भाजपा की सरकार बनने के बाद भी अब तक फ्लाईओवर की स्थिति जस की तस पड़ी है और इस दौरान, अब तक नौ जिंदगियां फ्लाईओवर की भेंट चढ़ चुकी हैं।

पूर्वांचल राज्य जनमोर्चा ने उठाई मांग, राज्यपाल को भेजा पत्र :

अलग पूर्वांचल राज्य की मांग कर रहे पूर्वांचल राज्य जनमोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव एडवोकेट पवन कुमार सिंह ने राज्यपाल को पत्र लिखकर मांग किया है कि राबर्ट्सगंज फ्लाईओवर के ऊपर कई घटनाएं हो चुकी हैं। कई मोटरसायकिल सवार पुल पर जाली न होने के कारण गिरकर मौत के गाल में समा चुके हैं। प्रकाश की भी व्यवस्था ना होने के कारण लगभग तीन किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर पर रात में चलने में भय लगता हैं। सर्विस रोड की हालत बद से बदतर है। इमरती कॉलोनी से लेकर चंडी होटल तक, दोनों साइड की रोड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है फिर भी जिम्मेदार उदासीन बने हुए हैं। इसके चलते आये दिन दो पहिया वाहन और साइकिल चालक चोटिल होते रहते हैं। पत्र में कहा गया है कि कार्यदायी संस्था द्वारा टोल प्लाजा के माध्यम से करोड़ों रूपये की वसूली के बाद भी अभी तक फ्लाईओवर के उपर न तो जाली लगी और न ही प्रकाश की व्यवस्था हुई। इसके लिए संबंधित हों पर दंडात्मक कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क सुरक्षा के हरसंभव उपाय तत्काल अमल में लाए जाने की मांग की गई है।

Kaushlendra Pandey

Kaushlendra Pandey

Next Story