×

UP Nikay Chunav 2023 Result: सोनभद्र में भाजपा का परचम, 10 में चार सीटों पर खिला कमल, एक पर सहयोगी पार्टी को मिली जीत

UP Nikay Chunav 2023 Result: जिले में सबसे पहला परिणाम चुर्क-गुरमा नगर पंचायत का आया। यहां भाजपा की मीरा देवी ने 758 मतों से जीत हासिल की। उन्हें 2347 वोट मिले।

Kaushlendra Pandey
Published on: 13 May 2023 7:44 PM GMT
UP Nikay Chunav 2023 Result: सोनभद्र में भाजपा का परचम, 10 में चार सीटों पर खिला कमल, एक पर सहयोगी पार्टी को मिली जीत
X
UP Nikay Chunav 2023 Result (photo: social media )

UP Nikay Chunav 2023 Result: सोनभद्र जिले की एकमात्र नगरपालिका में जहां भाजपा ने ऐतिहासिक दर्ज की वहीं, नौ नगर पंचायतों में तीन पर जीत दर्ज करने में कामयाबी पाई। एक सीट पर भाजपा की सहयोगी निषाद पार्टी को जीत मिली। दो पर सपा ने, एक पर बसपा ने और दो पर निर्दलीय ने कब्जा जमाया। एक सीट को लेकर अभी सस्पेंस बना हुआ है। एक मात्र नगरपालिका राबटर्सगंज में जहां मोदी मैजिक ने भाजपा को एकतरफा जीत दिलाई। वहीं राज्यमंत्री के गढ़ ओबरा में सपा ने एक तरफा जीत दर्ज कर भाजपा को बड़ी हार दी। शेष सीटों पर भाजपा को कहीं बागी उम्मीदवारों से तो कहीं, सपा-बसपा-निर्दलियों से कड़ी टक्कर मिली।

जिले में सबसे पहला परिणाम चुर्क-गुरमा नगर पंचायत का आया। यहां भाजपा की मीरा देवी ने 758 मतों से जीत हासिल की। उन्हें 2347 वोट मिले। वहीं निकटतम प्रतिद्वंदी सपा की शमा परवीन को 1589 मत हासिल हुए। दूसरा परिणाम जिले की सबसे हॉट सीट मानी जा रही चोपन का आया। यहां भाजपा की सहयोगी निषाद पार्टी के उम्मीदवार उस्मान अली को जीत मिली। उन्होंने 350 वोट से जीत हासिल की। उन्हें 3876 और निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के बागी उम्मीदवार संजय जैन को 3526 मत प्राप्त हुए। तीसरा परिणाम बसपा के नाम रहा। घोरावल नगर पंचायत से बसपा के सूरज श्रीवास्तव ने 314 मतों से जीत दर्ज की। उन्हें 1522 और उनके निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के राजेश कुमार को 1208 मत हासिल हुए।

भाजपा को एकतरफा जीत

इसी तरह राबटर्सगंज नगर पालिका से भाजपा की रूबी प्रसाद ने एकतरफा जीत हासिल करने के साथ ही, 75 सौ से अधिक मतों से जीत दर्ज कर, एक नया इतिहास रच दिया। उन्हें 15639 मत और निकटतम प्रतिद्वंदी सपा की उषा सोनकर को 8052 मत प्राप्त हुए। डाला नगर पंचायत में सपा की फुलवंती कुमारी ने भाजपा की चंद्रावती को 775 मतों से हराया। उन्हें 2335 और निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा को 1560 वोट मिले। पिपरी नगर पंचायत में भाजपा के निवर्तमान चेयरमैन दिग्विजय प्रताप सिंह ने जीत दर्ज की। उनहोंने निर्दल प्रत्याशी सावित्री को 1695 मतों से हराया। उन्हें 3257 और निकटतम प्रतिद्वंदी को 1562 मत प्राप्त हुए।

दुद्धी नगर पंचायत का हाल

दुद्धी नगर पंचायत चुनाव में भाजपा के कमलेश मोहन ने जीत दर्ज की। उन्होंने निर्दल उम्मीदवार कमल कुमार कानू को 1022 मत से हराया। कमलेश को 3316 और कमल कुमार कानू को 2298 मत हासिल हुए। नगर पंचायत रेणुकूट में निर्दल उम्मीदवार ममता सिंह ने जीत दर्ज की। उन्होंने भाजपा की निशा सिंह को 1001 मत से हराया। नगर पंचायत ओबरा में सपा की चांदनी ने भाजपा के निवर्तमान चेयरमैन प्राणमति देवी को 2355 मतों से हराया। उन्हें 7789 और प्राणमति को 5434 वोट प्राप्त हुए।

निर्दलीय ने बीजेपी कैंडिडेट को हराया

अनपरा नगर पंचायत में निर्दल उम्मीदवार विश्राम बैसवार ने जीत दर्ज की। उन्होंने भाजपा के केसी जैन को 2627 मतों से हराया। विश्राम को 10113 मत और भाजपा के केसी जैन को 7486 मत हासिल हुए।

Kaushlendra Pandey

Kaushlendra Pandey

Next Story