TRENDING TAGS :
UP Politics: अजय राय की आजम से मुलाकात को लेकर सपा का तीखा हमला, कांग्रेस को बाबरी मस्जिद ढहाने के लिए बताया जिम्मेदार
UP Politics: सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पार्टी को बाबरी मस्जिद ढहाने के लिए जिम्मेदार बताया है।
sp fakhrul hasan (photo: social media )
UP Politics: उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय की सपा नेता मोहम्मद आजम खान से मुलाकात से पूर्व समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है। सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पार्टी को बाबरी मस्जिद ढहाने के लिए जिम्मेदार बताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के दामन पर अल्पसंख्यकों के जुल्म के दाग लगे हुए हैं।
सपा प्रवक्ता ने कहा कि आजम खान से मुलाकात से कांग्रेस के पाप धुलने वाले नहीं हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के आजम खान से प्रस्तावित मुलाकात के कार्यक्रम को लेकर सपा काफी हमलावर हो गई है। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भी इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला है। सपा प्रवक्ता के बयान से साफ हो गया है कि पार्टी ने मुस्लिम वोट बैंक को अपने साथ एकजुट बनाए रखने की रणनीति के तहत यह बयान दिया है।
भाजपा और कांग्रेस में कोई अंतर नहीं
सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि भाजपा और कांग्रेस में कोई अंतर नहीं है। भाजपा और कांग्रेस दोनों समान नीतियों पर ही चलने वाले सियासी दल हैं। उन्होंने कहा कि अजय राय भाजपा से प्रतिनियुक्ति पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष बने हैं और वे भी उसी भाषा में बोल रहे हैं जिस भाषा में भाजपा बोलती रही है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी मोहम्मद आजम खान की लड़ाई को पूरी मजबूती के साथ लड़ रही है। पार्टी आजम खान से जुड़े मुद्दे को जोर-शोर से उठाने की कोशिश में जुटी हुई है। पार्टी पहले से ही पूरी ताकत के साथ आजम खान के साथ खड़ी है।
कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों से भाजपा हुई मजबूत
सपा नेता ने कहा कि मौजूदा समय में प्रदेश और केंद्र में भाजपा की सरकार के लिए कांग्रेस ही पूरी तरह जिम्मेदार है। कांग्रेस की जन विरोधी नीतियों के कारण ही भाजपा को मजबूती मिली है और उसने प्रदेश के साथ ही दिल्ली में भी अपनी सरकार बनाने में कामयाबी हासिल की है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस की सरकारों के समय अल्पसंख्यकों पर किए गए अत्याचार किसी से छिपे हुए नहीं हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस ने अतीत में जो पाप किए हैं,वह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की आजम खान से मुलाकात से धुलने वाले नहीं हैं।
सबकी यही आवाज अखिलेश बनें पीएम
उन्होंने कहा कि देश की जनता की आवाज है कि सपा मुखिया अखिलेश यादव का देश का प्रधानमंत्री बनना चाहिए। प्रदेश की जनता भी यही चाहती है। प्रदेश के पिछड़ों,दलितों, अल्पसंख्यकों, किसानों और मजदूरों की यह इच्छा है कि अखिलेश यादव को देश का प्रधानमंत्री बनना चाहिए।
कांग्रेस कार्यालय के बाहर कौन से पोस्टर लगते हैं, इस पर समाजवादी पार्टी को कोई टिप्पणी नहीं करनी है मगर हमें इतना जरुर कहना है कि यदि अल्पसंख्यकों पर अत्याचार हो रहे हैं तो इसके लिए कांग्रेस की नीतियां जिम्मेदार हैं।
बाबरी मस्जिद के मुद्दे पर भी घेरा
90 के दशक में बाबरी मस्जिद ढहाने के लिए भाजपा और कांग्रेस की नीतियां जिम्मेदार हैं। सीएए और एनआरसी के लिए भी भाजपा और कांग्रेस ही जिम्मेदार हैं। सपा की ओर से कांग्रेस पर किए गए इस हमले को मुस्लिम वोट बैंक को एकजुट बनाए रखने की रणनीति के तहत किया गया हमला माना जा रहा है।
दरअसल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के सीतापुर जेल में आजम खान से मिलने के कार्यक्रम को लेकर सपा सतर्क हो गई है और इसी कारण अल्पसंख्यकों के मुद्दे पर सपा ने कांग्रेस को घेरना शुरू कर दिया है।