×

UP Politics: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय दिल्ली पहुंचे, सपा से तल्खी और प्रदेश कार्यकारिणी पर चर्चा, जल्द हो सकता है बड़ा ऐलान

UP Politics: माना जा रहा है कि अजय राय की कांग्रेस आलाकमान के साथ सपा मुखिया अखिलेश यादव और उनके बीच हुई बयान मबाजी के साथ ही प्रदेश कार्यकारिणी को लेकर भी चर्चा हुई है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 24 Oct 2023 7:58 AM GMT
State Congress President Ajay Rai
X

State Congress President Ajay Rai   (photo: social media )

UP Politics: समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के साथ तकरार के बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय दिल्ली पहुंच गए हैं। हालांकि सपा और कांग्रेस के बीच वाकयुद्ध थम चुका है मगर दोनों दलों के बीच तल्खी अभी भी बरकरार है। ऐसे में अजय राय की दिल्ली यात्रा को सियासी नजरिए से काफी अहम माना जा रहा है। जानकारों के मुताबिक कांग्रेस आलाकमान के बुलावे पर अजय राय सोमवार को दिल्ली पहुंचे हैं।

माना जा रहा है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की कांग्रेस आलाकमान के साथ सपा मुखिया अखिलेश यादव और उनके बीच हुई बयान मबाजी के साथ ही प्रदेश कार्यकारिणी को लेकर भी चर्चा हुई है। अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा जल्द किए जाने की उम्मीद है। इसके साथ ही प्रियंका गांधी की जगह नए प्रदेश प्रभारी की नियुक्ति किए जाने की भी चर्चा है।

मध्य प्रदेश में सीटों को लेकर दोनों दलों में तल्खी

मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीटों के बंटवारे पर सहमति नहीं बन सकी थी। दोनों दलों के नेताओं के बीच कई दौर की बातचीत हुई मगर यह बातचीत अंजाम तक नहीं पहुंच सकी। सपा ने मध्य प्रदेश की करीब तीन दर्जन सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं और आने वाले दिनों में उम्मीदवारों की संख्या और बढ़ सकती है। मध्य प्रदेश में सीटों के बंटवारे संबंधी वार्ता विफल होने के बाद अजय राय और सपा मुखिया अखिलेश यादव के बीच तीखी बयानबाजी हुई थी। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने चिरकुट नेताओं से बयान न दिलाने की बात कही तो अजय राय ने इसका जवाब देते हुए कहा था कि जो अपने पिता का सम्मान नहीं कर सका, वह सहयोगी दलों का सम्मान कैसे करेगा। हालांकि बाद में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के दखल दिए जाने के बाद दोनों दलों के बीच बयानबाजी थम गई है।


बेहतर तालमेल पर हाईकमान का जोर

जानकारों का कहना है कि तीखी बयानबाजी के बाद कांग्रेस हाईकमान की ओर से तलब किए जाने पर अजय राय दिल्ली पहुंचे हैं। कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने इस बयानबाजी के संबंध में अजय राय का पक्ष जानने की कोशिश की है।

कांग्रेस का केंद्रीय नेतृत्व इंडिया गठबंधन में शामिल दलों के बीच बेहतर तालमेल पर जोर देता रहा है। माना जा रहा है कि कांग्रेस नेतृत्व ने पार्टी नेताओं को समझ बूझकर बयान देने की सलाह दी है। लोकसभा चुनाव से पूर्व गठबंधन में शामिल दलों के बीच बेहतर तालमेल पर जोर दिया जा रहा है।


जल्द हो सकता है प्रदेश कार्यकारिणी का ऐलान

कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि अजय राय ने केंद्रीय नेतृत्व के साथ प्रदेश कार्यकारिणी के नामों पर भी चर्चा की है। इससे पूर्व भी दो बार प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा किए जाने के दावे किए गए थे। हालांकि अभी तक कार्यकारिणी की घोषणा नहीं की जा सकती है। अजय राय ने गत 25 अगस्त को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली थी और उसके बाद से ही प्रदेश कार्यकारिणी को लेकर लगातार मंथन किया जाता रहा है।

डैमेज कंट्रोल में जुटी कांग्रेस ! खफ़ा अखिलेश यादव को मनाने राहुल गांधी ने भेजा संदेश, क्या अजय राय पर गिरेगी गाज?


पहले 15 सितंबर तक प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा किए जाने का दावा किया गया था। फिर उसके बाद नवरात्र के दौरान कार्यकारिणी की घोषणा किए जाने की बात कही गई थी मगर अभी तक कार्यकारिणी घोषित नहीं की जा सकी है। अजय राय की केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा के बाद माना जा रहा है कि नई कार्यकारिणी की घोषणा जल्द ही की जा सकती है।

MP Politics: मध्य प्रदेश में कांग्रेस को बड़ा नुकसान पहुंचाएगी सपा, अखिलेश की नाराजगी से लग सकता है सियासी झटका

जानकार सूत्रों के मुताबिक प्रदेश प्रभारी की घोषणा भी जल्द हो सकती है। हाल के दिनों में प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश में पूरी तरह निष्क्रिय रही हैं। इसलिए माना जा रहा है कि प्रियंका की जगह किसी अन्य वरिष्ठ नेता को यह जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story