×

डैमेज कंट्रोल में जुटी कांग्रेस ! खफ़ा अखिलेश यादव को मनाने राहुल गांधी ने भेजा संदेश, क्या अजय राय पर गिरेगी गाज?

SP-Congress Spat : सपा प्रमुख अखिलेश यादव के साथ तल्खी के बीच कांग्रेस आलाकमान अब डैमेज कंट्रोल में जुटी है। खबर है कि खुद राहुल गांधी ने अखिलेश यादव को मैसेज भिजवाया है कि, वो जल्द ही बातचीत करेंगे। बीजेपी को हराने के लिए दोनों की प्रतिबद्धता जरूरी है।

aman
Report aman
Published on: 21 Oct 2023 5:36 PM GMT (Updated on: 21 Oct 2023 5:40 PM GMT)
SP-Congress Spat
X

राहुल गांधी और अखिलेश यादव (Social Media)

SP-Congress Spat : मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव (MP Election 2023) में सीट शेयरिंग को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस में तनातनी और जुबानी जंग की एक श्रृंखला चल निकली। एक दूसरे को कोसने में दोनों दलों के नेताओं ने ऐसी-ऐसी शब्दावली का प्रयोग किया, जिससे लगने लगा कि INDIA गठबंधन की सभी गांठें जल्द खुल जाएंगी। लेकिन, अब खबर है कि कांग्रेस पार्टी अखिलेश यादव को मनाने में जुटी है। बताया जा रहा है कि स्वयं राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने सपा प्रमुख और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को मैसेज भिजवाया है। कयास लगाए जा रहे हैं कि राहुल और अखिलेश जल्द बातचीत या मुलाकात कर सकते हैं।

राहुल गांधी द्वारा भेजे गए मैसेज की जानकारी खुद अखिलेश यादव ने दी। दरअसल, अखिलेश शनिवार को हरदोई पहुंचे थे। सपा अध्यक्ष ने अपने बयान में कहा कि, 'कांग्रेस के एक बड़े नेता का मैसेज आया है। हम बीजेपी को हराना चाहते हैं। उन्होंने कहा, कांग्रेस चाहेगी तो गठबंधन बरकरार रहेगा। राहुल गांधी ने बात करने के लिए संदेश दिया है।'

ये भी पढ़ें ...UP News : सपा नेताओं का कांग्रेस पर प्रहार, किसी ने राहुल गांधी को बताया 'मंदबुद्धि' तो कोई बोला-...अरे ये छुटभैये नेता

सपा-कांग्रेस के तेवर यूं ही नहीं पड़े नरम

विपक्षी गठबंधन इंडिया में दोनों बड़ी पार्टियों के बीच तकरार से NDA जहां चटकारे ले रही है, वहीं सपा-कांग्रेस के बीच नरमी को 'डैमेज कंट्रोल' के रूप में देख रही है। जानकार मान रहे हैं कि, समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन को लेकर डील अब राहुल गांधी ही करेंगे। यही वजह रही कि अखिलेश ने अपने खास नेता आईपी सिंह से राहुल के खिलाफ 'मंदबुद्धि' वाला ट्वीट डिलीट करवाया। अखिलेश ने सपा के तमाम नेताओं को सोशल मीडिया पोस्ट में कांग्रेस या उसके नेताओं के खिलाफ अनाप-शनाप लिखने से बचने की हिदायत दी है। कुल मिलकर कहें तो अखिलेश यादव और कांग्रेस दोनों के तेवर अब नरम पड़ गए हैं।

ये भी पढ़ें ...SP-Congress spat : 'खत्री का बच्चा कभी न सच्चा, अगर सच्चा...', सपा नेता आईपी सिंह ने कमलनाथ पर बोला हमला, बढ़ी रार

तो बढ़ेंगी अजय राय की मुश्किलें !

INDIA गठबंधन को खतरे में पड़ता देख, कांग्रेस आलाकमान ने मामले को संभाले की हरसंभव कोशिश तेज कर दी है। माना तो ये भी जा रहा है कि, अब यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। पार्टी आलाकमान ने उन्हें दिल्ली तलब किया है। मीडिया रिपोर्ट्स में ये भी कहा जा रहा है कि, कांग्रेस पार्टी INDIA गठबंधन को लेकर केंद्रीय नेतृत्व को छोड़ अन्य नेताओं के बोलने पर पाबंदी लगा सकता है। संभवतः कांग्रेस जल्द ही अपने नेताओं के लिए एक गाइडलाइन जारी कर सकती है।

कांग्रेस के लिए अखिलेश क्यों जरूरी?

अब सवाल उठता है कि, कांग्रेस नेतृत्व अखिलेश को मनाने में क्यों जुटी है? इसका आसान जवाब है कि प्रधानमंत्री मोदी और बीजेपी को हराना INDIA गठबंधन की पहली प्राथमिकता है। ये भी स्पष्ट है कि उत्तर प्रदेश में बिना सपा-आरएलडी के सहयोग के ये संभव नहीं है। लिहाजा, कांग्रेस की तरफ से अखिलेश यादव को संदेश दिया गया है कि इस मामले में अजय राय से पूछताछ की जाएगी। गठबंधन पर केंद्रीय नेतृत्व को छोड़ अन्य नेताओं के बोलने पर रोक लग सकती है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story