×

विजय दिवस: कांग्रेसी बोले, इंदिरा ने भारत दिलाया गौरवमयी सम्मान

भारतीय सेना के पराक्रम को तब देश की प्रधानमंत्री इंदिरागांधी ने अपने दृढ़ इरादों व साहसिक फैसलों का मजबूत आधार दिया। इसी वजह से उन्हें लौह महिला कहा गया। विजय दिवस के अवसर पर बुधवार को कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में आयोजित समारोह में कांग्रेस नेताओं ने यह बात कही।

Newstrack
Published on: 16 Dec 2020 1:45 PM GMT
विजय दिवस: कांग्रेसी बोले, इंदिरा ने भारत दिलाया गौरवमयी सम्मान
X
विजय दिवस: कांग्रेसी बोले, इंदिरा ने भारत दिलाया गौरवमयी सम्मान

लखनऊ: पाकिस्तान को 1971 के युद्ध में पराजित करने वाली भारतीय सेना ने आज के ही दिन पूरी दुनिया को अपने पराक्रम का जौहर दिखाया। भारतीय सेना के पराक्रम को तब देश की प्रधानमंत्री इंदिरागांधी ने अपने दृढ़ इरादों व साहसिक फैसलों का मजबूत आधार दिया। इसी वजह से उन्हें लौह महिला कहा गया। विजय दिवस के अवसर पर बुधवार को कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में आयोजित समारोह में कांग्रेस नेताओं ने यह बात कही।

भव्य समारोह का आयोजन

विजय दिवस(1971) के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया जिसमें 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में शामिल रहे वीर सैनिकों का अंगवस्त्र एवं फूल-मालाओं से सम्मान किया गया। इस मौके पर वीर सैनिकों का स्वागत करते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि आज भारतवासियों के लिए, कांग्रेस के लिए और स्वयं मेरे लिए यह गौरव का क्षण है जब हम उन महान सैनिकों का सम्मान कर रहे है जिनके अदम्य साहस, पराक्रम से हमें पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने और उसको विभाजित करके एक नये देश (बंगलादेश) के निर्माण का गौरव प्राप्त हुआ। ऐसा हमारी महान नेत्री पूर्व प्रधानमंत्री इन्दिरा गांधी के कुशल नेतृत्व, कूटनीतिक दक्षता और वैचारिक दृढ़ता के चलते संभव हो सका।

ये भी पढ़ें: डीएम के अथक प्रयास के बाद मिर्जापुर “बनाना हब” घोषित, राज्य मंत्री ने की घोषणा

गौरवपूर्ण घटना

जब उन्होने सबसे शक्तिशाली देश अमेरिका के सातवें बेड़े की परवाह न करते हुए तथा चीन की कलुषित धमकी को धता बताते हुए अपने साहसिक निर्णय से सेना का मनोबल बढ़ाया और हमारे देश को यह गौरवशाली क्षण मिला जिसमें पाकिस्तान के 93 हजार सैनिकों को भारतीय सेना के सम्मुख आत्मसमर्पण करना पड़ा। यह भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के लिए अनोखी घटना है और सबसे गौरवपूर्ण घटना है। हम अपनी महान नेता और वीर सैनिकों को शत-शत नमन और वंदन करते हैं तथा कांग्रेस कार्यालय के इस प्रांगण में आप जैसे महान सैनिकों का सम्मान करते हुए खुद को धन्य मानता हूं।

गौरव और सम्मान का दिन

इस मौके पर वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद तथा पूर्व सैनिक विभाग के संरक्षक प्रमोद तिवारी ने कहा कि हमारे लिए गौरव का क्षण है कि हम आप जैसे महान सेनानियों का स्वागत करने का अवसर पा रहे हैं। क्योंकि 15 अगस्त 1947 हमारे देशवासियों के लिए गौरव और सम्मान का दिन था लेकिन आपके अदम्य साहस और पराक्रम के चलते 16 दिसम्बर 1971 का दिन पूरी दुनिया में हमारे लिए गौरव और सम्मान का दिन बन गया।

कार्यक्रम समिति की अध्यक्ष एवं कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा‘मोना’ ने सर्वप्रथम एक-एक सैनिकों का कांग्रेसजनों से परिचय कराया और कहा कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की इच्छा एवं कांग्रेस की विनती पर आप लोग विजय दिवस के मौके पर यहां आए। इससे कांग्रेस का मान बढ़ा है। कांग्रेस कमेटी के पूर्व सैनिक विभाग के चेयरमैन एयरमार्शल (रि) अशोक गोयल ने विस्तार से 1971 के भारत-पाक युद्ध के बारे में बताया।

वर्तमान सरकार पर निशाना

उन्होंने कहा कि देश की तत्कालीन प्रधानमंत्री इन्दिरा गांधी और सेना के बीच समन्वय के कारण इतनी बड़ी लड़ाई इतने कम समय में जीती जा सकी। कैप्टन आर वाई एस चौहान पूर्व चेयरमैन प्रदेश कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग ने विजय दिवस पर अपने युद्ध काल के संस्मरण सुनाए। पूर्व सैनिक जीएस खनका ने कहा कि मुझे इस बात का दु:ख है कि कांग्रेस के शासनकाल में 16 दिसम्बर 1971 (विजय दिवस) पर सैनिकों को सरकार द्वारा सम्मानित किए जाने की परम्परा रही है लेकिन वर्तमान सरकार ने उस परम्परा को समाप्त कर दिया।

कांग्रेस का आभार

पूर्व सैनिक लालाराम शुक्ला ने सम्मानित किए जाने के लिए कांग्रेस का आभार जताया। समापन भाषण में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं प्रभारी जुबेर खान ने विजय दिवस को इन्दिरा गांधी की दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम बताया।

सैनिकों का किया गया सम्मान

कार्यक्रम में जिन सैनिकों का सम्मान किया गया उनमें एयरमार्शल(रि.) अशोक गोयल , अक्षयवर शुक्ल , सुभाष मिश्रा , कैप्टन आरवाइएस चैाहान , दीपक भट्ट , लालाराम शुक्ला, जेपी सिंह , कमरूद्दीन , ओपी पाल, शत्रुघ्न चौधरी, जग प्रसाद मौर्या , राकेश द्विवेदी, धर्मनाथ सिंह , प्रमोद मिश्रा , रजनीश मिश्रा , जीएस खनका , शेख गुलाम मुस्तफा , अब्दुल हसन खान , कर्नल (रि.) कमल कुमार मांगलिक , कर्नल सतीश चन्द्र सेठी , कर्नल(रि.) ओपी चौबे तथा शहीद वीर नायक राजा सिंह की पत्नी चन्द्रा देवी प्रमुख हैं।

ये भी पढ़ें: यूपी में खादी के साथ जरी-जरदोजी, चिकन-रेशमी कपड़े बनेंगे ग्लोबल ब्रांड

कांग्रेस कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस महासचिव एवं प्रभारी उत्तर प्रदेश प्रियंका गांधी वाड्रा के निर्देश पर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटियों द्वारा विजय दिवस(16 दिसम्बर 1971 की स्मृति में) मनाया गया। इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी द्वारा 1971 के युद्ध में जांबाजी से भाग ले चुके वीर सैनिकों का सम्मान किया गया तथा जनपद के अन्य पूर्व सैनिकों का गरिमामयी और आदरपूर्वक सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें अंगवस्त्र और पुष्प माला पहनाकर सम्मानित किया गया और भारत की गौरवगाथा बढ़ाने के लिए वीर सैनिकों को नमन करते हुए कृतज्ञता व्यक्त की गयी।

रिपोर्ट: अखिलेश तिवारी

Newstrack

Newstrack

Next Story