×

UP Nikay Chunav 2023: निकाय चुनाव के शंखनाद के बाद मेयर टिकट के लिए जोरआजमाइश तेज, बीजेपी टिकट के लिए झांसी में इनके बीच

UP Nikay Chunav 2023: पार्टियां जहां जिताऊ उम्मीदवारों की तलाश पूरी करने में जुटी है, वहीं प्रत्याशी दलों के सामने यह जताने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं कि उनकी दावेदारी ही सबसे मजबूत है। खासकर बीजेपी में यह दौड़ लंबी नजर आ रही है।

B.K Kushwaha
Published on: 9 April 2023 8:12 PM GMT (Updated on: 9 April 2023 8:13 PM GMT)
UP Nikay Chunav 2023: निकाय चुनाव के शंखनाद के बाद मेयर टिकट के लिए जोरआजमाइश तेज, बीजेपी टिकट के लिए झांसी में इनके बीच
X
UP Nikay Chunav 2023

Jhansi News: नगर निकाय चुनाव का शंखनाद हो चुका है। इसी के साथ ही राजनीतिक दल हों या संभावित प्रत्याशी सभी अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। पार्टियां जहां जिताऊ उम्मीदवारों की तलाश पूरी करने में जुटी है, वहीं प्रत्याशी दलों के सामने यह जताने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं कि उनकी दावेदारी ही सबसे मजबूत है। खासकर बीजेपी में यह दौड़ लंबी नजर आ रही है।

मेयर की आरक्षित सीट पर टिकट के लिए लंबी रेस

नगर निकाय चुनाव के लिए टिकटों की सुगबुगाहट के बीच झांसी नगर निगम पर भाजपा के मेयर प्रत्याशी को लेकर लोगों में सबसे अधिक दिलचस्पी है। इस सीट को अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित कर दिया गया है। एक ओर सपा-बसपा से पार्टी में कई नेताओं के नाम चर्चा में हैं तो कई पुराने भाजपाइयों ने भी जोर-आजमाइश में पूरी ताकत झोंक दी है।

बिहारी लाल आर्य के नाम की खूब चर्चा

भाजपा से इस सीट पर जिन लोगों की दावेदारी बताई जा रही है, उसमें सबसे अधिक चर्चा में हैं बिहारी लाल आर्य। पूर्व कांग्रेसी बिहारी लाल आर्य 2017 में भाजपा के टिकट पर मऊरानीपुर के विधायक बने लेकिन 2022 में उन्हें टिकट नहीं मिला। हालांकि पंचायत चुनाव 2022 में भाजपा ने उनकी बेटी भारती आर्य को बंगरा ब्लाक का प्रमुख बनाया। शहर में लगे होर्डिंग्स के आधार पर माना जा रहा है कि बिहारी लाल आर्य नगर निगम महापौर की दावेदारी के लिए ताकत से लगे हैं।

पूर्व मेयर किरन वर्मा भी दावेदार

भाजपा की ओर से पूर्व मेयर किरन वर्मा उर्फ़ किरन राजू बुकसेलर का नाम भी चर्चाओं में हैं। बेहद सामान्य परिवार से ताल्लुक रखने वाली किरन 2012 में झांसी नगर निगम की महापौर चुनी गयी थीं। निर्विवाद छवि होने के कारण किरन पर भी पार्टी दांव लगा सकती है और किरन ने भी टिकट के लिए दावेदारी जताई है।

ये पूर्व सपाई, बसपाई नेता भी देख रहे भाजपा की ओर

सपा छोड़कर पिछले दिनों भाजपा में आये पुराने बसपाई तिलक चंद अहिरवार भी झांसी मेयर के लिए टिकट की दौड़ में शामिल हैं। वे पूर्व में बसपा से एमएलसी और बिहार व झारखण्ड के प्रभारी रहे हैं। किसी समय में मायावती के बेहद करीबी माने जाते थे और कुछ समय पहले अखिलेश यादव ने उन्हें सपा में प्रदेश महासचिव पद की जिम्मेदारी दी थी। सपा के टिकट पर 2022 में झांसी के मऊरानीपुर से विधान सभा चुनाव लड़े और हार गए। माना जा रहा है कि तिलक पूरी ताकत से मेयर टिकट के लिए जोर आजमाइश कर रहे हैं।

रोहित रतन भी मांग रहे टिकट

बसपा, सपा और भाजपा तीनों पार्टियों में अपना समय बिताने वाले पूर्व मंत्री रतन लाल अहिरवार के पुत्र रोहित रतन भी झांसी नगर निगम सीट से मेयर के लिए टिकट की दौड़ में हैं। रोहित ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं और इस बार के विधानसभा चुनाव में बसपा के टिकट पर मऊरानीपुर सीट से चुनाव लड़े थे लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इन नेताओं के अलावा भी कई और नेता हैं जो महापौर की दौड़ में शामिल हैं। इन सबके अलावा डॉ. वीरेंद्र सिंगरया, संतराम पेंटर सहित कई अन्य नाम हैं जो भाजपा से मेयर के टिकट के लिए दावेदारों में शामिल दिखाई दे रहे हैं।

B.K Kushwaha

B.K Kushwaha

Next Story