TRENDING TAGS :

Aaj Ka Rashifal

Hardoi News: वादों की पोटली के साथ घर-घर दस्तक दे रहे नेता जी, भाजपा और सपा में टक्कर

Hardoi News: छः अप्रैल तक सभी सीटों पर अपत्तियां भी माँगी गई हैं। हरदोई शहर की बात करें तो ओबीसी आरक्षण के मुद्दे को लेकर मामला सुप्रीम कोर्ट जाने से पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष पद की सीट सामान्य महिला आरक्षित की गई थी।

Pulkit Sharma
Published on: 4 April 2023 11:35 AM GMT
Hardoi News: वादों की पोटली के साथ घर-घर दस्तक दे रहे नेता जी, भाजपा और सपा में टक्कर
X
राम ज्ञान गुप्ता (फोटो: सोशल मीडिया )

Hardoi News: निकाय चुनाव को सुप्रीम कोर्ट की हरी झंडी मिलने के बाद उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री ए के शर्मा ने नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत पद पर अधिसूचना जारी कर दी है। छः अप्रैल तक सभी सीटों पर अपत्तियां भी माँगी गई हैं।

हरदोई शहर की बात करें तो ओबीसी आरक्षण के मुद्दे को लेकर मामला सुप्रीम कोर्ट जाने से पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष पद की सीट सामान्य महिला आरक्षित की गई थी। हालाँकि इसके बाद मामला कोर्ट गया और अब नगर पालिका हरदोई की सीट को सामान्य अनारक्षित कर दिया गया है। यानी की अब यूपी में एक बार फिर चुनावी बिगुल फूंक चुका है। नगर पालिका से लेकर सभासद के पद के लिए उम्मीदवारों ने अपनी कमर कस ली है।

वहीं क्षेत्र में भी संभावित उम्मीदवारों के नाम को लेकर चर्चायें शुरू हो गई हैं। भाजपा व सपा अपने-अपने सिंबल पर प्रत्याशियों को मैदान में उतारेगी। वहीं हरदोई सदर से आम आदमी, कांग्रेस व बसपा को लेकर असमंजस बना हुआ है। अगर बात हरदोई नगर पालिका सीट की करें तो पूर्व में यह सीट समाजवादी पार्टी से प्रत्याशी रहे सुख सागर मिश्रा मधुर के खाते में गई थी। हालाँकि बाद में सपा का दामन छोड़ सुख सागर मिश्रा ने भारतीय जानता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। सदर नगर पालिका की सीट को लेकर यह कहा जाता है की यह सीट उसको मिलती है जिसको पूर्व राज्यसभा सांसद नरेश अग्रवाल चाहते हैं।

सदर नगर पालिका सीट से पूर्व राज्यसभा सांसद नरेश अग्रवाल के भाई उमेश व उनके परिवार के लोग अध्यक्ष पद पर काबिज हो चुके हैं। नरेश अग्रवाल फिलहाल भाजपा में हैं और इस बार किसको हरदोई नगर पालिका का टिकट भाजपा से मिलता है यह तो आने वाला समय ही बताएगा। सदर नगर पालिका में भाजपा की टक्कर सीधे सपा से है। समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल सिंह यादव ने जल्द ही प्रत्याशियों की सूची जारी करने की बात कही है।

ऐसे में सपा के खेमे में उम्मीदवारी जाता रहे लोगों की धड़कने बढ़ गई हैं। सदर में सपा से राम ज्ञान गुप्ता के नाम को लेकर चर्चायें जोरों से हैं। वही भाजपा से उम्मीदवारी जताने वालों की लंबी लिस्ट है। जिसमें पूर्व सांसद के करीबियों के भी नाम हैं। हालाँकि क्षेत्र में नरेश अग्रवाल के भाई उमेश अग्रवाल के नाम की चर्चायें जोरों से हंै। वहीं उसके बाद उनके करीबी अविनाश मिश्रा, राम प्रकाश शुक्ला समेत कार्यवाह नगर पालिका अध्यक्ष सुख सागर मिश्र के नाम को लेकर भी लगातार कयास लगाये जा रहे हैं।

सपा के संभावित प्रत्याशी की क्या रहेंगी प्राथमिकताएँ, जाने

सपा से संभावित प्रत्याशी राम ज्ञान गुप्ता प्रत्याशियों की लिस्ट जारी होने से पूर्व ही फुल फॉर्म में उतर आये हैं। राम ज्ञान गुप्ता द्वारा सदर नगर पालिका के वार्डों में प्रचार प्रसार भी शुरू कर दिया है। राम ज्ञान गुप्ता शुरू से ही नगर पालिका अध्यक्ष पर क्षेत्र में कार्य ना कराने व भ्रष्टाचार के आरोप को लगाते आये हैं। न्यूज ट्रैक के संवाददाता पुलकित शर्मा से बात करते हुए राम ज्ञान गुप्ता ने अपनी प्राथमिकताओं को गिनाया।

राम ज्ञान गुप्ता ने कहा ही सबसे पहले उनकी प्राथमिकता स्वास्थ संबंधी रहेगी। गरीब असहाय लोगों का इलाज मुफ्त में कराया जाएगा। शहर की सड़कों व गलियों को स्वच्छ बनायेंगे, पानी की आपूर्ति को दो घंटे सुबह शाम के स्थान पर चैबीस घंटे करेंगे, हरदोई में ट्रैफिक की समस्या बढ़ गई है, ऐसे में लोगों को राहत देने के लिये नगर पालिका की खाली भूमि पर पार्किंग व्यवस्था की जाएगी। पार्कों के सौंदर्यीकरण, पानी की टंकी की साफ-सफाई जिससे लोग दूषित पानी ना पियें, बांस बल्ली से सहारे चल रही विद्युत आपूर्ति को खम्बों पर शिफ्ट करने, रेहड़ी पटरी दुकानदार जिनको पुलिस द्वारा लगातार भगाया जाता रहता है उनको स्थाई जगह देनें, गरीबों के बच्चो को निःशुल्क शिक्षा दिलाये जाने की व्यवस्था की जाएगी। राम ज्ञान गुप्ता का कहना है कि क्षेत्र की जानता नगर पालिका अध्यक्ष रहे सुख सागर मिश्रा के कार्य से त्रस्त है। ज्यादातर लोगों का कहना है कि उनके वार्ड में बीते पाँच वर्षों में कोई भी विकास नहीं हुआ है। राम ज्ञान अपनी जीत को लेकर आश्वस्त नजर आ रहे हैं।

Pulkit Sharma

Pulkit Sharma

Next Story