Varanasi News: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का ये मंत्र, कहा- तैयारी में जुट जाएं

Varanasi News: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की पहचान एक सशक्त राष्ट्र के रूप में पूरे विश्व में बनी है।

Purushottam Singh Varanasi
Published on: 13 Jun 2023 5:57 PM GMT
Varanasi News: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का ये मंत्र, कहा- तैयारी में जुट जाएं
X
Bharatiya Janata Party State President Bhupendra Singh Choudhary (Pic: Social Media)

Varanasi News: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने वाराणसी में मंगलवार को ‘मोर्चों के संयुक्त सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार द्वारा विगत 9 साल में किए गए कार्यों एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अपनी भूमिका का निर्वहन करना होगा। उन्होंने सक्रियता और सजगता का मूल मंत्र दिया। साथ ही भाजपा की रीति नीति के साथ संकल्पों को दोहराया और 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 80 सीटों पर पार्टी की विजय सुनिश्चित करने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठन की योजना अनुसार कार्य करने का आह्वान किया।

घोषणा पत्र में जब भी कोई वादा किया तो उसे पूरा किया

सेवा, सुशासन व गरीब कल्याण के नौ साल पूरे होने पर संयुक्त मोर्चा सम्मेलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में जब भी कोई वादा किया तो उसे पूरा किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा का महासंपर्क अभियान सबसे बड़ा कार्यक्रम है। इसके जरिए हमें जन-जन तक सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि 2017 के पहले प्रदेश दंगाइयों के हवाले था, केंद्र में लूट मची हुई थी। निकाय चुनाव के झटके से विपक्ष कोमा में चला गया। अब वह गठबंधन करने में व्यस्त हैं। चुनाव में विपक्ष जनता को वैचारिक मुद्दे से भटकाने की कोशिश करेगा, लेकिन हमें सतर्क व सावधान रहना है। विपक्ष की मदद विदेशी ताकतें भी कर रही हैं। उसके मूल में विचार भी विदेशी है।

जनता नहीं होने देगी विपक्ष के सपनों को पूराः भूपेंद्र चौधरी

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की पहचान एक सशक्त राष्ट्र के रूप में पूरे विश्व में बनी है। मोदी जी के नेतृत्व में पिछले नौ वर्षों में गरीब कल्याण के संकल्प के साथ केन्द्र सरकार ने गांव, गरीब, किसान, नौजवान, महिलाओं सहित समाज के सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए कार्य किया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष नित नए गठबंधन बनाकर सत्ता में आने के सपने संजो रहा है। लेकिन जनता विपक्ष के सपनों को पूरा नहीं होने देगी। जनता ने 2024 में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनाने के लिए अपना मन बना लिया है। जनता के आशीर्वाद व समर्थन से आगामी लोकसभा के चुनाव में भाजपा को अभूतपूर्व सफलता मिलेगी।

Purushottam Singh Varanasi

Purushottam Singh Varanasi

Next Story