×

मतदान से सफल लोकतंत्रात्मक व्यवस्था का संदेश जायेगा: राज्यपाल

राज्यपाल ने कहा कि किस पार्टी अथवा दल को मतदान करना है यह जनता का अधिकार है परन्तु मतदान अवश्य करें जिससे विश्व में भारत की सबसे बड़ी एवं सफल लोकतंत्रात्मक व्यवस्था का संदेश जायेगा।

Shivakant Shukla
Published on: 7 March 2019 3:41 PM GMT
मतदान से सफल लोकतंत्रात्मक व्यवस्था का संदेश जायेगा: राज्यपाल
X

लखनऊः प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने आज प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री पं गोविन्द बल्लभ पंत की पुण्यतिथि के अवसर पर लोकभवन परिसर स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर एवं चित्र पर माल्यार्पण कर अपनी एवं प्रदेश की जनता की ओर से श्रद्धांजलि दी।

राज्यपाल ने कहा कि पं0 गोविन्द बल्लभ पंत बहुमुखी प्रतिभा के धनी व्यक्ति थे। उन्होंने गरीबों और असहायों के लिये बहुत कार्य किया है। स्वतंत्रता संग्राम में उनकी अग्रणी भूमिका थी। गांधी जी द्वारा चलाये गये आन्दोलनों में उनका सहभाग होता था। आजादी के बाद वे उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री बने।

ये भी पढ़ें— मतदान से सफल लोकतंत्रात्मक व्यवस्था का संदेश जायेगा: राज्यपाल

उन्होंने सुशासन का आदर्श चित्र प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री रहते हुये उन्होंने उस समय जमीन से जुडे़ कानूनों में सुधार का कार्य किया। बाद में वे भारत सरकार में गृह मंत्री भी बने। पं0 गोविन्द बल्लभ पंत की सराहनीय सेवाओं एवं कार्यों के लिये उन्हें ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया गया। राज्यपाल ने कहा कि पं0 गोविन्द बल्लभ पंत का जीवन आदर्श है, हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। देश में लोकसभा चुनाव की घोषणा होने वाली है। आबादी की दृष्टि से उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा प्रदेश है। प्रदेशवासियों को मतदान कर अपने कर्तव्य का पालन करना चाहिये। पूर्व में मताधिकार हेतु 21 वर्ष की आयु निर्धारित थी परन्तु संविधान में संशोधन कर उसे 18 वर्ष किया गया। संविधान द्वारा दिये गये मताधिकार का प्रयोग कर जनता के लिये योग्य प्रतिनिधि और योग्य सरकार चुनने का काम करना चाहिये।

ये भी पढ़ें— मई तक 2000 हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर काम करना शुरूः सिद्धार्थ नाथ

राज्यपाल ने कहा कि किस पार्टी अथवा दल को मतदान करना है यह जनता का अधिकार है परन्तु मतदान अवश्य करें जिससे विश्व में भारत की सबसे बड़ी एवं सफल लोकतंत्रात्मक व्यवस्था का संदेश जायेगा। उन्होंने कहा कि यही हमारे महापुरूषों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

Shivakant Shukla

Shivakant Shukla

Next Story