×

आधी आबादी को मायूस कर गया योगी का मंत्रिमंडल विस्तार

देश और प्रदेश में महिला सशक्तीकरण की बात को जोरदार ढंग से उठाने वाली भाजपा की योगी सरकार में एक बार फिर आधी आबादी यानी महिला विधायको को मायूसी ही हाथ लगी है। योगी मंत्रिमंडल में पहले ही महिलाओं का प्रतिनिधित्व कम था, लेकिन अपने पहले मंत्रिमंडल विस्तार में योगी आदित्यनाथ ने इसे बढ़ाने के स्थान पर और कम कर दिया।

Dharmendra kumar
Published on: 21 Aug 2019 10:59 AM GMT
आधी आबादी को मायूस कर गया योगी का मंत्रिमंडल विस्तार
X

मनीष श्रीवास्तव

लखनऊ: देश और प्रदेश में महिला सशक्तीकरण की बात को जोरदार ढंग से उठाने वाली भाजपा की योगी सरकार में एक बार फिर आधी आबादी यानी महिला विधायको को मायूसी ही हाथ लगी है। योगी मंत्रिमंडल में पहले ही महिलाओं का प्रतिनिधित्व कम था, लेकिन अपने पहले मंत्रिमंडल विस्तार में योगी आदित्यनाथ ने इसे बढ़ाने के स्थान पर और कम कर दिया।

सत्ता में 33 फीसदी हिस्सेदारी का समर्थन करने वाली भाजपा व योगी के 60 सदस्यीय मंत्रिमंडल में केवल चार महिला विधायक ही शामिल है। यानी कुल मंत्रियों में से करीब सात फीसदी ही प्रतिनिधित्व महिलाओं को मिल पाया है।

यह भी पढ़ें...जातीय व क्षेत्रीय संतुलन के साथ योगी ने किया अपना पहला मंत्रिमंडल विस्तार

इससे पहले वर्ष 2017 में यूपी में सरकार बनने के बाद योगी आदित्यनाथ के मंत्रिमंडल के 47 मंत्रियों में पांच महिला मंत्री डा. रीता बहुगुणा जोशी, अनुपमा जायसवाल, अर्चना पाण्डेय, स्वाति सिंह तथा गुलाबो देवी शामिल थी। इनमे से महिला कल्याण, परिवार कल्याण विभाग की काबीना मंत्री डा. रीता बहुगुणा जोशी लोकसभा चुनाव जीत कर संसद पहुंच गयी और उन्होंने लखनऊ कैंट विधानसभा क्षेत्र और मंत्री पर से इस्तीफा दे दिया था।

यह भी पढ़ें...UP नया मंत्रिमंडल: इनकी बल्ले-बल्ले, पहली बार विधायक और बन गए मंत्री

योगी सरकार के पहले विस्तार से पूर्व ही बेसिक शिक्षा विभाग की स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री अनुपमा जायसवाल और भू-तत्व एवं खनिकर्म व आबकारी राज्य मंत्री अर्चना पाण्डेय ने त्यागपत्र दे दिया। इससे योगी मंत्रिमंडल में महिलाओं की संख्या घट कर दो रह गयी। लेकिन यह दो महिला मंत्रियों की संख्या महज कुछ घंटों तक ही रही और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने पहले मंत्रिमण्डल विस्तार में दो महिलाओं नीलिमा कटियार और कमला रानी वरूण को मंत्रिमंडल में शामिल करके महिला मंत्रियों की संख्या फिर से चार पहुंचा दी। इसमें कमला रानी वरूण को काबीना और नीलिमा कटियार को राज्य मंत्री बनाया है।

यह भी पढ़ें...वक्त बदला है पर चाल तो वैसी ही है, दस साल पहले ‘शाह’ थे आज ‘चिदंबरम’

कमला रानी वरूण मौजूदा समय में कानपुर देहात की घाटमपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक है और पूर्व में घाटमपुर संसदीय क्षेत्र से भाजपा की सांसद रह चुकी है। जबकि नीलिमा कटियार कानपुर नगर की कल्याणपुर विधानसभा सीट से विधायक है और भाजपा की दिग्गज नेता प्रेमलता कटियार की पुत्री हैं।

Dharmendra kumar

Dharmendra kumar

Next Story