×

फ्रांस ने बढ़ाया PM Modi का मान, सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'लीजन ऑफ ऑनर' पाने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने

France Honours PM Modi: पेरिस के एलिसी पैलेस में गुरुवार को आयोजित रात्रि भोज के बाद फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुवेल मैक्रो की ओर से पीएम मोदी को यह सम्मान दिया गया।

Anshuman Tiwari
Published on: 14 July 2023 2:39 AM GMT (Updated on: 14 July 2023 2:56 AM GMT)
फ्रांस ने बढ़ाया PM Modi का मान, सर्वोच्च नागरिक सम्मान लीजन ऑफ ऑनर पाने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने
X
France Honours PM Modi (photo: social media )

France Honours PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों फ्रांस के दौरे पर हैं और उनके इस दौरे को फ्रांस ने काफी अहमियत दी है। फ्रांस की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को देश के सर्वोच्च नागरिक और सैन्य सम्मान 'द ग्रैंड क्रॉस ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर' से सम्मानित किया गया है। पेरिस के एलिसी पैलेस में गुरुवार को आयोजित रात्रि भोज के बाद फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुवेल मैक्रो की ओर से पीएम मोदी को यह सम्मान दिया गया।प्रधानमंत्री मोदी यह सम्मान हासिल करने वाले देश के पहले प्रधानमंत्री हैं। इससे पूर्व विश्व के कई अन्य चर्चित नेताओं को यह सम्मान दिया जा चुका है।

अपनी फ्रांस यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की ओर नई उम्मीदों और नई आशाओं के साथ देख रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भारत के युवा और कुशल कार्यबल दुनिया के लिए बड़ी संपत्ति होंगे। उन्होंने कहा कि मैं संकल्प लेकर निकला हूं और मेरा कण-कण और पल-पल देशवासियों के लिए समर्पित है।

सर्वोच्च सम्मान पाने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री मोदी ने फ्रांस का सर्वोच्च सम्मान प्रदान किए जाने पर भारत के लोगों की ओर से राष्ट्रपति मैक्रों को धन्यवाद दिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने ट्वीट में कहा कि एलिसी पैलेस में मेरी मेजबानी करने के लिए मैं फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और श्रीमती मैक्रों को धन्यवाद देता हूं। वहीं विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि भारत और फ्रांस की साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है और यह सम्मान उसी का प्रतीक है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान हासिल करने वाले देश के पहले प्रधानमंत्री हैं। पीएम मोदी से पूर्व दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला, वेल्स के तत्कालीन राजकुमार किंग चार्ल्स, जर्मनी की पूर्व चांसलर एंजेला मर्केल, संयुक्त राष्ट्र के पूर्व महासचिव बुतरस घाली को भी यह सम्मान दिया जा चुका है।

पीएम मोदी के लिए प्राइवेट डिनर

प्रधानमंत्री मोदी गुरुवार को दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर फ्रांस पहुंचे थे। पेरिस पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का फ्रांस की प्रधानमंत्री एलिजाबेथ बोर्न ने स्वागत किया था। फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों के साथ पीएम मोदी के पहले से ही आत्मीय रिश्ते रहे हैं और यही कारण है कि मैक्रों ने पीएम मोदी का काफी गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। राष्ट्रपति मैक्रों की ओर से एलिसी पैलेस में पीएम मोदी के लिए निजी भोज का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति के साथ विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा भी की।

प्रधानमंत्री मोदी ने फ्रांस के साथ अपने 40 साल पुराने रिश्ते का जिक्र भी किया। उन्होंने कहा कि 1981 में गुजरात के अहमदाबाद में फ्रांस का एक सांस्कृतिक केंद्र स्थापित किया गया था और मैं उस केंद्र का सदस्य रहा हूं। प्रधानमंत्री ने फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों और श्रीमती मैक्रों की ओर से गर्मजोशी से किए गए स्वागत को लेकर आभार भी जताया।

भारत में निवेश करने की अपील

प्रधानमंत्री मोदी ने फ्रांस में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि फ्रांस आना मुझे घर आने जैसा लगता है। भारत के लोग जहां जाते हैं, वहां मिनी इंडिया बना लेते हैं। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया में भारत एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। हर चुनौती से निपटने में भारत का अनुभव और प्रयास पूरी दुनिया के लिए मददगार साबित हो रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने फ्रांस में रहने वाले प्रवासी भारतीयों से भारत में निवेश करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में भारत में निवेश करने का बेहतरीन मौका है और इसमें फ्रांस में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों को नहीं चूकना चाहिए।

अब फ्रांस में यूपीआई के जरिए पेमेंट

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यूपीआई के इस्तेमाल को लेकर भारत और फ्रांस के बीच में सहमति बन गई है। इस सहमति के कारण अब यूपीआई का यहां इस्तेमाल किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द भारतीय पर्यटक एफिल टॉवर के पास यूपीआई का उपयोग कर रुपए में भुगतान कर सकेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जल्द ही प्रांत में महान तमिल दार्शनिक तिरुवल्लुवर की प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि फ्रांस ने स्नातकोत्तर की पढ़ाई करने वाले भारतीय छात्रों के लिए 5 साल का दीर्घकालिक वीजा देने का फैसला भी किया है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत सरकार ने फ्रांस की मदद से मार्सिले में एक नया वाणिज्य दूतावास खोलने का भी फैसला किया है।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story