×

Bangladesh: बांग्लादेश में बड़ा सड़क हादसा, तालाब में गिरी यात्री बस, 8 महिलाओं सहित 17 की मौत

Bangladesh Road Accident: बांग्लादेश के झालोकाठी जिलेमें 22 जुलाई को एक यात्री बस सड़क किनारे बड़े तालाब में पलट गई। हादसे में 17 लोगों की जानें चली गईं, जबकि एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए।

Aman Kumar Singh
Published on: 22 July 2023 3:01 PM GMT (Updated on: 22 July 2023 3:09 PM GMT)
Bangladesh: बांग्लादेश में बड़ा सड़क हादसा, तालाब में गिरी यात्री बस, 8 महिलाओं सहित 17 की मौत
X
बांग्लादेश में तालाब में गिरी यात्री बस (Social Media)

Road Accident in Bangladesh: पड़ोसी बांग्लादेश में बड़ा हादसा हुआ। यात्रियों से भरी एक बस शनिवार (22 जुलाई) को सड़क किनारे तालाब में पलट गई।इस हादसे में 17 लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जन भर से ज्यादा घायल हुए। स्थानीय पुलिस के अनुसार, ये हादसा झालोकाठी जिले (Jhalokati District) में उस समय हुआ जब 60 से ज्यादा यात्रियों से भरी बस भंडरिया उप जिले से गुजर रही थी। हादसे का शिकार बस दक्षिण-पश्चिम संभागीय मुख्यालय बरिशाल जा रही थी। चालक के बस से नियंत्रण खोने के कारण बस तालाब में जा गिरी।

घटना के संबंध में एक पुलिस अधिकारी ने मीडिया को बताया कि, 'गोताखोरों की मदद से 17 शवों को तालाब से बाहर निकाला गया। पुलिस को क्रेन की मदद लेनी पड़ी। भारी बारिश की वजह से तालाब पानी से भरा था। खबर लिखे जाने तक तालाब से बस निकालने के प्रयास जारी हैं। पुलिस उप निरीक्षक गौतम कुमार घोष (Gautam Kumar Ghosh) के अनुसार, मृतकों में 8 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल हैं।

कई शव फंसे हो सकते हैं

पुलिस उप निरीक्षक गौतम कुमार घोष ने बताया कि, 'दुर्घटनाग्रस्त बस के भीतर कई शव फंसे होने की आशंका है। 20 यात्रियों का इलाज झालोकाठी के मुख्य सरकारी अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के अनुसार, बस में करीब 65 यात्री सवार थे।'

यात्री ने कहा- ड्राइवर ने नहीं बरती सावधानी

बस हादसे में घायल यात्री रसेल मोल्लाह (35 वर्ष) ने बताया कि, 'मैं ड्राइवर की सीट के ठीक बगल में बैठा था। चालक ने बस चलाते समय सावधानी नहीं बरती थी। उन्होंने बताया कि बस ड्राइवर लगातार अपने सहायक से बात कर रहा था। उसे और अधिक यात्रियों को बस में बैठाने के लिए कह रहा था।' मोल्लाह ने दुर्घटना में अपने 75 वर्षीय पिता को खो दिया, जबकि उनके बड़े भाई अभी भी लापता हैं। संभवतः उनका शव बस के भीतर फंसा हो सकता है।

'घायलों के पेट में पानी भरा था'

अस्पताल के एक डॉक्टर ने मीडिया को बताया, 'हम जिन मरीजों का इलाज कर रहे हैं, उनके पेट में बहुत अधिक पानी भरा है। क्योंकि, बस तालाब में गिरी थी। बारिश के मौसम में तालाब पानी से भरा था।'

Aman Kumar Singh

Aman Kumar Singh

Next Story