×

Shootout in America: फिर गोलीबारी से दहला अमेरिका, कॉमनवेल्थ यूनिवर्सिटी के पास फायरिंग, आधा दर्जन से अधिक जख्मी

Shootout in America: घटना में फिलहाल सात लोगों के गोली लगने की जानकारी सामने आई है। कुछ जख्मियों की हालत बेहद नाजुक है। सभी का उपचार निकटवर्ती अस्पताल में चल रहा है।

Krishna Chaudhary
Published on: 7 Jun 2023 7:25 AM GMT (Updated on: 7 Jun 2023 7:34 AM GMT)
Shootout in America: फिर गोलीबारी से दहला अमेरिका, कॉमनवेल्थ यूनिवर्सिटी के पास फायरिंग, आधा दर्जन से अधिक जख्मी
X
Shootout in America (photo: social media )

Shootout in America: अमेरिका में मास शूटिंग की वारदात थमती नजर नहीं आ रही है। एक बार फिर दुनिया का सबसे शक्तिशाली देश गोलीबारी से दहल उठा है। ताजा मामला यूएस के वर्जीनिया का है, जहां कॉमनवेल्थ यूनिवर्सिटी के पास एक शख्स ने अंधाधुंध लोगों पर गोलियां बरसानी शुरू कर दी। इस घटना में फिलहाल सात लोगों के गोली लगने की जानकारी सामने आई है। कुछ जख्मियों की हालत बेहद नाजुक है। सभी का उपचार निकटवर्ती अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है।

अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स में पुलिस के हवाले से बताया कि वारादात को एक हाईस्कूल के ग्रेजुएशन सेरेमनी के बाद अंजाम दिया गया। ऐसे में आशंका है कि हमलावर छात्र के रूप में घटनास्थल पर मौजूद हो सकते हैं। फायरिंग की चपेट में आए सात लोगों में से तीन की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल की ओर जाने वाली सड़कों को सील कर दिया है।

दो संदिग्ध हिरासत में लिए गए

लोकल पुलिस अधिकारी रिक एकवर्ड्स ने बताया कि वर्जीनिया कॉमनवेल्थ यूनिवर्सिटी के पास रिचमंड पब्लिक स्कूल के एक प्रोग्राम में गोलीबारी की घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने वहां से दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, मुख्य हमलावर अभी भी फरार है। घायलों को फौरन वहां से अस्पताल ले जाया गया।

थिएटर के अंदर गोलीबारी

स्कूल का ग्रेजुएशन सेरेमनी एक थिएटर के अंदर चल रहा था। शाम करीब सवा पांच बजे थिएटर के अंदर से गोली चलने की आवाज आई। रिचमंड पब्लिक स्कूल के एक अधिकारी जेसन कामरस ने बताया कि जब गोलीबारी हुई तब तक स्नातक समारोह संपन्न हो चुका था। छात्र अपने परिवार के साथ तस्वीरें ले रहे थे। तभी ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। उन्होंने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि मेरे पास शब्द नहीं हैं। मैं लोगों को गोली मारते देखकर थक गया हूं। हमारे बच्चों को गोली मार दी गई।

शहर के मेयर लेवर एम.स्टैनली ने कहा कि हमलावरों को बख्शा नहीं जाएगा। बता दें कि अमेरिका में लगातार स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर गोलीबारी की घटनाएं हो रही हैं। देश में गन कंट्रोल को लेकर कई बार गंभीर बहस हो चुकी है लेकिन ताकतवर गन लॉबी के कारण इस दिशा में कोई ठोस पहल अब तक नहीं हो सका है।

Krishna Chaudhary

Krishna Chaudhary

Next Story