UP Nikay Chunav 2023: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा- ‘दंगों पर लगा दिया अलीगढ़ का ताला’

UP Nikay chunav 2023: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारी सरकार ने यूपी में दंगों पर ताला लगाने का काम किया है। यह बदलता हुआ भारत है। डबल इंजन की सरकार में प्रदेश विकास की राह पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के बारे में लोगों की धारणा बदल रही है।

Update: 2023-05-07 16:22 GMT
जनसभा को संबोधित करते सीएम योगी आदित्यनाथ (Pic: Newstrack)

Aligarh News: नगरीय निकाय चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को नुमाइश मैदान में जनसभा को संबोधित किया। यहां उन्होंने भाजपा के महापौर, नगर पालिका, नगर पंचायत प्रत्याशियों के लिए वोट मांगा। उनके भाषण में विकास योजनाओं के साथ अयोध्या, मथुरा, काशी का भी जिक्र था। अपने संबोधन में उन्होंने विपक्षियों पर जमकर निशाना साधा।

दंगों पर लगाया ताला

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारी सरकार ने यूपी में दंगों पर ताला लगाने का काम किया है। यह बदलता हुआ भारत है। डबल इंजन की सरकार में प्रदेश विकास की राह पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के बारे में लोगों की धारणा बदल रही है। पहले लोग अलीगढ़ आने में डरते थे। लोग सोचते थे, पता नहीं कब दंगा हो जाए। लेकिन आज कोई माफिया और अपराधी सड़क पर सीना तान कर नहीं चल सकता। पहले व्यापारी और समाज के शरीफ व्यक्ति डरते थे। आज उत्तर प्रदेश के अंदर कोई अपराधी, माफिया सीना तानकर नहीं चल सकता। व्यापारी और आम नागरिक प्रदेश के अंदर जहां भी जाना चाहें, जा सकता है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा, सुशासन और विकास की गारंटी केवल भाजपा की डबल इंजन की सरकार दे सकती है।

संवर रहे धार्मिक स्थल

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह डबल इंजन की सरकार का करिश्मा है कि जो काम 500 साल से नहीं हो पाया। वो अब हो रहा है। अयोध्या में भगवान राम के जन्म स्थान पर भव्य मंदिर के निर्माण का काम चल रहा है। काशी, मथुरा सज-संवर रही है। विंध्यवासिनी धाम, चित्रकूट, राजापुर आदि धार्मिक जगहों पर विकास काम तत्परता से हो रहा है। उन्होंने कहा कि जब परिवारवाद और जातिवादी मानसिकता के लोग सत्ता में आते थे, युवाओं के हाथों में तमंचा देते थे। हमने तमंचा संस्कृति को बंद किया। हम दो करोड़ युवाओं के हाथों में टेबलेट देने का काम कर रहे हैं। वही अलीगढ़ के ताले का सही इस्तेमाल डबल इंजन की सरकार ने किया है। उत्तर प्रदेश के दंगों पर अलीगढ़ का ताला लग गया है। प्रदेश दंगा मुक्त हो चुका है।

Tags:    

Similar News