Bageshwar Dham: बागेश्वर धाम दर्शन करने के लिए बिहार से निकला सरकारी शिक्षक लापता, परिजन हुए बेहाल

Bihar News: शिक्षक बागेश्वर धाम पहुंचा भी और दर्शन भी किया लेकिन फिर कहीं गायब हो गया। अब कुमार का फोन बंद आ रहा है। कोई पता नहीं चल रहा।

Written By :  Krishna Chaudhary
Update: 2023-02-18 05:29 GMT

Bihar News: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले स्थित बागेशवर धाम पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से जुड़े विवादों को लेकर सुर्खियों में रहा है। विवाद के बाद से यहां आने वाले लोगों की तादाद कमी नहीं बल्कि बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बिहार के दरभंगा जिले का एक शख्स ललन कुमार भी बागेश्वर धाम सरकार से मिलने निकला। वह यहां पहुंचा भी और दर्शन भी किया लेकिन फिर कहीं गायब हो गया। कुमार का फोन भी बंद आ रहा है, जिससे उनके परिजन परेशान हैं और उन्हें किसी अनहोनी का डर सताने लगा है।

4 फरवरी को घर से निकला था ललन कुमार

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, दरभंगा जिले के बहेड़ी प्रखंड के बघौनी गांव का रहने वाला ललन कुमार 4 फरवरी को घर से निकला था। उसने कहा था कि वह बागेश्वर धाम सरकार के दर्शन करने जा रहा है। 6 फरवरी को घर फोन कर उसने बताया था कि दर्शन हो गया है और वह बाद में बात करेगा। इसके बाद से उसका फोन बंद आने लगा। जिससे परिजन परेशान हैं।

ललन कुमार पेशे से शिक्षक हैं और जिले के भरवाड़ा स्थित 12वीं के स्कूल में पढ़ाते हैं। परिवार में पत्नी और वृद्ध मां-बाप के अलावा दो बच्चे भी हैं। कुमार के लापता होने के बाद से परिवार के लोगों के चेहरे का रंग उड़ गया है। पत्नी सविता ने कहा कि उसने अपने पति को ढूंढने के लिए लोग भी भेजे लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला।

अनजान शख्स का आया था फोन

सविता ने बताया कि पिछले दिनों अचानक एक अनजान व्यक्ति का उन्हें फोन आया था। शख्स ने बताया कि उनका पति वर्धा रेलवे स्टेशन के पास अस्पताल में है। परिवार के लोग उन्हें ढूंढने वहां भी पहुंचे लेकिन वो वहां नहीं थे। वहां जाकर पता चला कि ललन ने स्थानीय विधायक से मिलकर बिहार भेजने की गुहार लगाई थी, जिसके बाद विधायक ने उसे पुलिस हवाले कर दिया था। सविता का कहना है कि पुलिस ने उनके पति को कहां पहुंचा दिया, पता नहीं।

दरभंगा पुलिस ने एमपी पुलिस से साधा संपर्क

सविता ने अपने पति के लापता होने की रिपोर्ट बहेड़ी थाने में दर्ज कराई है। इसके अलावा उन्होंने दरभंगा के सिटी एसपी सागर कुमार से मिलकर भी गुहार लगाई। सिटी एसपी ने मामले को लेकर फौरन एमपी पुलिस से संपर्क साधा। घटना की जानकारी मिलने के बाद एमपी के छतरपुर जिले स्थित बमीठा थाने में ललन के लापता होने की शिकायत दर्ज की गई है। दरभंगा पुलिस एमपी पुलिस के लगातार संपर्क में है। सिटी एसपी ने कहा कि जो भी जानकारी प्राप्त होगी, उसे परिवार से साझा किया जाएगा।

आरसीपी सिंह ने सरकार पर साधा निशाना

ललन कुमार के लापता होने पर सियासत भी शुरू हो गई है। जदयू के पूर्व नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने ललन के लापता होने को लेकर नीतीश सरकार पर निशाना साधा है। क्षेत्र भ्रमण के क्रम में दरभंगा पहुंचे सिंह ने कहा कि बिहार में सरकार खुद लापता है। यहां सरकार है ही नहीं। बिहार का हमारा बच्चा गायब है। क्या बिहार सरकार को इसकी जिम्मेदार नहीं लेना चाहिए ?

बागेश्वर धाम में महिला की हुई थी मौत

बता दें कि पिछले दिनों बागेश्वर धाम में यूपी के फिरोजाबाद की रहने वाली एक महिला का मौत का मामला सामने आया था। महिला अपने पति के साथ बागेश्वर धाम सरकार के दर्शऩ को आई थी। उसे किडनी की बीमारी थी, इसलिए वह बाबा के दरबार में अर्जी लगाने के लिए आई थी। मगर दर्शन से पहले ही उसकी मौत हो गई।

Tags:    

Similar News