Bihar: पटना गंगा नदी घाट पर यात्रियों से भरी नाव डूबी, 7 लोग लापता..राहत बचाव कार्य जारी
Bihar News: पटना में बड़ा हादसा हो गया। राजधानी के गंगा घाट पर एक नाव डूब गई। राहत और बचाव कार्य जारी है। अभी भी 7 लोग लापता हैं। उनकी कोई सूचना नहीं है।;
प्रतीकात्मक चित्र (Social Media)
Bihar News : बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार (30 दिसंबर) को बड़ा हादसा हो गया। गंगा नदी में यात्रियों से भरी नाव डूब गई। नाव डूबने की खबर मिलते ही राहत और बचाव अभियान चलाया गया। अभी भी 7 लोगों के लापता होने की सूचना है जबकि कई लोगों को बचाया गया। नाव किस वजह से डूबी इसका अभी पता नहीं चल पाया है।
जानकारी के अनुसार, पटना जिले के मनेर में शुक्रवार को एक नाव पर 14 लोग सवार थे। बताया जा रहा है ये नाव अचानक पलट गई। जिसके बाद से 7 लोग लापता हैं। वहीं, अन्य 7 को समय रहते सुरक्षित निकाला लिया गया। बिहार पुलिस के एएसआई सत्य नारायण सिंह ने बताया कि, एनडीआरएफ (NDRF) की टीम तलाशी और बचाव अभियान में जुटी है। लापता लोगों की तलाश जारी है।
क्या है मामला?
बिहार की राजधानी पटना के मनेर में आज गंगा नदी में एक नाव पलट गई। नाव पर 15 लोग सवार थे। नाव पलटने की वजह का अभी तक कोई पता नहीं चला है। इस घटना की खबर मिलते ही सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया। NDRF की टीम राहत और बचाव के कार्य में जुटी है। लोगों ने बताया नाव पर सवार होकर लोग जा रहे थे तभी अचानक पलट गई। लोग डूबने लगे। जैसे-तैसे कुछ लोग नदी से बाहर निकले। जबकि, 7 अभी भी लापता हैं। खबर मिलते ही घटनास्थल पर मनेर पुलिस (Maner Police) सहित कई बड़े अधिकारी पहुंच गए।
आनन-फानन में पहुंची रेस्क्यू टीम
स्थानीय लोगों को जैसे ही नाव पलटने की घटना के बारे में पता चला, उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। इस मामले पर एएसआई सत्य नारायण सिंह ने बताया कि गंगा में लोगों की तलाशी के लिए एनडीआरएफ की टीम जुटी है. बचाव अभियान जारी है।