Gopalganj Accident: बिहार के गोपालगंज में बड़ा हादसा, बेकाबू दूल्हे की कार ने 7 महिलाओं को रौंदा, 2 की मौके पर मौत

Gopalganj Accident: घटना जिले की विशंभरपुर थाना क्षेत्र के बलिवन सागर लक्ष्मीपुर गांव की है। सात में से दो महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।

Update: 2023-04-07 09:29 GMT
Gopalganj accident (photo: social media )

Gopalganj Accident: उत्तर प्रदेश की सीमा से लगे बिहार के गोपालगंज जिले में एक भीषण सड़क हादसा हो गया है। यहां एक बेकाबू कार ने सात महिलाओं को रौंद डाला। घटना जिले की विशंभरपुर थाना क्षेत्र के बलिवन सागर लक्ष्मीपुर गांव की है। सात में से दो महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। वहीं, अन्य दो खतरे से बाहर हैं। पांचों को उपचार अस्पताल में चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक, सलीम मियां की बेटी की निकाह के लिए कुचायकोट से बारात पहुंची थी। जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में आसपास महिलाएं भी वहां मौजूद थीं। तभी अचानक बारात में शामिल दूल्हे की कार बेकाबू हो गई और महिलाओं को रौंद डाला। जिससे बारात देख रही महिलाओं में भगदड़ मच गई। जख्मी महिलाओं की चीख से इलाका गूंज उठा।

इलाके में फैला तनाव

आरोपी और पीड़ित दो अलग-अलग समुदाय से होने के कारण इलाके में तनाव फैल गया है। पीड़ितों के परिजनों में आरोपी पक्ष को लेकर जबरदस्त आक्रोश है। हादसे बाद आरोपी दूल्हा मौके से फरार बताया जा रहा है। सांप्रदायिक टकराव की आशंका को देखते हुए घटनास्थल पर कई थानों की पुलिस तैनात है। पुलिस ने आरोपी दूल्हे के विरूद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतकों में वृद्ध महिला भी शामिल

हादसे में जान गंवाने वालों में वृद्ध महिलाएं भी शामिल हैं। मृतक महिलाओं की पहचान 70 वर्षीय रामावती देवी और 60 वर्षीय ललिता देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गंभीर रूप से जख्मी अन्य तीन महिलाओं में विदांती देवी, मनोरमा देवी और गौदी देवी शामिल है। जिन्हें बेहतर उपचार के लिए सदर अस्पताल से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।

Tags:    

Similar News