Bihar News: कोसी नदी में नाव पलटी आठ लोग डूबे, दो महिलाओं की मौत, 6 को SDRF ने बचाया

Bihar News: खगड़िया में कोसी नदी में बड़ा नाव हादसा हुआ है। नदी की तेज धार की चपेट में आकर एक यात्रियों से भरी नाव पलट गई। इसमें 8 लोग सवार थे। इसमें से 2 लोगों की मौत हो गई।

Newstrack :  Network
Update: 2022-11-21 09:47 GMT

मौके पर पहुंचे लोग

Bihar News: खगड़िया में कोसी नदी में बड़ा नाव हादसा (boat capsize in Kosi river) हुआ है। नदी की तेज धार की चपेट में आकर एक यात्रियों से भरी नाव पलट गई। इसमें 8 लोग सवार थे। इसमें से 2 लोगों की मौत हो गई। दोनों महिलाएं थीं। वहीं 6 लोगों को गोताखोरों की मदद से बचा लिया गया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई।

SDRF की टीम ने दोनों महिलाओं के शव को खोजा

इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई। करीब एक घंटे तक कड़ी मशक्कत के बाद SDRF की टीम ने दोनों महिलाओं की लाश को ढूंढ़ निकाला। इसके बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। मरने वालों की पहचान मुफ्फसिल थाना इलाके के विशनपुर गांव निवासी जितेंद्र कुमार की पत्नी बबीता देवी और भदास गांव निवासी रुदल साह की पत्नी नीतू देवी के रूप में हुई।

बीच नदी में जाने के बाद नाव असंतुलित होने से पलटी: परिजन

परिजनों का कहना है कि बबीता समेत 8 लोग छोटी नाव पर सवार होकर रघुबापार खेत में काम करने जा रहे थे। इसी दौरान एक शख्स ने नाव पर खाद की बोरियां लोड कर दी। बीच नदी में जाने के बाद नाव असंतुलित हो गई। जब तक नाविक नाव को संभाल पाता तब तक नाव कोसी नदी में पलट गई। डूब रहे लोगों ने बचाव के लिए मदद मांगी। इसके बाद स्थानीय गोता खोरों की मदद से उन्हें बचा लिया गया। वहीं दो महिला तेज धार में बह गईं।

पुलिस नाव चालक पर कड़ी कार्रवाई करें: परिजन

घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का कहना है कि पुलिस नाव चालक पर कड़ी कार्रवाई करे। ओवरलोड होने के कारण ही ये नाव हादसा हुआ है।

Tags:    

Similar News