Adani - Ambani: रईसों की लिस्ट में अडानी - अंबानी नीचे खिसके

Adani - Ambani: दुनिया के सबसे अमीर लोगों की लिस्ट में गौतम अडानी एक बार फिर तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मुकेश अंबानी भी टॉप 10 से बाहर हो गए हैं।

Written By :  Neel Mani Lal
Update: 2022-09-27 14:41 GMT

रईसों की लिस्ट में अडानी - अंबानी नीचे खिसके। (Social Media)

Adani - Ambani: दुनिया के सबसे अमीर लोगों की लिस्ट में गौतम अडानी (gautam adani) एक बार फिर तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं। अरबपति अडानी अब टेस्ला के प्रमुख एलोन मस्क (Tesla chief Elon Musk) और अमेज़न के संस्थापक जेफ बेजोस (Amazon founder Jeff Bezos) से पीछे चले गए हैं। रैंकिंग में गिरावट घरेलू इक्विटी बाजारों में गिरावट के चलते आई है। शेयर बाजार लुढ़कने के कारण रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मुकेश अंबानी (Reliance Industries Chairman Mukesh Ambani) भी टॉप 10 से बाहर हो गए हैं।

गौतम अडानी की कंपनियों के शेयर की कीमत गिरी

शेयर बाजार में गिरावट के बीच गौतम अडानी की कंपनियों के शेयर की कीमत भी गिर गई थी। इस बीच, जेफ बेजोस की संपत्ति बढ़कर 138 बिलियन डॉलर हो गई है। बाजार की गिरावट ने रिलायंस के चेयरमैन मुकेश अंबानी को भी नीचे खिसका दिया और उन्हें दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में टॉप 10 से बाहर कर दिया। अब वह फिसलकर 11वें स्थान पर आ गए हैं क्योंकि उनकी कुल संपत्ति 82.4 अरब डॉलर पर आ गई है। इस महीने की शुरुआत में अडानी, बेजोस को पछाड़कर दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बनने में सफल रहे थे।

अडानी ने कुल संपत्ति में 58.5 अरब डॉलर का किया इजाफा

ऐसा करने वाले वे पहले भारतीय और साथ ही पहले एशियाई थे। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक, अडानी ने इस साल अब तक अपनी कुल संपत्ति में 58.5 अरब डॉलर का इजाफा किया है। इस बीच, एलोन मस्क और जेफ बेजोस की कुल संपत्ति में क्रमशः 25.1 बिलियन और 54.3 बिलियन डॉलर की गिरावट आई है।

शीर्ष 14 अरबपतियों में से केवल अडानी की संपत्ति में हुई वृद्धि

ध्यान देने योग्य है कि ब्लूमबर्ग इंडेक्स में शीर्ष 14 अरबपतियों में से केवल अडानी की संपत्ति में वृद्धि हुई है, जबकि अन्य सभी अरबपतियों ने अपनी संपत्ति में अरबों की गिरावट देखी है। पिछले हफ्ते, अडानी, अंबानी को पीछे करके 'आईआईएफएल वेल्थ हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2022' में भारत का सबसे अमीर व्यक्ति बन गए थे। गौतम अडानी एकमात्र भारतीय हैं जिन्होंने एक नहीं, बल्कि सात ऐसी कंपनियों का निर्माण किया है, जिनका मार्केट कैप 1 लाख करोड़ रुपये है। 

Tags:    

Similar News