Goods and Services Tax GST: जून में जीएसटी राजस्व संग्रह में जबरदस्त बढ़ोतरी, पिछले साल की तुलना में 12% की वृद्धि

Goods and Services Tax GST: वस्तु एवं सेवा कर अर्थात जीएसटी (GST) ने 01 जुलाई, 2023 को 6 साल पूरे किए। साल 2017 में आज के ही दिन इसे लागू किया गया था।

Update: 2023-07-01 09:56 GMT
GST (Social Media)

Goods and Services Tax GST: वस्तु एवं सेवा कर अर्थात जीएसटी (GST) ने शनिवार (01 जुलाई) को 6 साल पूरे किए। साल 2017 में आज के ही दिन इसे लागू किया गया था। इस बीच केंद्र सरकार के लिए गुड न्यूज़ है। वित्त मंत्रालय (Finance Ministry) ने आज कहा कि, 'वस्तु एवं सेवा कर संग्रह जून में 12 फीसदी बढ़कर 1.61 लाख करोड़ रुपए से अधिक हो गया है।'

आपको बता दें, वस्तु एवं सेवा कर संग्रह मई में 12 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 1.57 लाख करोड़ रुपए रहा था। ये लगातार चौथा महीना है, जब GST कलेक्शन 1.50 लाख करोड़ रुपए से ऊपर रहा है। वित्त मंत्रालय ने इस बारे में जानकारी दी। बाजार के विशेषज्ञों का कहना है कि ये सभी राज्यों में पिछले एक साल से लगातार अच्छे आर्थिक प्रदर्शन को प्रदर्शित करता है। मई, 2022 में GST कलेक्शन 1.41 लाख करोड़ रुपए रहा था।

15वीं बार आंकड़ा 1.40 लाख Cr. के पार

वित्त मंत्रालय ने बताया, इससे पूर्व अप्रैल 2023 में जीएसटी संग्रह रिकॉर्ड 1.87 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गया था, जबकि मार्च में यह 1.60 लाख करोड़ रुपए रहा था। पिछले महीने यानी जून लगातार 15वां महीना रहा जब जीएसटी संग्रह 1.40 लाख करोड़ रुपए से अधिक रहा। एक जुलाई, 2017 को GST लागू होने के बाद जीएसटी कलेक्शन 6 बार 1.50 लाख करोड़ रुपए के आंकड़े को पार किया है।

आंकड़ों से समझें GST की विकास दर

वित्त मंत्रालय (Finance Ministry on GST) ने कहा कि, 2021-22, 2022-23 और 2023-24 की पहली तिमाही अर्थात अप्रैल-जून के लिए औसत मासिक सकल जीएसटी संग्रह (Average Monthly Gross GST Collection) क्रमशः 1.10 लाख करोड़ रुपए, 1.51 लाख करोड़ रुपए और 1.69 लाख करोड़ रुपए रहा। अपने बयान में ये भी कहा कि, जून 2023 में सकल जीएसटी राजस्व संग्रह 1,61,497 करोड़ रुपए है।

केंद्रीय जीएसटी और राज्य जीएसटी कितना?
मंत्रालय ने जानकारी में ये भी बताया कि, इसमें केंद्रीय जीएसटी (Central GST) 31,013 करोड़ रुपए जबकि राज्य जीएसटी (State GST) 38,292 करोड़ रुपए रहा। एकीकृत जीएसटी (Integrated GST) 80,292 करोड़ रुपए रहा, जिसमें माल के आयात पर जमा 39,035 करोड़ रुपए भी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त उपकर 11,900 करोड़ रुपए (माल के आयात पर एकत्र 1,028 करोड़ रुपए सहित) है।

पिछले साल की तुलना में 12 फीसदी ज्यादा

राजस्व संग्रह (Revenue Collection) जून 2023 में पिछले साल के इसी महीने की तुलना में 12 प्रतिशत ज्यादा है। समीक्षाधीन महीने के दौरान घरेलू लेन-देन (सेवाओं के आयात सहित) से राजस्व सालाना आधार पर 18 फीसदी अधिक रहा। इससे पूर्व, अप्रैल में जीएसटी कलेक्शन 1.87 लाख करोड़ रुपए के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था। मई में संग्रह 1.57 लाख करोड़ रुपए रहा था।

Tags:    

Similar News