Lucknow Billionaire: अमेरिका का बिलेनियर है लखनऊ का ये शख्स, जानें कितनी है संपत्ति

Lucknow Billionaire: मनोज भार्गव का जन्म साल 1953 में लखनऊ में हुआ था। साल 1967 में वह अपने परिवार के साथ फिलाडेल्फिया, पेंसिल्वेनिया, संयुक्त राज्य अमेरिका चले गए थे। बचपन से ही भार्गव की गणित में रुचि थी।

Update:2024-09-18 13:51 IST

लखनऊ के सबसे अमीर आदमी हैं मनोज भार्गव (सोशल मीडिया)

Lucknow Richest Person: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में जन्मे मनोज भार्गव शहर के सबसे धनवान लोगों में से एक हैं। मनोज भार्गव ने देश ही नहीं विदेश में भी अपनी पहचान बनायी है। उनकी गिनती अमेरिका के सफल और मशहूर अरबपतियों में होती हैं। फोर्ब्स के अनुसार 1.5 अरब डॉलर (12,580 करोड़ रुपये) की संपत्ति वाले लखनऊ के मनोज भार्गव सबसे सफल शख्सियतों में शामिल हो गए हैं। मनोज भार्गव एक सफल बिजनेसमैन होने के साथ ही सामाजिक कार्यो के लिए भी जाने जाते हैं। उन्होंने अपनी संपत्ति का एक बड़ा हिस्सा वैश्विक गरीबी को दूर करने के लिए दान दिया है।

कौन हैं मनोज भार्गव

मनोज भार्गव (Manoj Bhargava) का जन्म साल 1953 में लखनऊ में हुआ था। साल 1967 में वह अपने परिवार के साथ फिलाडेल्फिया, पेंसिल्वेनिया, संयुक्त राज्य अमेरिका चले गए थे। बचपन से ही भार्गव की गणित में रुचि थी। हाईस्कूल की पढ़ाई के दौरान ही भार्गव का परिवार फिलाडेल्फिया चला गया। वहां पर उन्होंने प्रिंसटन यूनिवर्सिटी में दाखिला लिया। हालांकि, उन्होंने दाखिला लेने के बाद एक साल बाद ही पढ़ाई बीच में ही छोड़ दिया और एक नया रास्ता चुन लिया।


मशहूर एनर्जी ड्रिंक कंपनी के मालिक हैं मनोज भार्गव

मनोज भार्गव भारतीय अमेरिकी व्यवसायी हैं। भार्गव इनोवेशन वेंचर्स एलएलसी (डीबीए लिविंग एसेंशियल एलएलसी) के संस्थापक और सीईओ हैं। मनोज भार्गव मशहूर एनर्जी ड्रिंक ब्रांड 5 ऑवर एनर्जी ड्रिंक (5-Hour Energy) के संस्थापक हैं। 5 ऑवर एनर्जी लिविंग एसेंशियल एलएलसी द्वारा निर्मित “एनर्जी शॉट“ है। 5 ऑवर एनर्जी ड्रिंक को सीईओ मनोज भार्गव ने साल 2004 में लॉन्च किया था। इसी कंपनी ने भार्गव को सफलता की ऊंचाईयों तक पहुंचाया और उन्होंने अरबों की कमाई की। 5 ऑवर एनर्जी ड्रिंक (5-Hour Energy) की सफलता ने मनोज भार्गव को फोर्ब्स की अरबपतियों की लिस्ट में भी जगह दिलायी।

फोर्ब्स के अनुसार बिजनेसमैन मनोज भार्गव की कुल संपत्ति 1.5 अरब डॉलर (लगभग 12,580 करोड़ रुपये) है। 5 ऑवर एनर्जी के अलावा मनोज भार्गव ने मीडिया और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में भी निवेश किया है। मनोज भार्गव ने हाल ही में अरेना ग्रुप होल्डिंग्स इंक में 65 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीद लिया है। अरेना ग्रुप होल्डिंग्स इंक (Arena Group Holdings Inc) के पास स्पोर्ट्स इलस्ट्रेटेड, द स्ट्रीट और मेन्स जर्नल जैसे फेमस ब्रांड हैं। मनोज भार्गव का यह कदम डिजिटल और ब्रॉडकास्टिंग मीडिया में उनके प्रभाव को बढ़ाएगा। मनोज भार्गव अपने इस प्रयास से डिजिटल, प्रिंट, कॉमर्स और वीडियो प्लेटफॉर्म को एक साथ जोड़कर मजबूत नेटवर्क बनाना चाहते हैं। इससे मीडिया जगत में उनकी पकड़ भी मजबूत होगी।


सामाजिक कार्यो में भी करते हैं हिस्सेदारी

लखनऊ के रहने वाले सफल बिजनेसमैन मनोज भार्गव सामाजिक और परोपकार के कार्यो के लिए भी जाने जाते हैं। उन्होंने अपनी कुल कमाई का एक बड़ा हिस्सा गरीबी दूर करने के लिए दान कर दिया है। भार्गव का मानना है कि अपनी कमाई के धन के एक हिस्से का इस्तेमाल लोगों की मदद के लिए करना चाहिए।

Tags:    

Similar News