Jahangirpuri Violence: जहांगीरपुरी में फिर पथराव, आरोपी की पत्नी को हिरासत में लेने गई थी पुलिस

Jahangirpuri Violence: पुलिस जहांगीरपुरी इलाके में गोली चलाने वाले आरोपी की पत्नी को हिरासत में लेने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम पर स्थानीय लोगों ने पथराव कर दिया।

Written By :  aman
Update: 2022-04-18 08:50 GMT

jahangirpuri Violence 

Jahangirpuri Violence : दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में सोमवार को एक बार फिर पथराव की घटनाएं सामने आई हैं। जानकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस जहांगीरपुरी इलाके में गोली चलाने वाले आरोपी की पत्नी को हिरासत में लेने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम पर स्थानीय लोगों ने पथराव कर दिया।

बता दें कि, इससे पहले राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जहांगीरपुरी में 16 अप्रैल को हनुमान जयंती के मौके पर शोभायात्रा के दौरान हिंसा भड़की थी। उस हिंसा के बाद अब तक करीब 21 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है।

क्राइम ब्रांच की टीम पर पथराव

जहांगीरपुरी हिंसा की जांच के दौरान आज क्राइम ब्रांच की टीम (Crime Branch Team) पर पत्थर फेंके गए। ताजा जानकारी के अनुसार, मेन गेट को बंद कर दिया गया है। पुलिस हालात संभालने की कोशिशों में जुटी है। टीम वहां वीडियो में दिखने वाले संदिग्ध सोनू चिकना को अरेस्ट करने पहुंची थी। बताया जाता है तभी टीम पर पथराव होने लगा। सोनू को पकड़ने के लिए जैसे ही टीम गली में घुसी वैसे ही एक इमारत की तीसरी मंजिल से पथराव होने लगा।  

आरोपी सोनू की पत्नी को ले गई पुलिस

लगातार पथराव के बावजूद पुलिस टीम उक्त महिला को अपने साथ ले गई। यह महिला सोनू चिकना की पत्नी बताई जा रही है। सोनू को 16 अप्रैल की हिंसा वाले दिन वीडियो में गोली चलाते देखा गया था। उसकी पत्नी को आज पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस उससे पूछताछ करेगी। आरोपी सोनू चिकना इस वक्त फरार बताया जाता है। सोनू जहांगीरपुरी के सी- ब्लॉक में रहता है। पुलिस ने सोनू के भाई सलीम चिकना को भी गिरफ्तार कर लिया है। यह परिवार पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। आरोपी की मां ने बताया कि उसका छोटा बेटा सलीम हिंसा में शामिल नहीं था, बावजूद उसे गिरफ्तार किया गया है।

एक पुलिसकर्मी घायल 

जहांगीरपुरी में ताजा पत्थरबाजी में क्राइम ब्रांच की टीम का एक सदस्य घायल हो गया है। इस पुलिसकर्मी का नाम सतेंद्र खारी बताया जा रहा है। फिलहाल उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।  



Tags:    

Similar News