Ghaziabad Crime News: ऑनलाइन गेमिंग पर सबसे बड़ी ठगी, दो ग्रेजुएट लड़कों के कारनामे से पुलिस हैरान

गाजियाबाद में ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर करोड़ों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। मामले में दो ग्रेजुएट लड़कों को गिरफ्तार किया गया है।

Report :  Bobby Goswami
Published By :  Shashi kant gautam
Update: 2021-08-06 02:01 GMT

गाजियाबाद: ऑनलाइन गेमिंग पर सबसे बड़ी ठगी 

Ghaziabad Crime News: उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद में ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर करोड़ों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। मामले में दो ग्रेजुएट लड़कों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों लड़के दिल्ली के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके पास से जो दस्तावेज बरामद किए हैं, उनसे साफ हो रहा है कि इन्होंने अब तक ऑनलाइन गेम और सट्टे के नाम पर करोड़ों रुपए की ठगी अंजाम दी थी। ठगी करने का इनका फार्मूला सबसे अलग था।

गाजियाबाद में विजय नगर पुलिस ने नितिन गुप्ता और अनुराग नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों दिल्ली के रहने वाले हैं। पता चला है कि दोनों ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर लोगों को रुपए कमाने का झांसा देते थे। लेकिन इसके नाम पर लोगों को व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा जाता था। शुरू में लिंक पर क्लिक करते ही आरोपी अपने शिकार को फसाने के लिए उसे कुछ रुपए जीतने का मौका दे देते थे। लेकिन बाद में उसी शिकार से मोटी रकम ठग ली जाती थी।

फर्जी सिम और मोबाइल फोन बरामद हुए

ऑनलाइन सट्टे और गेमिंग के नाम पर ही सब कुछ किया जाता था। इनसे कई फर्जी सिम और मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं। एक बार ठगी करने के बाद यह उस सिम को तोड़ कर फेंक देते थे,और फिर फर्जी दस्तावेज से दूसरा सिम ले लेते थे।दोनों आरोपियों ने जिओ टावर लगवाने का झांसा देकर भी लोगों से लाखों रुपए ठगे हैं।

गाजियाबाद: फर्जी सिम और मोबाइल फोन बरामद हुए

एक बैंक अकाउंट में 95 लाख ट्रांसफर

पुलिस के मुताबिक इनके पास से कई बैंक अकाउंट के कागजात बरामद हुए हैं। जिनमें से एक बैंक अकाउंट में करीब 95 लाख हाल ही में ट्रांसफर किए गए थे।यह पूरी रकम ठगी की अमाउंट है। इन्होंने दिल्ली से लेकर अन्य राज्यों तक लोगों को ठगा है। आगे पुलिस इनसे जांच पड़ताल कर रही है, कि अब तक इन्होंने कितने लोगों को शिकार बनाया है। पुलिस ने कहा है कि अगर आपको कोई जिओ टावर लगवाने का झांसा दे रहा है, या ऑनलाइन गेम के जरिए रुपए कमाने का लालच दे रहा ह तो ऐसे लोगों से सावधान रहें।नहीं तो अपनी मेहनत की कमाई आप खो सकते हैं।


Tags:    

Similar News