President Jovenel Moise: किसने की हैती के राष्ट्रपति की हत्या? पुलिस ने इन्हें लिया हिरासत में

Haiti President Jovenel Moise Murder: प्रेसिडेंट जोवेनल मोइस की 7 जुलाई को उनके निजी आवास में गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। इसमें कोलंबियाई और अमेरिकी शामिल थे।

Written By :  Neel Mani Lal
Published By :  Shreya
Update: 2021-07-09 09:15 GMT

प्रेसिडेंट जोवेनल मोइस (फाइल फोटो साभार- सोशल मीडिया) 

President Jovenel Moise Murder: करीब 25-30 साल पहले अफ्रीकी और दक्षिण अमेरिकी देशों में तख्ता पलट के लिए भाड़े के सैनिकों यानी मर्सनेरी का जम कर इस्तेमाल किया जाता था। अब वही कहानी हैती (Haiti) में दोहराई गई है जहां भाड़े के सैनिकों ने देश के प्रेसिडेंट को घर में घुस कर मार डाला।

अफ्रीकी और दक्षिणी अमेरिकी देशों में अपनी मनमानी करवाने के उद्देश्य से पश्चिमी देशों की सरकारें, खुफिया एजेंसियां, बड़ी कंपनियां भाड़े के सैनिकों के जरिये हत्याएं, अपहरण आदि कराती रही हैं। लेकिन धीरे धीरे ये ट्रेंड खत्म होता चला गया। अब हैती के हत्याकांड ने पुरानी कहानी की यादें ताजा कर दी हैं।

इन्होंने की राष्ट्रपति की हत्या (Haiti Ke Rashtrapati Ki Hatya)

हैती के सरकारी अधिकारियों ने कहा है कि हैती में कनाडा दूतावास (Canada Embassy) के पूर्व सुरक्षा प्रमुख और उसके कमांडो ने प्रेसिडेंट (President Jovenel Moise) की हत्या की है। ये शख्स अमेरिकी नागरिक बताया गया है। प्रेसिडेंट जोवेनल मोइस की 7 जुलाई को उनके निजी आवास में गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस हत्याकांड में 17 संदिग्धों को हिरासत में लिया है जिनमें में से दो हैती और अमेरिका की दोहरी नागरिकता रखते हैं।

(फोटो साभार- सोशल मीडिया)

वहीं कोलंबिया की सरकार का कहना है कि हमलावर दस्ते में शामिल कम से कम छह पूर्व सैनिक शामिल थे। कुल हमलावर दस्ते की संख्या 30 से 40 कमांडो की बताई जा रही है जिसमें 26 कोलंबिया के नागरिक हैं। ये सब आधुनिक हथियार से लैस थे। ये सब किसके इशारे पर काम कर रहे थे, ये पता नहीं चला है।

दो नागरिकों की हुई पहचान

अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा कि वह उन रिपोर्टों से अवगत है कि हैती-अमेरिकी नागरिक हिरासत में हैं लेकिन इसकी पुष्टि नहीं की जा सकती। वैसे, दो हैती-अमेरिकी नागरिकों की पहचान हैती के अधिकारियों द्वारा की गई है- उनमें जेम्स सोलेजेस, (35) और जोसेफ विंसेंट (55)। 53 साल के मोइस ने फरवरी 2017 में ही राष्ट्रपति पद संभाला था।

मोइस केले का करियर (Jovenel Moise Career)

राजनीति में आने से पहले मोइस केले के कारोबारी थे। हैती को केले के प्रमुख निर्यातक बनाने के लिए उन्हें याद किया जाता है। हैती में मोइस को 'बनाना मैन' भी कहा जाता था। उनके बिजनेस मॉडल के चलते सवा करोड़ आबादी वाले हैती में करीब 13,000 नौकरियां पैदा हुईं। लेकिन राष्ट्रपति बनने के बाद उनकी राजनीतिक मुश्किलें बढ़ती गईं। पेट्रोल और डीजल की महंगाई के कारण 7 जुलाई 2018 को हैती में मोइस के खिलाफ प्रदर्शन शुरू हुए। बाद में खाने पीने के सामान की कमी और अव्यवस्था जैसे मुद्दे भी इसमें जुड़ गए। ये प्रदर्शन फरवरी 2021 तक जारी रहे। इन प्रदर्शनों के शुरू होने के ठीक तीन साल बाद 7 जुलाई 2021 को मोइस की हत्या कर दी गई।

हैती ऐतिहासिक और जातीय-भाषाई स्थिति कई कारणों से अद्वितीय है। यह लैटिन अमेरिका में उपनिवेशवाद के बाद के दौर का पहला स्वतंत्र देश था, जिसका नेतृत्व किसी काले व्यक्ति के हाथों में था।

दोस्तों देश और दुनिया की खबरों को तेजी से जानने के लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Tags:    

Similar News