Sonbhadra Crime News: कनपटी पर सटाकर मारी गोली, हत्या कर युवक का शव खेत में फेंका, एसपी ने गठित की जांच टीम

उत्तर प्रदेश के जनपद सोनभद्र में चोपन थाना क्षेत्र के सिंदुरिया निवासी एक युवक की शनिवार की भोर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। असलहा कनपटी के पास सटाकर गोली मारी गई।

Published By :  Shashi kant gautam
Update: 2021-08-14 06:14 GMT

 सोनभद्र: हत्या कर युवक का शव खेत में फेंका, जांच करती पुलिस

Sonbhadra Crime News: चोपन थाना क्षेत्र के सिंदुरिया निवासी एक युवक की शुक्रवार की रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली कनपटी के पास तमंचा सटाकर मारी गई। उसके बाद शव गांव के मुख्य मार्ग स्थित वर्दिया तिराहे के पास खेत में फेंक दिया गया। सुबह जब लोगों की नजर खेत की तरफ गई तो लाश पड़ी देख अवाक रह गए। नजदीक जाकर देखा तो गोली मारी गई थी।

खबर मिलते ही पहुंची पुलिस ने लोगों से जरूरी जानकारी जुटाने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। उधर, एसपी अमरेंद्र प्रताप सिंह ने पहुंचकर मौके का जायजा लिया। परिवार के लोगों और वहां मौजूद ग्रामीणों से बातचीत कर हत्या के संबंध में जरूरी जानकारी हासिल की। एसपी की तरफ से टीम गठित कर चोपन पुलिस के साथ ही मातहतों को जल्द खुलासे के निर्देश दिए गए हैं।

सुरेंद्र पांडेय का उनकी पत्नी के साथ विवाद चल रहा था

चोपन थाना क्षेत्र के सिंदुरिया गांव निवासी सुरेंद्र पांडेय (46) पुत्र स्व. संखू पांडेय एक सामान्य किसान थे। उनकी शादी मऊ निवासी तथा चोपन में रेलवे की नौकरी करने वाले व्यक्ति की पुत्री शिवकुमारी से हुई थी। लगभग 10 साल से दोनों के बीच विवाद और तनाव की स्थिति बनी हुई है। विवाह के बाद से सुरेंद्र सिंदुरिया गांव में स्थित पुश्तैनी मकान में अकेले रहते थे। जबकि पत्नी शिवकुमारी उनके दो बच्चों के साथ चोपन बैरियर स्थित उनके मकान में रह रही हैं। ग्रामीणों के मुताबिक शुक्रवार की शाम तक वह गांव में देखे गए। वही उनके पुश्तैनी मकान में किराए पर रह रहे छात्रों ने पुलिस को बताया कि रात आठ बजे के करीब उनसे दो लोग मिलने आए थे। दोनों के जाने के बाद सुरेंद्र के मोबाइल पर किसी का फोन आया।

कनपटी के पास सिर में गोली मारी गई

इसके बाद दो घंटे में लौट कर आने की बात कहते हुए बाइक लेकर घर से चले गए। इसके बाद फिर घर वापस नहीं आए शनिवार की सुबह 7:30 बजे के करीब कुछ ग्रामीण चोपन-सिंदुरिया मार्ग से बर्दिया की तरफ मुड़ने वाले रास्ते के पास पहुंचे तो देखा कि कुछ दूरी पर खेत में सुरेंद्र का शव फेंके हाल में पड़ा हुआ था। नजदीक जाकर देखा तो उनके कनपटी के पास सिर में गोली मारी गई थी। नाक से खून निकल रहा था। इसकी खबर मिलते ही सिंदुरिया के साथ, चोपन बाजार और आसपास के गांवों के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मौके का मुआयना करने के बाद शव को कब्जे में ले लिया। पत्नी से विवाद के अलावा मृतक के अन्य किसी से रंजिश तो नहीं थी इसको लेकर पुलिस जानकारी जुटाने में लगी रही।

पुलिस कप्तान अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया

उधर, जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस कप्तान अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम से स्थितियां जंचवाई गई। परिवार के लोग, ग्रामीणों और शव को सबसे पहले देखने वाले लोगों से पूछताछ कर जरूरी जानकारी ली गई। शुक्रवार की शाम वह किन लोगों के साथ देखे गए थे और उसके बाद वह कहां चले गए?

मामले की जांच करवाई जा रही है: एसपी अमरेंद्र प्रताप सिंह

इसके बारे में भी लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई जाती रही। वहीं मौके के निरीक्षण के बाद पत्रकारों से वार्ता करते हुए एसपी अमरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि वर्दिया तिराहे के पास मिले सुरेंद्र के शव पर गन शाट के निशान पाए गए हैं। मौके पर जो भी साक्ष्य मिले हैं उसे परीक्षण के लिए एकत्रित कर लिया गया है। अभी तक की जांच में पारिवारिक विवाद के अलावा उनसे जुड़ा कोई अन्य मामला सामने नहीं आया है। सुरेंद्र गांव में अकेले रहते थे। पत्नी उनकी चोपन स्थित मकान पर रहती हैं। हर दृष्टि से मामले की जांच करवाई जा रही है। साथ ही इसके जल्द खुलासे के निर्देश दिए गए हैं।

Tags:    

Similar News