YRF Spy Universe Films: अल्फा का बॉक्स ऑफिस पर क्या होगा हाल? देखें YRF की स्पाई यूनिवर्स की पिछली फिल्मों का रिकॉर्ड
YRF Spy Universe Films: यशराज फिल्म्स की पहली फीमेल लीड स्पाई फिल्म 'अल्फा' पर दर्शकों की नजरें टिकी हुईं हैं, इससे पहले चलिए YRF की अन्य स्पाई यूनिवर्स फिल्मों की बॉक्स ऑफिस सफलता पर एक नजर डालते हैं।
YRF Spy Universe Films: यशराज फिल्म्स (YRF) के बैनर तले एक से एक शानदार स्पाई फिल्में बनाई जा चुकीं हैं, जो बॉक्स ऑफिस पर सारे रिकॉर्ड तोड़ चुकी है, वहीं, अब YRF अपनी अगली स्पाई यूनिवर्स फिल्म के साथ दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है, लेकिन दिलचस्प बात यह है कि YRF की ये अपकमिंग फिल्म एक फीमेल लीड स्पाई फिल्म होने वाली है, जिसका नाम अल्फ़ा है, फिलहाल, अब दर्शकों की नजरें अल्फा मूवी पर टिकी हुई है, क्या YRF की अन्य स्पाई फिल्मों की तरफ ये भी बॉक्स ऑफिस पर तगड़ा कलेक्शन कर पाएगी। अल्फा की रिलीज से पहले चलिए यशराज फिल्म्स की अन्य स्पाई फिल्मों के प्रदर्शन के बारे में बताते हैं।
यशराज फिल्म्स की स्पाई फिल्में
यशराज फिल्म्स द्वारा स्पाई एक्शन फिल्मों की शुरुआत 2012 में हुई थी। स्पाई फ्रेंचाइजी फिल्मों की खासियत यह है कि ये सभी फिल्में आपस में कनेक्ट होती हैं। यहां पढ़ें अब तक की सभी स्पाई फिल्मों के बारे में -
एक था टाइगर
यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स फ्रेंचाइजी की शुरुआत 2012 में हुई थी, पहली फिल्म "एक था टाइगर" थी। इस फिल्म में सलमान खान, कैटरीना कैफ और रणवीर शौरी लीड रोल में थे। फिल्म का निर्देशन कबीर खान ने किया था। ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी, दुनिया भर में फिल्म ने 334.39 करोड़ रुपए का कुल कलेक्शन किया था।
टाइगर जिंदा है
इसके बाद यशराज फिल्म्स की दूसरी स्पाई फ्रेंचाइजी रिलीज हुई, जिसका नाम "टाइगर जिंदा है" था, ये फिल्म 2017 में रिलीज हुई थी। टाइगर जिंदा है में भी सलमान खान और कैटरीना कैफ मुख्य किरदारों में थे, साथ ही परेश रावल और अंगद बेदी भी सहायक भूमिकाओं में थे। अली अब्बास जफर ने इस फिल्म को निर्देशित किया था, ये फिल्म भी ब्लॉकबस्टर हुई थी। 'टाइगर जिंदा है' ने दुनियाभर में कुल 564 करोड़ रुपए का शानदार कलेक्शन किया था।
वॉर
टाइगर जिंदा है के बाद YRF की अगली स्पाई फिल्म वॉर 2019 में रिलीज हुई, वॉर फिल्म में ऋतिक रोशन, टाइगर श्रॉफ और वाणी कपूर मुख्य किरदारों में थे। इस फिल्म को सिद्धार्थ आनंद ने निर्देशित किया था, जिसने बॉक्स ऑफिस पर आग लगा दी थी। वॉर ने बॉक्स ऑफिस पर छप्परफाड़ कलेक्शन किया था। दुनियाभर में वॉर का कलेक्शन कुल 475.62 करोड़ रुपए था।
पठान
वॉर की धमाकेदार सफलता के बाद अगली स्पाई फिल्म पठान आई, जिसने भी बॉक्स ऑफिस पर गर्दा उड़ा दिया था। पठान साल 2023 में रिलीज हुई, जिसने कमाई के मामले में सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। पठान में शाहरुख खान, जाॅन अब्राहम और दीपिका पादुकोण लीड रोल में थे, जबकि सलमान खान का कैमियो था। फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद द्वारा ही किया गया था। शाहरुख खान की फिल्म 'पठान' ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर शानदार 1,050.3 करोड़ रुपए कमाए थे।
टाइगर 3
2023 में YRF की अगली स्पाई फिल्म आई, जो कि टाइगर 3 थी, इस फिल्म में सलमान खान, कैटरीना कैफ और इमरान हाशमी मुख्य भूमिका में थे। शाहरुख खान का फिल्म में कैमियो था। टाइगर 3 बॉक्स ऑफिस पर सेमी-हिट फिल्म साबित हुई थी। इस फिल्म ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर लगभग 466 करोड़ रुपए का कुल कलेक्शन किया था। बता दें कि इस फिल्म का निर्देशन मनीष शर्मा ने किया था।
वॉर 2
2025 में यशराज फिल्म्स की अगली स्पाई फ्रेंचाइजी वॉर 2 रिलीज हुई, जिसे बनाया तो बहुत ही बड़े पैमाने पर गया था। फिल्म में ऋतिक रोशन, जूनियर NTR और कियारा आडवाणी लीड रोल में थे। इस फिल्म को अयान मुखर्जी द्वारा निर्देशित किया गया था। वॉर 2 बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप हुई थी। वॉर 2।ने अपने लाइफटाइम बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के तौर पर वर्ल्डवाइड लगभग ₹303 से ₹351 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन किया था।
अल्फा
वॉर 2 के बुरी तरह फ्लॉप होने के बाद, अब सबकी नजरें अगली स्पाई फिल्म अल्फा पर टिकी हुई है, जिसमें आलिया भट्ट, शरवरी वाघ, अनिल कपूर और बॉबी देओल लीड रोल में हैं। इस फिल्म का निर्देशन शिव रवैल ने किया है। फिल्म 3 जुलाई को बड़े पर्दे पर दस्तक देने को तैयार है, देखना होगा कि अल्फा को बॉक्स ऑफिस पर कैसी प्रतिक्रिया मिलेगी।