Panipat Fire Case: पानीपत की कंबल फैक्ट्री में भीषण आग, दमकल की 15 गाड़ियां पहुँची, कई मज़दूरों के अंदर फंसे होने की आशंका
Panipat Fire Case:;
फैक्ट्री में आग लगने के बाद उठता धुआँ। Source- Social Media
Panipat Fire Case: बुधवार की दोपहर पानीपत के सेक्टर 29 की आदर्श कंबल फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। फैक्ट्री में काम कर रहे कई मज़दूर अभी भी अंदर फंसे हुए हैं जिन्हें सुरक्षित रेस्क्यू करने के प्रयास जारी हैं। वहीं, आग लगने से फैक्ट्री के अंदर काम कर रहे मजदूरों और आसपास के इलाकों में भी हड़कंप मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि आग से फैक्ट्री में लाखों रूपये का नुक्सान हुआ है।
मौके पर पहुँची दमकल की 15 गाड़ियां
आग की घटना ने कुछ ही देर में फैक्ट्री के अंदर रखे रॉ मटेरियल को अपनी चपेट में ले लिया जिसके बाद आग ने विकराल रूप ले लिया। फैक्ट्री के अंदर से निकलती तेज लपटों को देखकर आसपास के लोगों ने पुलिस और दमकल को सूचना दी। जिसके बाद मौके पर पहुँची दमकल की करीब 15 गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं। समाचार लिखे जाने तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका था।
इलाके की घेराबंदी कर मज़दूरों को बचाने के प्रयास जारी
सूचना के बाद मौके पर पहुँची पुलिस ने फैक्ट्री एवं उसके आसपास के इलाकों में घेराबंदी कर दी। इसके अलावा फैक्ट्री के पास बसे बाशिंदों को भी उसके करीब जाने से रोक दिया। फ़िलहाल अंदर फंसे मजदूरों को बचाने के प्रयास जारी हैं। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि अंदर कितने मज़दूर थे। साथ ही आग किन कारणों से लगी इसका पता लगाने में भी पुलिस जुटी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आग शार्ट सर्किट से लगी है। हालाँकि अभी तक पुलिस आग लगने के कारणों की पुष्टि नहीं कर सकी है।
करनाल और सोनीपत फायर ब्रिगेड को किया गया सूचित
घटनास्थल पर पहुंचे दमकल अधिकारी गुरमेल ने बताया कि आग की घटना इतनी विकराल है कि पानीपत फायर विभाग की 15 गाड़ियां मौके पर बुलानी पड़ी हैं। इसके अलावा सोनीपत और हरियाणा फायर विभाग को भी इसकी जानकारी दे दी गई है। आवश्यकता पड़ने पर वहाँ से भी सहयोग लिया जाएगा।