Ram Rahim: संयोग या चुनावी कनेक्शन! राम रहीम को फिर मिल गयी पैरोल

Ram Rahim: तकरीबन सत्रह दिन पहले बीते यानी ग्यारह तारीख़ को भी बाबा को इक्कीस दिन की पैरोल मिल चुकी थी। संयोग है कि इन दिनों भी हरियाणा में विधानसभा चुनाव चल रहे थे।

Newstrack :  Network
Update:2024-10-03 16:19 IST

राम रहीम को फिर मिल गयी पैरोल (सोशल मीडिया)

Ram Rahim Parole: सियासत में संयोगों का बहुत ही महत्व है। पर कई बार संयोग चौंकाने लगते हैं। परेशान करने लगते हैं। नतीजतन, जो भी हुआ उसे महज़ संयोग मानने का मन नहीं करता है। हम बात डेरा सच्चा सौदा के बाबा गुरमीत राम रहीम और उनके पैरोल की कर रहे हैं। रेप और हत्या के मामले में बीस साल की सजा काट रहे राम रहीम जब से जेल में गये हैं। तब से उन्हें नौ बार पैरोल पाने का सौभाग्य मिला। केवल एक बार ऐसा हुआ जब हरियाणा में कोई चुनाव नहीं था और राम रहीम को पैरोल मिला।

बाक़ी आठ बार जब भी उन्हें पेरोल मिला। तब-तब हरियाणा या आसपास में कोई न कोई चुनाव ज़रूर रहा है। हाल फ़िलहाल पहली अक्टूबर को डेरा प्रमुख राम रहीम को पैरोल मिली है। जबकि हरियाणा में विधानसभा चुनाव चल रहे हैं। इसी महीने की पाँच तारीख़ को वहाँ मतदान और आठ तारीख़ को मतगणना है। बाबा राम रहीम को बीस दिन का पैरोल मिला है। राम रहीम पर सिरसा के एक पत्रकार राम चंद्र छत्रपति की हत्या का आरोप है। जबकि अपने दो महिला अनुयायियों के साथ दुराचार के आरोप भी है। सीबीआई कोर्ट ने इन दोनों मामले में इन्हें सजा सुना रखी है।


यही नहीं, तकरीबन सत्रह दिन पहले बीते यानी ग्यारह तारीख़ को भी बाबा को इक्कीस दिन की पैरोल मिल चुकी थी। संयोग है कि इन दिनों भी हरियाणा में विधानसभा चुनाव चल रहे थे। राम रहीम को पचास दिन के पैरोल का अवसर तब मिला था, जब देश में लोकसभा चुनाव चल रहा था। बाबा को 20 जनवरी, 2024 तो पैरोल मिला था। यह बात दीगर है कि बाबा इस पैरोल का लाभ किसी राजनीतिक दल को नहीं दिलवा पाये। भाजपा को हरियाणा की दस में से पाँच सीटें मिलीं। जबकि पाँच सीटें विपक्षी खाते में गयी। हैरत यह है कि बाबा के पैरोल के संयोग को यह भी पता है कि उनका प्रभाव हरियाणा तक ही सीमित नहीं है। बल्कि राजस्थान चुनाव में भी बाबा के चेले प्रभावी हो सकते हैं। तभी तो बाबा को 21 नवंबर, 2023 को 21 दिन का पैरोल तब मिला जब राजस्थान चुनाव चल रहा था।

20 जुलाई, 2023 को जब हरियाणा में पंचायत के चुनाव चल रहे थे तब भी बाबा को 30 दिन का पैरोल हासिल हो गया था। आदमपुर के उप चुनाव में बाबा राम रहीम के असर का ही असर रहा होगा कि उन्हें 40 दिन का पैरोल 15 अक्टूबर, 2022 को हासिल हो गया। हरियाणा के नगर निकाय चुनाव के दौरान भी पैरोल पाने का संयोग बाबा राम रहीम जुटाने में कामयाब हो गये। उन्हें यह पैरोल 17 जनवरी, 2022 को 30 दिन का मिला। पंजाब के विधानसभा चुनाव के समय भी बाबा को इक्कीस दिन का पैरोल मिला। इस पेरोल में बाबा 7 फरवरी, 2022 को बाहर आये। एक बार ऐसा अवसर आया जब बिना किसी चुनाव के बाबा राम रहीम चालीस दिन के पैरोल का लुत्फ़ उठा सके। इस पैरोल पर बाबा 21 जनवरी, 2023 को छूटे।

Tags:    

Similar News