समुद्री डाकुओं के कब्जे में 22 भारतीयों वाला जहाज! यमन-सोमालिया के पास 2 कमर्शियल शिप हाईजैक

Yemen-Somalia Ship Hijack: यमन और सोमालिया के पास दो अलग-अलग घटनाओं में कमर्शियल जहाज हाईजैक किए गए हैं। दोनों जहाजों पर कुल 22 भारतीय नागरिक सवार हैं। जानें एमटी सिबू-1 और एमवी लुतुफ के हाईजैक की पूरी कहानी।

Update:2026-08-21 08:10 IST

Image Source- Social Media

Yemen-Somalia Ship Hijack: यमन और सोमालिया के पास अलग-अलग घटनाओं में दो कमर्शियल जहाजों को समुद्री डाकुओं ने हाईजैक कर लिया है। दोनों जहाजों पर कुल 22 भारतीय नागरिक सवार थे। अधिकारियों के मुताबिक, इन घटनाओं ने हॉर्न ऑफ अफ्रीका (Horn of Africa) के आसपास के समुद्री इलाकों में एक बार फिर समुद्री डकैती (Piracy) के खतरे को सामने ला दिया है।

पहली घटना यमन के पास अदन की खाड़ी (Gulf of Aden) में हुई, जहां छह हथियारबंद समुद्री डाकुओं ने इरिट्रिया के झंडे वाले तेल उत्पाद टैंकर एमटी सिबू-1 (M.T. Sibu 1) को हाईजैक कर लिया। इस जहाज पर 20 क्रू सदस्य सवार थे, जिनमें 16 भारतीय नागरिक शामिल हैं।

16 भारतीयों वाले जहाज का हाईजैक

एमटी सिबू-1 को छह हथियारबंद समुद्री डाकुओं ने अदन की खाड़ी में यमन के तट से करीब 30 नॉटिकल मील दूर हाईजैक किया। जहाज इरिट्रिया के झंडे के साथ चल रहा था और इसमें कुल 20 क्रू सदस्य सवार थे।

समुद्री प्रशासन निदेशालय (Directorate of Maritime Administration) की तैयार की गई रिपोर्ट के मुताबिक, जहाज पर सवार सभी 20 क्रू सदस्य सुरक्षित बताए गए हैं। हालांकि, जहाज और उसके क्रू की ताजा स्थिति का अभी इंतजार किया जा रहा था।

जहाज के क्रू में 16 भारतीय

एमटी सिबू-1 के क्रू में 16 भारतीय नागरिक हैं। इनके अलावा एक सीरियाई, एक सूडानी और एक इराकी नागरिक भी जहाज पर मौजूद था। वहीं एक अन्य नाविक की राष्ट्रीयता की अभी पुष्टि नहीं हो सकी है।

रिपोर्ट के मुताबिक, रिक्रूटमेंट एंड प्लेसमेंट सर्विस लाइसेंस (Recruitment and Placement Service Licence) एजेंसी से घटना की रिपोर्ट मांगी गई है। एजेंसी को ई-नाविक (e-Navik) ऑनलाइन मरीन कैजुअल्टी रिपोर्टिंग सिस्टम (Online Marine Casualty Reporting System) के जरिए घटना की रिपोर्ट और इसके बाद समय-समय पर अपडेट देने के लिए कहा गया है।

एसकेएस कृषिव मरीन सर्विसेज (SKS Krishiv Marine Services) के सुमित कांत सिंह ने बताया कि उनकी कंपनी ने जहाज के चार क्रू सदस्यों की भर्ती की थी। कंपनी ने इन चारों से जुड़ी जानकारी समुद्री प्रशासन निदेशालय को उपलब्ध करा दी है।

सोमालिया के पास दूसरा जहाज हाईजैक

वहीं दूसरी घटना सोमालिया के पास हुई है। सोमवार को समुद्री डाकुओं ने कैमरून के झंडे वाले कार्गो जहाज एमवी लुतुफ (M/V LUTUF) को सोमालिया के पुंटलैंड तट के पास हाईजैक कर लिया। एसोसिएटेड प्रेस (Associated Press) की ओर से उद्धृत एक सोमाली अधिकारी के मुताबिक, जहाज पर 10 सदस्यीय क्रू था, जिसमें छह भारतीय नागरिक शामिल थे।

सोमाली अधिकारी के अनुसार, जहाज को पुंटलैंड के ईयल जिले में मराया के पास तट से करीब 3।5 नॉटिकल मील दूर कब्जे में लिया गया। इसके बाद समुद्री डाकू जहाज को नुगाल तट की ओर ले गए। एमवी लुतुफ के क्रू में छह भारतीयों के अलावा एक तुर्की नागरिक, एक जॉर्जियाई नागरिक और दो सर्बियाई सुरक्षा गार्ड भी शामिल थे।

जहाज में हथियार और संचार उपकरण भी थे

अधिकारी के मुताबिक, एमवी लुतुफ का मालिकाना हक पोलर मूवमेंट शिपिंग (Polar Movement Shipping) के पास है। जहाज में हथियार लदे हुए थे, जिन्हें मोगादिशु में तुर्की की सैन्य प्रशिक्षण सुविधा तक पहुंचाया जाना था। इसके अलावा जहाज में संचार और सैटेलाइट उपकरण भी मौजूद थे।

अधिकारी ने बताया कि आठ समुद्री डाकुओं ने जहाज पर कब्जा किया। माना जा रहा है कि ये समुद्री डाकू उसी समूह के सदस्य हैं, जो अप्रैल में एमवी स्वॉर्ड (M/V Sward) के हाईजैक में भी शामिल था।

पुंटलैंड के तट की ओर ले गए समुद्री डाकू

सोमाली अधिकारी के मुताबिक, आठों समुद्री डाकू एमवी लुतुफ को पुंटलैंड के डांगोरोयो जिले में गरमाल के पास तट की ओर ले गए। हालांकि, एमवी लुतुफ, उसके क्रू और जहाज में मौजूद सामान की मौजूदा स्थिति तत्काल स्पष्ट नहीं हो सकी थी। इस घटना को लेकर तुर्की के अधिकारियों की ओर से भी तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

दो घटनाओं ने फिर बढ़ाई समुद्री डकैती की चिंता

यमन और सोमालिया के पास हुई इन दोनों घटनाओं में कुल 22 भारतीय नागरिकों की मौजूदगी ने चिंता बढ़ा दी है। दोनों मामलों में कमर्शियल जहाजों को समुद्री डाकुओं ने निशाना बनाया है। अधिकारियों के मुताबिक, इन घटनाओं से हॉर्न ऑफ अफ्रीका (Horn of Africa) के आसपास के समुद्री इलाकों में समुद्री डकैती (Piracy) के खतरे के दोबारा उभरने का संकेत मिला है।

Tags:    

Similar News