Parliament House Security Issue: 'लोकसभा में कुछ भी हो सकता था', संसद हमले की 22वीं बरसी पर हुई घटना से डरे सांसद, जानिए किसने क्या कहा

Parliament House Security Issue: लोकसभा में बुधवार को दर्शकदीर्घा से दो लोगों के कूदने की घटना ने सांसदों को डरा दिया है। कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम और सपा सांसद डिंपल यादव ने इसे लेकर बयान दिया है। दोनों ने कहा कि यह सुरक्षा में बड़ी चूक का मसला है।

Update: 2023-12-13 11:01 GMT

'लोकसभा में कुछ भी हो सकता था', संसद हमले की 22वीं बरसी पर हुई घटना से डरे सांसद, जानिए किसने क्या कहा: Photo- Social Media

Parliament House Security Issue: लोकसभा में बुधवार को उस समय दहशत फैल गई जब दर्शक दीर्घा से दो लोग कूद गए। इस घटना ने सांसदों को डरा दिया। कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम और सपा सांसद डिंपल यादव ने इस घटना को लेकर प्रतिक्रिया दी है। दोनों ने कहा कि यह सुरक्षा में बड़ी चूक का मसला है।

जानिए किस सांसद ने क्या कहा-

कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने मीडिया से बात करते हुए लोकसभा में हुए घटना पर कहा, ‘अचानक दर्शक दीर्घा से दो 20 वर्षीय लड़कों ने छलांग लगा दी। दोनों के हाथों में कनस्तर था, जिसमें पीले रंग का पाउडर था। उनमें से एक स्पीकर की तरफ बढ़ रहा था। उन लोगों ने नारेबाजी भी किए। धुंआ हानिकारक भी हो सकता था। यह संसद में सुरक्षा में हुई चूक का गंभीर मामला है। यह घटना भी 13 दिसंबर को हुई है। बता दें कि यह वही दिन है जब 2001 में संसद भवन पर आतंकी हमला किया गया था।'

कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम: Photo- Social Media

सरकार को इसे गंभीरता से लेना चाहिए-

संसद में सुरक्षा में हुई चूक पर समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने कहा, ‘जो भी संसद में आए, वे या तो दर्शक थे या पत्रकार। उनके पास टैग नहीं था। मुझे लगता है कि सरकार को इसे गंभीरता से लेना चाहिए। यह पूरी तरह से सुरक्षा में चूक है। लोकसभा के अंदर कुछ भी हो सकता था।‘

समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव: Photo- Social Media

वहीं कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने भी मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘दो युवाओं ने लोकसभा में छलांग लगा दी। उन्होंने कुछ फेंका जिससे गैस निकलने लगा। सांसदों ने उन्हें पकड़ा, बाद में सुरक्षाकर्मी उन्हें बाहर ले गए। यह एक गंभीर मामला है, क्योंकि आज 2001 में संसद भवन में हुए हमले की बरसी है।‘

शिवसेना सांसद अरविंद सावंत ने बताया कि इस घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ है। उन्होंने कहा, ‘जब उन लोगों ने छलांग लगाई तब पीछे की सभी बेंच भरी हुई थी, इसलिए वह पकड़े गए। दो मंत्री सदन के अंदर थे।‘

टीएमसी सांसद ने इस घटना को भयानक अनुभव बताया-

टीएमसी सांसद सुदीप बंधोपाध्याय ने इस घटना को भयानक अनुभव बताया है। उन्होंने कहा, किसी को भी उनके मकसद का अंदाजा नहीं था। वह ऐसा क्यों कर रहे हैं यह भी नहीं मालूम। हम सदन से तुरंत बाहर निकल गए। यह सुरक्षा में चूक है। वह सदन के भीतर धुंआ छोड़ने वाले उपकरण लेकर कैसे आ सकते हैं?

लोकसभा में हुई इस घटना के बाद अब संसद की सुरक्षा को लेकर सवाल भी खड़े हो रहे हैं। इस घटना को लेकर संसद की सुरक्षा में लगे सुरक्षाकर्मियों पर भी सवाल उठने लगे हैं। आखिर संसद की सुरक्षा में यह भारी चूक कैसे हुई यह तो जांच के बाद ही पता चल पाएगा।

Tags:    

Similar News