Wayanad Landslide: 308 मौतें, तलाशी अभियान जारी, खत्म होती उम्मीदें

Wayanad Landslide: अभी कितने लापता हैं और कितने लीग मलबे में दबे हैं, इसकी कोई गिनती या अनुमान नहीं है। क्षेत्र में हुए विनाशकारी भूस्खलन में 300 लोग अभी भी लापता हैं।

Report :  Neel Mani Lal
Update: 2024-08-03 12:52 GMT

Wayanad Landslide:

Wayanad Landslide: केरल के वायनाड में मुंडक्कई और चूरलमाला में भूस्खलन और बाढ़ से हुई त्रासदी में अब तक 308 लोगों की मौतों की पुष्टि हुई है। अभी कितने लापता हैं और कितने लीग मलबे में दबे हैं, इसकी कोई गिनती या अनुमान नहीं है। क्षेत्र में हुए विनाशकारी भूस्खलन में 300 लोग अभी भी लापता हैं। बताया जाता है कि भूस्खलन में 348 घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

फिलहाल यहां लगातार तलाशी अभियान जारी है। 1,300 से अधिक बचाव दल, भारी मशीनरी और अत्याधुनिक उपकरण बचे हुए लोगों की तलाश में तैनात किए गए हैं। तलाशी और बचाव के क्षेत्र में विशेषज्ञता रखने वाली निजी कंपनियां और स्वयंसेवक भी सेना, पुलिस और आपातकालीन यूनिट्स के नेतृत्व में तलाशी अभियान में शामिल हो गए हैं।


कठिन चुनौती

मलबे में दबे लोगों को ढूंढने के काम में काफी दिक्कतें आ रही हैं क्योंकि भूस्खलन के कारण आए बड़े-बड़े पत्थर और लकड़ियां मुंडक्कई और चूरलमाला के आवासीय क्षेत्रों में जमा हो गई हैं, जिससे मलबे के नीचे फंसे लोगों का पता लगाने के लिए बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। बचाव दल को नष्ट हो चुके घरों और इमारतों में तलाशी के दौरान जलभराव वाली मिट्टी सहित प्रतिकूल परिस्थितियों से जूझना पड़ रहा है। खोजबीन के काम में राडार और प्रशिक्षित कुत्तों को भी लगाया गया है।वायनाड, मलप्पुरम और कोझिकोड जिलों से होकर बहने वाली चालियार नदी के 40 किलोमीटर के हिस्से में भी बचाव अभियान जारी है। नदी और उसके किनारों से सौ से ज़्यादा शव और शरीर के अंग बरामद किए गए हैं।


नई टाउनशिप बनेगी

ईस बीच केरल सरकार भूस्खलन के पीड़ितों के व्यापक पुनर्वास के तहत एक नई सुरक्षित टाउनशिप बनाने की योजना बना रही है।मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कहा कि टाउनशिप के निर्माण के लिए एक नया सुरक्षित क्षेत्र चिन्हित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यहां एक बड़ी आबादी वाला क्षेत्र पूरी तरह से गायब हो गया है। नई जगह पर एक सुरक्षित नई टाउनशिप बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर चर्चा शुरू हो गई है।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने घोषणा की है कि उनकी सरकार भूस्खलन पीड़ितों के लिए 100 घर बनाएगी।।सिद्धारमैया ने सोशल मीडिया पोस्ट 'एक्स' पर कहा कि वायनाड में हुए दुखद भूस्खलन के मद्देनजर कर्नाटक केरल के साथ एकजुटता में खड़ा है।

Tags:    

Similar News