Aaj ka Mausam: दिल्ली में दो दिन सुकून, फिर बढ़ेगी तपिश, यूपी में झमाझम बारिश के आसार
Aaj ka Mausam: दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार और बुधवार को तेज हवाएं चलेंगी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।;
Aaj ka Mausam: दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार और बुधवार को तेज हवाएं चलेंगी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि, इसके बाद तापमान में बढ़ोतरी होगी और मौसम गर्म हो जाएगा।
होली के बाद से उत्तर भारत में मौसम सुहावना बना हुआ है, खासकर दिल्ली-एनसीआर में ठंडी हवाओं के कारण लोगों को राहत मिल रही है। मंगलवार को भी न्यूनतम तापमान 17 डिग्री और अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। लेकिन 20 मार्च के बाद गर्मी बढ़ेगी और 23 मार्च तक अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
यूपी में फिर होगी बारिश, कई जिलों में अलर्ट
उत्तर प्रदेश में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू होने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, 19 मार्च से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश हो सकती है। इसके साथ ही कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। 19 से 21 मार्च के बीच कई इलाकों में बादल छाए रहेंगे और तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे मौसम सुहाना बना रहेगा। इस दौरान कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
बिहार और पूर्वोत्तर में भी बदलेगा मौसम
बिहार में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे गर्मी का असर दिखने लगा है। वहीं, पूर्वी भारत में निचले क्षोभमंडल स्तरों पर हवा के दबाव में बदलाव के कारण झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में 19 से 23 मार्च के बीच गरज और बिजली के साथ बारिश होने की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। अरुणाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश और बर्फबारी हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 20 और 21 मार्च को इन राज्यों में सबसे ज्यादा प्रभाव देखने को मिलेगा।