महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव के साथ होंगे यूपी में उपचुनाव, आयोग जल्द कर सकता है तारीखों का ऐलान

Election Update : जम्मू-कश्मीर और हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होते ही महाराष्ट्र और झारखंड में चुनावी बिगुल बज जाएगा।

Report :  Anshuman Tiwari
Update:2024-10-03 21:25 IST

सांकेतिक तस्वीर (Pic - Social Media)

Election Update : जम्मू-कश्मीर और हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होते ही महाराष्ट्र और झारखंड में चुनावी बिगुल बज जाएगा। जानकार सूत्रों के मुताबिक चुनाव नतीजे की घोषणा के बाद आयोग झारखंड और महाराष्ट्र में चुनाव की तारीखों का ऐलान कर देगा। उत्तर प्रदेश में 10 सीटों पर होने वाले विधानसभा उपचुनाव भी इन दोनों राज्यों के चुनाव के साथ होने की संभावना है। जानकारों के मुताबिक चुनाव आयोग 10 अक्टूबर को चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है।

10 अक्टूबर को घोषित हो सकता है चुनाव कार्यक्रम

जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जम्मू-कश्मीर में तीन चरणों में मतदान का काम पूरा कराया गया है। इस दौरान मतदाताओं ने काफी उत्साह के साथ मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लिया है। अब हरियाणा में 5 अक्टूबर को मतदान होने वाला है। हरियाणा में मतदान का काम पूरा होने के बाद 8 अक्टूबर को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे।

जानकार सूत्रों के मुताबिक चुनाव नतीजे की घोषणा के बाद आयोग 10 अक्टूबर को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकता है जिसमें महाराष्ट्र और झारखंड में चुनाव की तारीखों का ऐलान किया जाएगा। उत्तर प्रदेश में 10 सीटों पर होने वाले उपचुनाव भी इन दोनों राज्यों के साथ ही कराए जाएंगे। माना जा रहा है कि नवंबर मध्य में चुनाव की तारीखों का ऐलान किया जा सकता है।

महाराष्ट्र में कड़ा मुकाबला होने की संभावना

महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सियासी हलचलें तेज हो गई हैं। सभी राजनीतिक दल अपनी अपनी रणनीति बनाने में जुटे हुए हैं। इसके साथ ही सीट बंटवारे के फार्मूले को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महायुति और महाविकास अघाड़ी गठबंधन के बीच कड़ा मुकाबला होने की संभावना जताई जा रही है। लोकसभा चुनाव के दौरान विपक्षी महाविकास अघाड़ी गठबंधन सत्तारूढ़ खेमे पर भारी पड़ा था।

आयोग की टीम कर चुकी है राज्य का दौरा

चुनाव आयोग की टीम पहले ही महाराष्ट्र का दौरा करके तैयारी का जायजा ले चुकी है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार की अगुवाई वाली टीम पिछले महीने महाराष्ट्र के दौरे पर पहुंची थी। चुनाव आयोग की 14 सदस्यीय टीम ने विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ चर्चा के अलावा सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियां की भी समीक्षा की थी। महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को समाप्त होने वाला है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार का कहना है कि राज्य में 26 नवंबर से पहले चुनाव कर लिए जाएंगे।

झारखंड में भी आयोग ले चुका है जायजा

इसी तरह चुनाव आयोग की टीम ने झारखंड का दौरा भी पूरा कर लिया है। चुनाव आयोग की टीम ने पिछले महीने झारखंड का दो दिवसीय दौरा किया था और इस दौरान आयोग की टीम ने पांच महत्वपूर्ण बैठकें की थीं। इन बैठकों के दौरान राजनीतिक दलों की ओर से कई मुद्दे उठाए गए थे जिनका चुनाव आयोग ने संज्ञान लिया है। राज्य में इस बार भाजपा ने हेमंत सोरेन की अगुवाई वाली सरकार को सत्ता से बेदखल करने के लिए पूरी ताकत लगा रखी है।

उपचुनाव के लिए यूपी में सियासी हलचल तेज

उत्तर प्रदेश में 10 विधानसभा सीटों पर भी इन दोनों राज्यों के साथ ही उपचुनाव कराए जाएंगे। लोकसभा चुनाव में पिछड़ने के बाद भाजपा विधानसभा उपचुनाव में अपनी ताकत दिखाना चाहती है। इसी कारण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उपचुनाव वाले इलाकों में ताबड़तोड़ दौरे किए हैं।

सपा और कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित विधानसभा उपचुनाव में अपनी ताकत दिखाने के लिए पुख्ता रणनीति बना रखी है। हालांकि सपा और कांग्रेस के बीच अभी तक सीटों का बंटवारा नहीं हो सका है। कांग्रेस की ओर से प्रदेश में 5 सीटों की डिमांड रखी गई है मगर सपा नेतृत्व कांग्रेस को इतनी ज्यादा सीटें देने के लिए तैयार नहीं है। माना जा रहा है कि दोनों पार्टी के शीर्ष नेताओं की बैठक में इस मुद्दे को सुलझाया जाएगा।

Tags:    

Similar News